कुछ भी करो मोदी और भाजपा को हराओ।

कुछ भी करो मोदी और भाजपा को हराओ।
ममता की रैली का निष्कर्ष अरविंद केजरीवाल ने निकाला।
गठबंधन मेरे नहीं देश की जनता के खिलाफ है-मोदी।
========
यूं तो 19 जनवरी को कोलकाता में विपक्ष के महागठबंधन के सभी नेताओं ने अपने अपने विचार रखे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा की नीतियों की जमकर आलोचना की। लेकिन इस रैली का सभी मायने में निष्कर्ष दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने निकाला। केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ भी करो पर नरेन्द्र मोदी और भाजपा को लोकसभा के चुनाव में हराओ। केजरीवाल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी ने देश को बर्बाद कर दिया है। यदि देश को बचाना है तो मोदी शाह की जोड़ी को भगाना होगा। उन्होंने रैली के आयोजन के लिए पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को बधाई  देते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों का एक ही उद्देश्य होना चाहिए कि देश से भाजपा का सफाया हो। चाहे कोई किसी भी विचारधारा का हो, लेकिन उसे लोकसभा के चुनाव में भाजपा के खिलाफ खड़ा होना चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के शासन में दलितों और मुसलमानों पर अत्याचार हुए हैं। देश में भय और आतंक का वातावरण है। संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट किया जा रहा है। रैली में यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार यूपी से भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी, सपा और बसपा ने गठबंधन कर लिया है। यह चुनाव देश को बचाने के लिए है। अखिलेश और केजरीवाल के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि केन्द्र सरकार दिल्ली में केजरीवाल को सरकार चलाने नहीं  दे रही है। इसलिए उनके मन में केन्द्र सरकार के प्रति गुस्सा है। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव यूपी में भाजपा को जीरो सीट का आह्वान कर रहे हैं तो मैं भी भरोसा दिलाती हंू कि पश्चिम बंगाल में भी भाजपा को कोई सीट नहीं मिलेगी।
देश की जनता के खिलाफ गठबंधन-मोदी:
19 जनवरी को जब कोलकाता में विपक्ष का महागठबंधन मोदी को कोस रहा था, तभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दादरा नागर हवेली के सिलवासा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने ममता बनर्जी की रैली को लेकर कहा कि यह महागठबंधन मेरे नहीं बल्कि देश की जनता के खिलाफ है। यह गठबंधन विकास और भ्रष्टाचार को लेकर है। जो लोग अब तक भ्रष्टाचार कर रहे थे, उन्हें अब मौका नहीं मिल रहा है इसलिए हर कीमत पर मुझे हटाना चाहते हैं। लेकिन देश की जनता मेरे साथ है। केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद करीब बीस राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार बनी है। महागठबंधन में शामिल नेता जनता के मूड को समझ नहीं रहे हैं। मैंने पूरी निष्ठा और देश भक्ति के साथ प्रधानमंत्री पद का निर्वाह किया है। मैंने उच्च स्तर पर फैले भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म किया है। देश की एकता और अखंडता के लिए जो कुछ भी संभव हो सकता है वो मैंने किया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि लोकसभा के चुनाव में एक बार फिर देश की जनता भाजपा की जीत दर्ज करवाएगी।
एस.पी.मित्तल) (19-01-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
============
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...