कन्हैया कुमार भोपाल में दिग्विजय सिंह के लिए कांग्रेस का प्रचार करेंगे। 

कन्हैया कुमार भोपाल में दिग्विजय सिंह के लिए कांग्रेस का प्रचार करेंगे। 
तो फिर कांग्रेस बेगूसराय में कन्हैया को क्यों हरवा रही है?
==========
28 अप्रैल को कांग्रेस के बहुचर्चित नेता और भोपाल से उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने कहा है कि कांगे्रस का प्रचार करने के लिए सीपीआई के युवा नेता कन्हैया कुमार 8 व 9 मई को भोपाल आएंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कन्हैया कुमार ने दिल्ली स्थित जेएनयू में कोई देश विरोधी नारे नहीं लगाए। मैं कन्हैया कुमार का समर्थक हूं इसलिए भोपाल में कांग्रेस का प्रचार करने के लिए बुला रहा हूं। दिग्विजय सिंह अपनी जीत के लिए किस से प्रचार करवाएं यह उनका आंतरिक मामला है, लेकिन सवाल उठता है कि जब कन्हैया कुमार को कांग्रेस के प्रचार के लिए भोपाल बुलाया जा रहा है तो फिर बिहार के बेगूसराय में कांग्रेस कन्हैया कुमार को क्यों हरवा रही है। उल्लेखनीय है कि कन्हैया कुमार बेगूसराय से सीपीआई के उम्मीदवार हैं। कन्हैया कुमार का मुकाबला भाजपा के गिरिराज सिंह से है और यहां कन्हैया कुमार को हराने के लिए कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन ने तनवीर हसन को अपना उम्मीदवार बनाया है। तनवीर हसन का कहना है कि मुकाबले में कन्हैया कुमार तो हैं ही नहीं। उनका मुकाबला भाजपा के गिरिराज सिंह से है। यानि कांग्रेस बेगूसराय में कन्हैया कुमार को हारा हुआ मान रही है। इसे राजनीति का घालमेल ही कहा जाएगा कि जो कांग्रेस बेगूसराय में कन्हैया कुमार को हरवा रही है वही कांग्रेस भोपाल में अपनी जीत के लिए कन्हैया कुमार को बुलवा रही है। समझ में नहीं आता कि भोपाल में कन्हैया कुमार कांग्रेस का किस तरह से समर्थन करेंगे, जबकि बेगूसराय में तो कन्हैया कुमार ने कांग्रेस और आरजेडी के उम्मीदवार के खिलाफ ही जहर उगला है। जेएनयू में देशविरोधी नारे लगाने का मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय का आदेश आने से पहले ही दिग्विजय सिंह ने कन्हैया कुमार को निर्दोष घोषित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि भोपाल में दिग्विजय सिंह का मुकाबला भाजपा की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से हो रहा है। ऐसे में जब कन्हैया कुमार जैसे नेता भोपाल आएंगे तो भोपाल का माहौल दिलचस्प हो जाएगा। कन्हैया कुमार अक्सर अपने भाषणों में हिन्दुत्व के खिलाफ बोलते हैं।
एस.पी.मित्तल) (28-04-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
===========
Attachments area
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...