अजमेर शहर भाजपा के अध्यक्ष अरविंद यादव ने सादगी से मनाया जन्मदिन।

#1608
अजमेर शहर भाजपा के अध्यक्ष अरविंद यादव ने सादगी से मनाया जन्मदिन।
————————————–
29 जुलाई को अजमेर शहर भाजपा के अध्यक्ष अरविंद यादव ने अपना जन्म दिन सादगी के साथ मनाया। सरल स्वभाव के यादव भाजपा के तब अध्यक्ष हैं जब शहर के दोनों भाजपा विधायकों में 36 का आंकड़ा है। हालांकि दोनों विधायक वासुदेव देवनानी और अनिता भदेल राज्यमंत्री भी हैं, लेकिन इसके बावजूद भी दोनों की राजनीतिक जंग खुलेआम चल रही है। अध्यक्ष बनने के बाद यादव ने प्रयास किए कि दोनों मंत्रियों में एका हो जाए, लेकिन यादव विफल रहे। जहां तक यादव की पारिवारिक पृष्ठ भूमि का सवाल है तो उनके पिता स्व.जगन्नाथ यादव अजमेर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के झंडाबरदार रहे।
हाथी भाटा में अपनी केशव आर्ट प्रिंटिंग प्रेस के परिसर में ही यादव ने संघ की गतिविधियां संचालित करवाई। स्व. भैरों सिंह शेखावत सरीखे नेता भी संघ के इसी कार्यालय में आकर ठहरते थे। सिद्धांतवादी यादव ने कभी भी राजनीति में रुचि नहीं दिखाई। अरविंद यादव को राजनीति में अपने स्व. पिता की प्रतिष्ठा का लाभ मिला है। वैसे अरविंद यादव स्वयं भी पिछले बीस वर्षों से भाजपा की राजनीति में सक्रिय है। उपाध्यक्ष रहते हुए अनेक बार शहर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभाई है। यादव का प्रयास है कि अध्यक्ष की भूमिका को प्रभावी तरीके से निभाएं, लेकिन दोनों विधायकों में तालमेल नहीं होने की वजह से संगठन को भी मजबूती नहीं मिल रही है।
(एस.पी. मित्तल) (29-07-2016)
(www.spmittal.in) M-09829071511
www.facebook.com /spmittal.in

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...