अजमेर में देवनानी के गढ़ में घनश्याम तिवाड़ी की दस्तक।

अजमेर में देवनानी के गढ़ में घनश्याम तिवाड़ी की दस्तक।
भाजपा सरकार पर भी हमला।
=====
प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी के निर्वाचन क्षेत्र अजमेर उत्तर में 28 अगस्त को भारत वाहिनी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी ने जोरदार दस्तक दी। तिवाड़ी भाजपा के पिछले शासन में शिक्षामंत्री थे और देवनानी राज्यमंत्री। तब भी देवनानी और तिवाड़ी में छत्तीस का आंकड़ा रहा, लेकिन अब तिवाड़ी ने भाजपा से अलग होकर अपना नया राजनीतिक दल बना लिया है। 28 अगस्त को अजमेर प्रवास पर रहे तिवाड़ी का सारा जोर देवनानी के उत्तर क्षेत्र पर ही रहा। हालांकि तिवाड़ी के स्वागत के लिए भाजपा का तो कोई नेता आगे नहीं आया, लेकिन ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में जुटे। देवनानी की नीतियों से दुःखी छोटे प्राइवेट स्कूलों के मालिकों ने भी तिवाड़ी कें प्रति जन समार्थन जताया। तिवाड़ी के स्वागत सत्कार की कमान पंडित सुदामा शर्मा, कैलाश चंद शर्मा, कपिल व्यास, अशोक कश्यप आदि ने संभाल रखी थी। तिवाड़ी को घूघरा घाटी से बाहर रैली के साथ इंडोर स्टेडियम तक लाया गया। 28 अगस्त को जिस तरह तिवाड़ी के प्रति उत्साह देखा गया उससे प्रतीत होता है कि नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारत वाहिनी पार्टी का उम्मीदवार भी भाजपा उम्मीदवार को चुनौती देगा। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि देवनानी लगातार चैथी बार अजमेर उत्तर से भाजपा के उम्मीद होंगे, लेकिन यदि देवनानी उम्मीदवार बनते हैं तो तिवाड़ी की पार्टी का उम्मीदवार वोटों का गणित बिगाड़ सकता है। देवनानी द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति की गई प्रतिकूल टिप्पणी का मुद्दा भी चुनाव में उठेगा। गत वर्ष ब्राह्मण समाज के जिन लोगों ने देवनानी के खिलाफ आंदोलन चलाया था वो ही तिवाड़ी के स्वागत में आगे नजर आए। तिवाड़ी के दौरे ने अजमेर की राजनीति खास कर भाजपा की राजनीति में गर्माहट उत्पन्न कर दी है।
सरकार पर हमलाः
तिवाड़ी ने अपने अजमेर प्रवास के दौरान राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। तिवाड़ी ने कहा कि जहां भ्रष्टाचार चरम पर है, वहीं आम लोगों की मुसीबत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। विपक्ष में रहते हुए दोनों एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं, लेकिन जब सत्ता में आते हैं तो कोई कार्यवाही नहीं करते। उन्होंने कहा कि राजस्थान में तीसरे मोर्चे की संभावना बढ़ी है। हम अब ऐसी सरकार बनवाएंगे जो साफ सुथरी होगी। तिवाड़ी ने प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को घमंडी बताते हुए कहा कि जनता ने राज बदलने का मन बना लिया है। मैंने भाजपा विधायक की हैसियत से कई बार राष्ट्रीय नेतृत्व का ध्यान आकर्षित किया है, लेकिन राष्ट्रीय नेतृत्व ने सरकार की मनमर्जी पर कोई अंकुश नहीं लगाया। तिवाड़ी ने कहा कि नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारत वाहिनी पार्टी अधिकांश सीटों पर उम्मीदवार खड़े करेगी। तिवाड़ी ने अपनी पार्टी के संगठन की भी जानकारी दी।
एस.पी.मित्तल) (28-08-18)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
अपने वाट्सएप ग्रुप को 7976585247 नम्बर से जोड़े
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...