बिजली चोरी करवाने वाले को पकड़ कर टाटा पावर कंपनी अपनी जिम्मेदारी से कैसे बच सकती है?

बिजली चोरी करवाने वाले को पकड़ कर टाटा पावर कंपनी अपनी जिम्मेदारी से कैसे बच सकती है? डिस्काॅम कब करेगा कार्यवाही।
=====
अजमेर शहर की बिजली वितरण व्यवस्था संभाल रही टाटा पावर कंपनी की गड़बड़ियों के मामले प्रतिदिन सामने आ रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद भी अजमेर विद्युत वितरण निगम (डिस्काॅम) के अधिकारी चुप हैं। ताजा मामला विद्युत चोरी को बढ़ावा देने वाला है। टाटा पावर कंपनी से जुडे़ राजेश कुमार नामक एक कर्मचारी को इसलिए पकड़ा गया कि वह बिजली चोरी को बढ़ावा दे रहा था। मामला उजागर होने के बाद टाटा पावर कंपनी पर डिस्काॅम को कार्यवाही करनी चाहिए, लेकिन टाटा पावर के कार्पोरेट हैड आलोक श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपी राजेश कुमार हमारी कपंनी का कर्मचारी नहीं है। उन्होंने बताया कि कंपनी मीटर रीडिंग का कार्य सत्यम एंटरप्राइजेज को देरखा है। राजेश किसी संस्था का कर्मचारी है। सवाल उठता है कि सत्यम एंटरप्राइजेज  का चयन किसने किया? क्या ठेके पर कर्मचारी रखकर टाटा पावर अपनी जिम्मेदारी से बच सकती है? टाटा पावर ने तो अधिकांश कार्य ठेके पर पर ही दे रखे हैं तो क्या टाटा पावर की कोई जिम्मेदारी नहीं है? शहरभर के उपभोक्ता मीटर रीडिंग से परेशान है। बिना रीडिंग के ही औसत बिल भेज कर उपभोक्ताओं को लूटा जा रहा है। टाटा पावर में सुनने वाला कोई नहीं है। जाहिर है कि टाटा पावर के अधिकारियों की ठेकेदार फर्म से मिली भगत है। जब कोई जिम्मेदारी आती है तो टाटा पावर बच निकलती है। बेईमानी कोई भी ठेकाकर्मी करे, लेकिन जिम्मेदारी तो टाटा पावर की ही है। अब टाटा पावर से जुडे कर्मचारियों की बेईमान और लूट खसोट लगातार सामने आ रही है तो डिस्काॅम के अफसर भी टाटा पावर को ही संरक्षण देेते आए हैं। पूर्व में डिमांड नोट के नाम पर भी उपभोक्ताओं को लूटा गया, पर डिस्काॅम ने कोई कार्यवाही नहीं की। शहर की विद्युत सप्लाई भी बिगड़ी हुई है। टाटा पावर का यह रवैया चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी को भारी नुकसान पहुंचाएगा।
सत्यम को ब्लैक लिस्टेड क्यों नहीं किया जाताः
सत्यम एंटरप्राइजेज के कर्मचारी राजेश कुमार की बेईमानी पकड़ टाटा पावर खुद को ईमानदार घोषित कर रही है। यदि सत्यम की बेईमानी टाटा पावर के अधिकारियों की भागीदारी नहीं है तो फिर सत्यम एंटरप्राइजेज को ब्लैक लिस्टेड क्यों नहीं किया जाता है? क्या टाटा पावर ठेके के बेईमान कर्मचारियों को रखने में इच्छुक हैं?
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...