चुनाव के मौके पर झगड़ा कांग्रेस में नहीं, भाजपा में है।

चुनाव के मौके पर झगड़ा कांग्रेस में नहीं, भाजपा में है।
सीएम तो आज भी परनामी को ही प्रदेशाध्यक्ष मानती हैं।
कांग्रेस में इस बार जल्द होगी उम्मीदवारों की घोषणा-विवेक बंसल।
======
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और राजस्थान के सहप्रभारी विवेक बंसल 9 सितम्बर को अजमेर प्रवास पर रहे। इसी दौरान बंसल से मेरा सीधा संवाद हुआ। बंसल ने नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव तथा प्रदेश व देश की राजनीति पर खुलकर अपने विचार रखे। बंसल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में मुख्यमंत्री को लेकर कोई विवाद नहीं है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने कई बार स्पष्ट कर दिया है कि सामूहिक नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। यही वजह है कि संभाग स्तरीय रैली में प्रदेश के सभी प्रमुख नेता उपस्थित रहते हैं। सामूहिक  नेतृत्व की वजह से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है। बसंल ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया का कार्य लगातार जारी है। सभी चैनल सक्रिय हैं और बड़े नेताओं की नजर में हैं। ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया जाएगा जो जिताऊ होने के साथ-साथ सर्वमान्य होगा। इस बार उम्मीदवारों की घोषणा जल्दी होगी, ताकि चुनाव प्रचार अच्छी तरह किया जा सके। भाजपा के 200 में से 180 सीटों के लक्ष्य के संबंध में बंसल ने कहा कि इसे राजनीति का मजाक ही कहा जाएगा। जो भाजपा सत्ता में होते हुए भी उपचुनाव में सभी 17 विधानसभा में हार गई वो 180 सीट जीतने का दावा कर रही है। असल में भाजपा के नेता सत्ता में मदहोश है, उन्हें जमीनी हकीकत का पता नहीं है। भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए भी सरकारी साधनों से लोगों को जुटा रही है, जबकि कांग्रेस की रैली में स्वैच्छा से लोग आ रहे हैं।
झगड़ा तो अब भाजपा में ही हो रहा है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने जिस मदन लाल सैनी को प्रदेशाध्यक्ष बनाया है उसे राजस्थान में हाशिए पर रखा गया है। सीएम राजे अपनी गौरव यात्रा में पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी को ही साथ रखती हैं। जैसे जैसे चुनाव नजदीक आएंगे वैसे वैसे भाजपा के नेताओं में झगड़ा और बढ़ेगा। वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार से आम आदमी त्रस्त हैं, इसलिए उनकी गौरव यात्रा का विरोध हो रहा है। बंसल ने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट की रोक के बाद भी गौरव यात्रा में सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। सीएम को यह बताना चाहिए कि बाड़मेर में लगने वाली रिफाइनरी में विलम्ब क्यों किया? यदि चार वर्ष पहले काम शुरू हो जाता तो अब तक प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिल जाता। आज किसान आत्महत्या कर रहा है और सीएम अपनी गौरव गाथा सुना रही है। यदि काम किया है तो गिनाने की जरुरत नहीं है। जनता सब समझती है। भाजपा के नेताओं को भी पता है कि राजस्थान की जनता ने राज बदलने का मन बना लिया है। आज तेल उत्पादों की बढ़ती कीमतों से आम लोगों का जीना दूभर हो गया है। देश का मीडिया सरकार की आलोचना कर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुप हैं। बैंकों का एनपीए लगातार बढ़ रहा है तथा महंगाई चरम पर है। सरकार की नीतियों से देश में साम्प्रदायिकता बढ़ रही है। लेकिन देश में धर्म के नाम पर विवाद खड़ा किया जा रहा है। केन्द्र सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है। आज एक डाॅलर की कीमत 71 रुपए के पार हो गई है। क्या अब विदेशों में देश की इज्जत नहीं गिर रही?
परबतसर रैली का जायजाः
बंसल 9 सितम्बर को अजमेर में पाल बीसला स्थित गढ़वाल पैलेस में कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारियों से संवाद कर 12 सितम्बर को नागौर जिले के परबतसर में होने वाली संभाग स्तरीय रैली की तैयारियों का जायजा भी लिया। बैठक में शामिल शहर और देहात कांग्रेस कमेटियों के  पदाधिकारियों, पूर्व विधायकों, ब्लाॅग अध्यक्षों आदि से बंसल ने यह जाना कि 12 सितम्बर की रैली में कितने कार्यकर्ता भाग लेंगे। वाहनों की संख्या भी दर्ज की गई। बैठक में सांसद रघु शर्मा, देहात अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड, शहर अध्यक्ष विजय जैन आदि उपस्थित रहे।
एस.पी.मित्तल) (09-09-18)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
अपने वाट्सएप ग्रुप को 7976585247 नम्बर से जोड़े
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...