भाजपा में नेता बनने की होड़ मची हुई है, इसलिए कर्ज माफी को लेकर विधानसभा में हंगामा कर रहे हैं विधायक-सीएम गहलोत।

भाजपा में नेता बनने की होड़ मची हुई है, इसलिए कर्ज माफी को लेकर विधानसभा में हंगामा कर रहे हैं विधायक-सीएम गहलोत। भाजपा विधायक सुरेश रावत हल लेकर पहुंचे।
======
18 जनवरी को राजस्थान विधानसभा में किसानों की कर्ज माफी को लेकर दिन भर हंगामा होता रहा। विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को कई बार सदन स्थगित करना पड़ा। भाजपा के विधायकों ने आरोप लगाया कि वायदा कर कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव तो जीत लिया, लेकिन अब किसानों की कर्ज माफी नहीं की जा रही है। सीएम अशोक गहलोत ने जो दो लाख रुपए तक के कर्जे माफ करने की घोषणा की है, वह लगड़ी घोषणा है। सरकार को सबसे पहले किसानों के कर्ज माफ करने चाहिए। सरकार ने अभी तक भी कर्ज माफी की प्रक्रिया की घोषणा नहीं की है। हंगामे की वजह से सदन के नेता और सीएम गहलोत विधानसभा में तो अपनी बात नहीं रख पाए, लेकिन विधानसभा के बाहर मीडिया से संवाद करते हुए गहलोत ने कहा कि भाजपा में नेता बनने की होड़ मची हुई है इसलिए विधानसभा में कर्ज माफी का मुद्दा उठाया जा रहा है।  प्रदेश की जनता भाजपा की इस नौटंकी को अच्छी तरह समझती है। भाजपा अभी भी अपनी हार को स्वीकार नहीं कर रही है। पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने पांच दिनों तक अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर नौटंकी की और अब सदन को चलने नहीं दिया जा रहा है। उन् होंने कहा कि हमारा फैसला लगड़ा नहीं है, बल्कि भाजपा की सोच लगड़ी है। भाजपा ने अपने शासन में पचास हजार रुपए तक का जो कर्जा माफ किया था, उसमें से भी अभी चार हजार करोड़ रुपए का भुगतान कांग्रेस सरकार को करना है। असल  में धोखाधड़ी तो भाजपा ने किसानों के साथ की थी। गहलोत ने कहा कि मैंने कर्ज माफी के स्पष्ट आदेश जारी किए हैं। हम सभी बैंकों से कर्जदार किसानों की सूचियां मंगवा रहे हैं। इस प्रक्रिया में समय तो लगता ही है। उन्होंने कहा कि वायदे के मुताबिक किसानों के दो लाख रुपए तक के कर्जे माफ किए जाएंगे। गहलोत ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकारें किसानों के कर्जे माफ कर रही है तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी देश भर के किसानों के कर्जे माफ करने चाहिए।
हल लेकर पहुंचे विधायक रावत:
पुष्कर के भाजपा विधायक सुरेश सिंह रावत 18 जनवरी को विधानसभा में अपने कंधे पर हल लेकर पहुंच गए। रावत ने जो बनियान पहन रखी थी उस पर भी कर्ज माफी की मांग थी। रावत ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस सरकार को वायदे के अनुरूप किसानों की कर्ज माफी करनी चाहिए। उनके विधानसभा क्षेत्र और पूरे प्रदेश में किसानों की हालत खराब है। कर्ज माफी नहीं कर सरकार किसानों के साथ धोखाधड़ी कर रही है। हालांकि विधानसभा में हल लेकर आने पर अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी ऐतराज किया। लेकिन विधायक रावत का कहना रहा कि वे सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। हल लेकर आने पर विधानसभा में विधायक रावत की दिन भर चर्चा रही।
एस.पी.मित्तल) (18-01-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
============
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...