ब्यावर के विधायक शंकर सिंह रावत ने मस्जिद निर्माण के विरोध में अजमेर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया, वहीं पुष्कर के भाजपा विधायक सुरेश सिंह रावत ने पेयजल की समस्या को लेकर एसडीएम दफ्तर पर मटके फोड़े।

=========
20 मई को ब्यावर के भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने अजमेर में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मसूदा विधानसभा क्षेत्र की पीपलाज ग्राम पंचायत के गांव रूपारेल में निर्माणाधीन मस्जिद का विरोध कर रहे हैं। विरोध करने वालों में रावत सेना के संस्थापक महेन्द्र सिंह रावत, चीता मेहरात समाज के अध्यक्ष प्रफुल्ल चौहान, जिला परिषद के सदस्य विजय सिंह, सरपंच विरेन्द्र सिंह, शेर सिंह खरेकड़ी, गोपाल सिंह नीमगढ़, छोटू सिंह कानाखेड़ी, रामसिंह सूरजपुरा आदि शामिल रहे। प्रदर्शन के बाद विधायक रावत के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर विश्वमोहन शर्मा और एसपी राष्ट्रदीप सिंह से मुलाकात की। विधायक ने बताया कि रूपारेल गांव में धन्नाकाठात के पुत्र तेजा काठात और शौकीन काठात अपनी खातेदारी भूमि पर मस्जिद का निर्माण कर रहे हैं। तहसीलदार ने दोनों भाईयों को निर्माण न करने के लिए पाबंद भी किया, लेकिन दोनों भाई नहीं मान रहे हैं। इससे ग्रामीणों में रोष है। विधायक रावत ने कहा कि वे स्वयं भी मेहरात समाज से आते हैं। उन्होंने कहा कि मेहरात समाज के लोग मुसलमान नहीं होते। गांव में सदभावना बनी रहे इसलिए मस्जिद के निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। रावत ने प्रशासन को यह भी बताया कि दोनों भाई मस्जिद निर्माण करने की बात कह रहे हैं और साथ ही यह भी दावा कर रहे है कि निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद मस्जिद को मुस्लिम समुदाय को सौंप दिया जाएगा। रावत ने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल को बनाने के लिए प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी है, लेकिन दोनों भाईयों ने मस्जिद निर्माण की अनुमति नहीं ली है। प्रशासन से मुलाकात के बाद विधायक रावत ने कहा कि यदि धार्मिक स्थल के निर्माण को नहीं हटाया गया तो फिर समाज के लोग सीधी कार्यवाही करेंगे।
पुष्कर में मटके फोड़े:
पुष्कर के भाजपा विधायक सुरेश सिंह रावत और नगर पालिका के अध्यक्ष कमल पाठक के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद रावत और पाठक के नेतृत्व में एक ज्ञापन एसडीएम देविका तोमर को दिया गया। ज्ञापन में कहा गया कि पुष्कर सरोवर का जलस्तर लगातार घट रहा है, लोगों को पेयजल की सप्लाई भी नहीं हो रही है। भीषण गर्मी में जहां पुष्कर के नागरिक बूंद बूंद पानी के लिए परेशान है वहीं पुष्कर आने वाले श्रद्धालु भी सरोवर में स्नान करने से वंचित हो रहे हैं। प्रशासन ने सरोवर के किनारे  जो कुंड बनाए हैं वे भी अपर्याप्त है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने खाली मटके फोड़ कर विरोध जताया। गत पांच वर्षों में यह पहला मौका रहा जब भाजपा ने पेयजल की किल्लत और सरोवर के जल स्तर पर चिंता जताई है। पांच वर्ष तक सत्ता में रहने पर भाजपा नेताओं ने कोई ठोस प्रयास नहीं किए।
एस.पी.मित्तल) (20-05-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
===========
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...