11 सौ किलो फूलों की माला पहनाकर मनाया मसाणिया भैरवधाम के उपासक चम्पालाल महाराज का जन्मदिन।

#1476
11 सौ किलो फूलों की माला पहनाकर मनाया मसाणिया भैरवधाम के उपासक चम्पालाल महाराज का जन्मदिन।
—————————————
19 जून को अजमेर के निकटवर्ती राजगढ़ गांव स्थित मसाणिया भैरवधाम के उपासक चम्पालाल महाराज का जन्मदिन उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। महाराज के भक्तों ने जन्मदिन मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आम व्यक्ति से लेकर बड़े-बड़े राजनेता भी महाराज का जन्मदिन मनाने के लिए उपस्थित थे। पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया डॉ किरोड़ीलाल मीणा की पत्नी श्रीमती गोलमा देवी भी भीषण गर्मी में जयपुर से राजगढ़ तक आई। गोलमा देवी ने भी महाराज को जन्मदिन की बधाई दी। इसके साथ ही अजमेर के मेयर धर्मेन्द्र गहलोत, एडीए अध्यक्ष शिवशंकर हेड़ा, माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष विनोद माहेश्वरी, स्वामी समूह के चेयरमेन कंवल प्रकाश किशनानी, गिरधर तेजवानी आदि ने माला पहनाकर जन्मदिन की बधाई दी। विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर के प्रबंधन से जुड़े नितीन शर्मा और उनके साथियों ने 1100 किलो फूलों की विशाल माला पहनाकर महाराज के जन्मदिन के आयोजन में चार चांद लगा दिए। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश आदि राज्यों से आए भक्तों ने भी महाराज का जन्मदिन मनाया। पुष्कर की पूर्व विधायक और शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती नसीम अख्तर तो महाराज को अपना भाई मानती हैं इसलिए उनके पति इंसाफ अली ने पारिवारिक जिम्मेदारी निभाते हुए महाराज को माला के साथ-साथ शगुन का लिफाफा भी दिया। इस अवसर पर चम्पालाल महाराज ने एक विशाल केक भी काटा। महाराज का कहना रहा कि यह सम्मान मेरा नहीं बल्कि उस शक्ति का है जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का निदान होता है। मसाणिया भैरवधाम पर किसी भी प्रकार का चन्दा अथवा चढ़ावा नहीं दिया जाता है। यहां जो भी पीडि़त व्यक्ति आता है उसे राहत मिलती ही है। पिछले एक वर्ष से मसाणिया भैरवधाम पर नशीले पदार्थो का सेवन नहीं करने का संकल्प करवाया जा रहा है। इसके साथ ही कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। 19 जून को मसाणिया भैरवधाम पर दिनभर महाराज को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। प्रत्येक रविवार को लगने वाली चौकी तो मध्यरात्रि में ही बाबा के रूप में विराजमान हो गई थी।
(एस.पी. मित्तल) (19-06-2016)
(www.spmittal.in) M-09829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...