दरगाह में राहुल गांधी का इस्तकबाल करने की होड़ लगी।

दरगाह में राहुल गांधी का इस्तकबाल करने की होड़ लगी।
खादिम गनी गुर्देजी ने की प्रधानमंत्री बनने की दुआ।
पुष्कर में भगवा साफा बंधवाया।
======
26 नवम्बर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अजमेर स्थित ख्वाजा साहब की दरगाह में जियारत की तो वहीं पुष्कर ती र्थ में पवित्र सरोवर की पूजा अर्चना भी की। दरगाह में राहुल गांधी का इस्तकबाल करने की जहां होड़ मच गई, पुष्कर की यात्रा सामान्य रही। दरगाह के अंदर राहुल गांधी को पवित्र मजार पर सूफी परंपरा के अनुरूप जियारत करवाई गई। पारिवारिक खादिम सैय्यद अब्दुल गनी गुर्देजी और उनके पुत्र यासिर व जकरिया ने जियारत की रस्म को पूरा करवाया। राहुल के सिर पर मखमली और फूलों की चादर रख कर मजार शरीफ तक ले जाया गया। यहां खादिम गनी गुर्देजी ने राहुल के प्रधानमंत्री बनने की दुआ की और उनके गले में हरे रंग का कपड़ा डालते हुए कहा कि आप ख्वाजा साहब के करम से देश के वजीरेआजम बनेंगे। राहुल ने बिना कुछ बोले सिर्फ मुस्कुराए। इस मौके पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट सांसद रघु शर्मा, उत्तर क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्र सिंह रलावता आदि भी थे। इस अवसर पर खादिम गुर्देजी ने राहुल गांधी को उनकी माताजी, पिताजी और दादी आदि के दरगाह आने के फोटो भी भेंट किए। दरगाह के खादिमों की संस्था अंजुमन सैय्यद जादगान के अध्यक्ष मोइन सरकार और अंजुमन शेखजादगान के अध्यक्ष अब्दुल जर्रार चिश्ती ने भी राहुल गांधी की दस्तारबंदी की। इसी प्रकार दरगाह कमेटी के नाजिम शकील अहमद, सहायक नाजिम मोहम्मद आदिल ने भी राहुल का इस्तकबाल किया। दरगाह के मुख्य दरवाजे पर दरगाह दीवान सैय्यद जैनुल आबेदी के पुत्र सैय्यद नसीरुद्दीन चिश्ती ने राहुल गांधी की दस्तारबंदी की। राहुल गांधी के आगमन पर सम्पूर्ण दरगाह परिसर को तो खाली नहीं करवाया गया, लेकिन राहुल गांधी को भीड़ से बचाने के लिए सुरक्षित कोरिडोर बनाया गया। दरगाह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। मीडिया वाले आवाज लगाते रहे, लेकिन राहुल ने एक शब्द भी नहीं कहा।
78 में कराई थी इंदिरा जी को जियारतः
गांधी परिवार के पारिवारिक खादिम गनी गुर्देजी ने कहा कि 1978 में जब कांग्रेस की बुरी तरह हार हो गई थी और केन्द्र में मोरारजी देसाई के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार थी, तब पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी दरगाह में जियारत के लिए आई। तब किसी ने भी इंदिराजी को जियारत करवाने की हिम्मत नहीं दिखाई, तब मैंने इंदिरा जी को दरगाह की परंपराओं के अनुरूप जियारत करवाई। तब से आज तक मैं ही गांधी परिवार के सदस्यों को जियारत करवाता आ रहा हंू। गांधी परिवार की जियारत से जुड़ी और अधिक जानकारी मोबाइल नम्बर 982971897 पर गुर्देजी से ली जा सकती है।
पुष्कर में पूजा अर्चनाः
राहुल गांधी ने हिन्दुओं के तीर्थ स्थल पुष्कर में पवित्र सरोवर के ब्रह्म घाट पर पूजा अर्चना की। गांधी परिवार के पुरोहित दीनानाथ  कौल और राजनाथ कौल ने पूजा की रस्म करवाई। राहुल ने सरोवर पर दुग्धाभिषेक किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अरुण पाराशर ने राहुल गांधी को एक एल्बम भेंट किया इसमें राहुल के परिवार के सदस्यों के पुष्कर आने के फोटो थे। पाराशर ने राहुल को पुष्कर के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। राहुल ने ब्रह्मा मंदिर के दर्शन भी किए। यहां मंदिर के पुजारी प्रज्ञानपुरी ने भगवा रंग का साफा बांधा।
कांग्रेसियों ने किया स्वागतः
राहुल गांधी दिल्ली से विशेष विमान से किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे और हेलीकाॅप्टर से अजमेर के मेयो काॅलेज मैदान पर बने अस्थाई हेलीपैड पर उतरे। हेलीपैड पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय जैन, उत्तर क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र सिंह रलावता, दक्षिण क्षेत्र के हेमंत भाटी, पूर्व विधायक डाॅ. श्रीगोपाल बाहेती, डाॅ. राजकुमार जयपाल, पूर्व मेयर कमल बाकोलिया आदि ने स्वागत किया। इसी प्रकार किशनगढ़ एयरपोर्ट पर सांसद रघु शर्मा, देहात अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड आदि ने राहुल का स्वागत किया।
एस.पी.मित्तल) (26-11-18)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
=========
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...