अजमेर के शहीद स्मारक से पुराना और विशाल पीपल का पेड़ नहीं कटेगा। मेयर धर्मेन्द्र गहलोत ने की सकारात्मक पहल। मुख्यमंत्री के लिए अफसर कटवा रहे थे पेड़ को।

#1630
image
—————————————
अजमेर के स्टेशन रोड स्थित ऐतिहासिक और संरक्षित शहीद स्मारक पर लगे वर्षो पुराने विशाल पीपल के पेड़ को अब जड़ से नहीं काटा जाएगा। 4 अगस्त को मेयर धर्मेन्द्र गहलोत ने शहीद स्मारक पर हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। मेयर के आने पर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। सभी ने इस बात पर नाराजगी जताई कि मुख्यमंत्री को खुश करने के लिए प्रशासन के अधिकारी पीपल के पेड़ को कटवा रहे हैं। एक ओर सरकार पेड़ लगाने का अभियान चला रही है तो दूसरी ओर वर्षो पुराने पेड़ को काटा जा रहा है। मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों ने गहलोत को बताया कि इस पीपल के पेड़ की वजह से शहीद स्मारक का परिसर गंदा रहता है। पेड़ पर बैठने वाले हजारों पक्षी बीट करते रहते है इसलिए स्मारक पर सफाई नहीं हो पाती है। विशाल पेड़ की वजह से स्मारक की ऐतिहासिक इमारत भी दब गई है। चूंकि आगामी 15 अगस्त को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इसी स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देगी। इसलिए स्मारक को साफ-सुथरा और सुरक्षित किए जाने के लिए पेड़ काटना जरूरी है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद मेयर गहलोत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीपल के पेड़ को जड़ से न काटा जाए। इसके बजाय पेड़ की जो टहनियां इमारत पर आ रही हैं उन्हें ही काटा जाए। मेयर ने कहा कि यदि किसी पेड़ पर पक्षी आते हैं तो यह पर्यावरण की दृष्टि से अच्छा है। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक पर मुख्यमंत्री के अनुकूल व्यवस्थाएं भी हो और पेड़ भी न काटा जाए। आवश्यकता हुई तो वे स्वयं मुख्यमंत्री से बात कर लेेंगे। मेयर के इस निर्णय का आसपास के नागरिकों के साथ-साथ पर्यावरणविदों ने भी स्वागत किया।
(एस.पी. मित्तल) (04-08-2016)
नोट- फोटोज मेरी वेबसाइट spmittal.in फेसबुक अकाउंट पर देखें।
(www.spmittal.in) M-09829071511
www.facebook.com /spmittal.in

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...