ऊंट गाड़ी ने बचाई अजमेर में कांग्रेसियों की लाज।
तेल के बढ़ते दामों के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन।

====

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में 23 मई को कांग्रेसियों ने अजमेर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। शहर और देहात कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला जलाया गया। देहात अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़ का कहना रहा कि इस समय जब किसानों को डीजल की ज्यादा आवश्यकता है, तब डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे आम ग्रामीण बेहद परेशान हैं। शहर अध्यक्ष विजय जैन का कहना रहा कि तेल के दामों के बढ़ने से आम वयक्ति परेशान हो गया है। आज हर किसी के पास दुपहिया वाहन है ऐसे में उसके घर का बजट बिगड़ गया है। सबसे महत्वपूर्ण बात तो ये है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आम आदमी के विरोध की कोई चिंता नहीं कर रहे हैं। प्रदर्शन में पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहेती, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, इंसाफ अली, प्रताव यादव, ब्रह्मदेव कुमावत, अजीत चौहान, सुरेश राठौड़, गिरधर तेजवानी, ब्यावर ब्लॉक के अध्यक्ष अजय शर्मा, पीसांगन के सुरेश आबड़, किशनगढ के रमेश जाजू, पुष्कर की मंजु कुर्डिया, सरवाड़ के प्रधान धाकड़, भिनाय के विजय धाबाई, मसूदा के इकबाल मंसूरी, जवाज ब्लॉक के विरेन्द्र सिंह पंवार के साथ-साथ कमल शर्मा, सुमित मित्तल आदि ने भी भाग लिया।
ऊंट गाड़ी ने बचाई लाजः
प्रतिकात्मक विरोध करने के लिए शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से बैलगाड़ी के माध्यम से प्रदर्शन की योजना बनाई गई थी, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को ऐनमौके तक बैलगाड़ी उपलब्ध नहीं हुई। असल में अब शहरों में बैलगाड़ी का चलन ही बंद हो गया है। ऐसे में कार्यकर्ताओं ने एक लुहार से बैलगाड़ी किराये पर लेने की बात की थी, लेकिन ऐनमौके पर लुहार का बैल भी इधर-उधर चला गया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मोटर साइकिल पर बैठ कर लुहार ने बैल की तलाश भी की, लेकिन बैल नहीं मिला, फलस्वरूप प्रदर्शन में बैलगाड़ी प्रदर्शित नहीं की जा सकती। इस स्थिति को देखते हुए देहात अध्यक्ष राठौड़ ने पुष्कर से ऊंट गाड़ी का इंतजाम करवा लिया। यह ऊंट गाड़ी पुष्कर में विदेशी पर्यटकों को घुमाने के काम आती है। इस ऊंट गाड़ी पर सवार होकर ही देहात और शहर कांग्रेस के अध्यक्ष डाक बंगले से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। हालाकि डाक बंगला और कलेक्ट्रेट आमने-सामने ही हैं। लेकिन फिर भी थोड़ी दूर पैदल चलकर कांग्रेसियों ने विरोध जताया। ऊंट गाड़ी पर मोटर साइकिल रखी हुई थी जिस पर देहात अध्यक्ष बैठे।

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...