संघ ने जाना भाजपा से राजस्थान में अपना एजेंडा। 10 जनवरी को सीएम वसुंधरा राजे बताएंगी सरकार की योजनाएं।

#2130
img_7206 img_7204 img_7205
=======================
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तीन दिवसीय चिंतन शिविर में 9 जनवरी को दूसरे दिन राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने संगठन की विस्तृत रिपोर्ट संघ के बड़े पदाधिकारियों के सामने प्रस्तुत की। संघ का यह शिविर अजमेर में पुष्कर रोड स्थित संघ के आदर्श विद्या विद्यालय में चल रहा है। इस शिविर का मकसद राजस्थान में भाजपा और सरकार की गतिविधियों का आंकलन करना है। यही वजह है कि शिविर के अंतिम दिन 10 जनवरी को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे स्वयं उपस्थित होकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगी। शिविर की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि संघ में सर संघचालक के बाद दूसरे नंबर पर माने जाने वाले भैया जी जोशी उपस्थित हैं। इसके साथ ही राजस्थान में संघ परिवार से जुड़े संगठनों के वरिष्ठ प्रचारक भी हैं। संघ और सरकार के बीच समन्वय का काम देख रहे प्रचारक दुर्गादास, हनुमान सिंह आदि भी शिविर में उपस्थित है। संघ ने इस चिंतन शिविर में भाजपा की ओर से सीएम वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश प्रभारी वी सतीश और गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया को आमंत्रित किया है।
पहले ली प्रचारकों से जानकारी
संघ के शीर्ष पदाधिकारियों ने 8 जनवरी को राजस्थान में विभिन्न संगठनों का काम देख रहे प्रचारकों से यह जाना कि भाजपा संगठन और सरकार किस तरह से काम कर रहे हैं। ऐसी जानकारी राजनीति, सामाजिक, कृषि, श्रमिक, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, धर्मान्तरण, आदिवासी विकास आदि से जुड़े प्रचारकों से ले ली गई। इसी जानकारी के आधार पर 9 जनवरी को संघ के पदाधिकारियों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष परनामी से यह जानना चाहा कि भाजपा की क्या भूमिका रही। संघ के चिंतन शिविर में परनामी पूरी तरह तैयार होकर आए थे। परनामी ने एक-एक क्षेत्र के बारे में भाजपा की ओर से जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार परनामी सरकार की योजनाओं की भी जानकारी देने लगे तो संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वे सिर्फ भाजपा की ही जानकारी दें। संघ पदाधिकारियों का ईशारा था कि सरकार की जानकारी मुख्यमंत्री स्वयं देंगी। हालांकि भाजपा के कामकाज पर संघ की नाराजगी की तो खबर नहीं है, लेकिन संघ के पदाधिकारियों ने इस बात के संकेत दिए हैं कि निजीकरण के क्षेत्र में क्या-क्या सुधार किया जाए। आदिवासी कल्याण और धर्मान्तरण के मुद्दों पर भी संघ की ओर से अनेक सुझाव दिए गए। संघ का यह भी मानना रहा कि राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सुधार होने चाहिए।
सीएम भी करेंगी रिपोर्ट पेश:
संघ के चिंतन शिविर में 10 जनवरी को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रिपोर्ट पेश करेंगी। सीएम प्रात: 10 बजे अजमेर आएंगी। असल में संघ यह जानना चाहता है कि राजस्थान में संघ के एजेंडे के अनुरूप सत्ता और संगठन ने कितना काम किया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री राजे भी विभिन्न क्षेत्रों में चलाई जा रही है। सरकार की योजना के बारे में जानकारी देंगी। राजे का ज्यादा जोर उनकी महत्त्वाकांक्षी भामाशाह योजना पर होगा। राजे यह बतएंगी कि किस प्रकार परिवार की मुखिया महिला को बनाया गया है और किस प्रकार से भामाशाह का कार्ड बहुउद्देशीय है। इसी प्रकार जलस्वावलंबन अभियान की जानकारी भी दी जाएगी।
चुनाव की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण:
संघ का तीन दिवसीय चिंतन शिविर दो वर्ष बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। चूंकि भाजपा भी संघ परिवार का सदस्य है, इसलिए उससे बनी सरकार पर निगरानी का दायित्व भी संघ का है। माना जा रहा है कि संघ ने पहली बार किसी राज्य में ऐसा शिविर लगाया है। अब तक राष्ट्रीय स्तर पर ही भाजपा के काम काज की समीक्षा होती रही है। सूत्रों की माने तो संघ अपने परिवार के सभी संगठनों की इमेज को लेकर गंभीर है। संघ यह चाहता है कि उसका संगठन संघ की नीति के अनुरूपही काम करें। हालांकि संघ का भाजपा की किसी भी सरकार में दखल नहीं होता, लेकिन संघ यह चाहता है कि उसकी नीतियों की क्रियांन्विति जरूर होनी चाहिए।
ऋतम्भरा ने की जोशी से मुलाकात:
तेज तर्रार साध्वी ऋतम्भरा ने 9 जनवरी को यहां संघ के चिंतन शिविर में भैय्या जी जोशी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि ऋतम्भरा इस मुलाकात के लिए खास तौर से वृंदावन से अजमेर आईं थीं। ऋतम्भरा को संघ की ओर से कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद हैं। इस संबंध में जब ऋतम्भरा से सवाल किया गया तो उसने कहा कि मेरा अस्तित्व ही संघ के पीछे है। संघ के बिना मैं कुछ भी नहीं हूं।
(एस.पी.मित्तल) (09-01-17)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
M: 07976-58-5247, 09462-20-0121 (सिर्फ वाट्सअप के लिए)
====================================

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...