विधानसभा चुनाव से पहले अजमेर में जिस विश्रामस्थली पर पीएम मोदी ने सभा की, अब उसी स्थान पर राहुल गांधी भी रैली करेंगे।

विधानसभा चुनाव से पहले अजमेर में जिस विश्रामस्थली पर पीएम मोदी ने सभा की, अब उसी स्थान पर राहुल गांधी भी रैली करेंगे। पीएम जैसा स्टाइल होगा। इंदिरा गांधी की प्रतिमा का हो सकता है लोकार्पण।
=======
राजस्थान में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने वाले दिन 6 अक्टूबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजमेर में कायड़ विश्राम स्थली पर एक बड़ी सभा की थी। अब इसी विश्राम स्थली पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली होने जा रही है। इस रैली का आयोजन कांग्रेस के अग्रिम संगठन सेवादल की ओर से किया जा रहा है। सेवादल के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 13 से 15  फरवरी तक प्रस्तावित है। राहुल गांधी ने अपनी सहमति दे दी है। चूंकि अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, इसलिए राहुल गांधी का स्वागत सत्कार पीएम की स्टाइल में ही होगा। अक्टूबर में पीएम मोदी के लिए कायड़ विश्रामस्थली पर हेलीपैड का निर्माण किया गया था। मंच भी आलीशान बनाया गया था। हालांकि इस स्थान का उपयोग ख्वाजा साहब के उर्स में आने वाले जायरीन के लिए होता है। यहां बड़ी संख्या में जायरीन ठहरते हैं। चूंकि विश्राम स्थली पर प्रधानमंत्री पद के अनुरूप सुविधाएं हैं, इसलिए अशोक गहलोत के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार भी अपने नेता राहुल गांधी के लिए उनका उपयोग करेगी। इसे लोकसभा चुनाव की तैयारियां भी माना जा रहा है। उम्मीद है कि मार्च के पहले सप्ताह में लोकसभा चुनाव की घोषणा हो जाए। लोकसभा चुनाव को राहुल गांधी भी सक्रिय हो गए हैं। हालांकि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद राहुल गांधी जयपुर में किसान रैली कर चुके हैं, लेकिन अजमेर की रैली पूरी तरह चुनावी रंग में रंगी होगी।
प्रतिमा का हो सकता है लोकार्पण:
राहुल गांधी के अजमेर आगमन पर स्टेशन रोड पर स्थापित पूर्व पीएम स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा का लोकार्पण भी हो सकता है। प्रतिमा डेढ़ वर्ष पहले ही लग गई थी, लेकिन अभी तक भी लोकार्पण नहीं हुआ है, इसलिए प्रतिमा आज भी कपड़े से ढकी हुई है। प्रदेश कांगे्रस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने संकल्प लिया था कि प्रदेश में कांग्रेस का शासन आने पर ही प्रतिमा का लोकार्पण होगा। यही वजह रही कि अजमेर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बार बार आग्रह के बाद भी पायलट ने प्रतिमा का लोकार्पण नहीं किया। अब जब प्रदेश में कांग्रेस का शासन कायम हो चुका है और राहुल गांधी भी अजमेर आ रहे हैं तो उम्मीद जताई जा रही है कि प्रतिमा से पर्दा हट जाए। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय जैन भी चाहते हैं कि प्रतिमा का लोकार्पण राहुल गांधी ही करें।
एस.पी.मित्तल) (19-01-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
============
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...