अजमेर के कलेक्टर रहे गौरव गोयल अब कोटा में बना रहे है योग का वल्र्ड रिकाॅर्ड। 

अजमेर के कलेक्टर रहे गौरव गोयल अब कोटा में बना रहे है योग का वल्र्ड रिकाॅर्ड। 
21 जून को दो लाख लोग करेंगे बाबा रामदेव और सीएम राजे के साथ योग। 
======
अजमेर के कलेक्टर के पद से हाल ही में स्थानांतरित होकर कोटा के कलेक्टर बने गौरव गोयल अब कोटा में योग का विश्व रिकाॅर्ड बनाने जा रहे हैं। इस बार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय समारोह कोटा में होना है। इसमें योग गुरु बाबा रामदेव और राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे खासतौर से उपस्थित रहेंगी। कलेक्टर गोयल ने इस कार्यक्रम को चुनौती के तौर पर स्वीकार किया है। गोयल ने बताया कि कोई दो लाख लोग कोटा के आरसीए मैदान में 21 जून की सुबह उपस्थित रहेंगे। रिकाॅर्ड दर्ज करने वाली संस्था गिनीज बुक आॅफ वल्र्ड रिकाॅर्ड के बड़े अधिकारी लंदन से कोटा पहुंच चुके हैं। इन अधिकारियों की देख रेख में कोई 4 हजार लोगों को पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया जा रहा है। विभिन्न कैमरों की मदद से मैदान में उपस्थित सभी लोगों पर नजर रखी जाएगी। गोयल ने बताया कि मैदान में आने वाले सभी लोगों को बार कोड आवंटित होगा। जो व्यक्ति लगातार तीस मिनट तक योग करेगा उसे ही रिकाॅर्ड में शामिल किया जाएगा। अब तक 55 हजार लोगों के एक साथ योग करने का रिकाॅर्ड दर्ज है। यह रिकाॅर्ड मैसूर का है, लेकिन इसके बाद पूरी दुनिया में कोटा में यह पहला अवसर होगा जब करीब दो लाख लोग एक साथ योग करेंगे। उन्होंने बताया कि आरसीए मैदान पर 17 जून को भी योग का अभ्यास किया गया। इस अभ्यास में स्वयं उन्होंने भी भाग लिया। लोगों के उत्साह को देखते हुए उम्मीद है कि कोटा में योग का वल्र्ड रिकाॅर्ड बन जाएगा। कोटा के लोग 21 जून को उत्सव के तौर पर मना रहे हैं। उम्मीद है कि प्रत्येक परिवार के सदस्य 21 जून को आरसीए मैदान पर उपस्थित रहेंगे। योग के लिए गिनीज बुक आफॅ वल्र्ड रिकाॅर्ड संस्था ने मापदंड निर्धारित कर रखे हैं उसी के अनुरूप लोगों को तीस मिनट तक लगातार योग करना होगा। जो व्यक्ति इन मापदंडों पर खरा नहीं उतरेगा उसे रिकाॅर्ड की संख्या में शामिल नहीं किया जाएगा।
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...