अवैध निर्माण को सीज करने पर अजमेर नगर निगम में पार्षदों का हंगामा।

अवैध निर्माण को सीज करने पर अजमेर नगर निगम में पार्षदों का हंगामा।
सचिव सीता वर्मा ने राज काज में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करवाया।
गलती के लिए आयुक्त ने जेईएन प्रियंका को निलंबित किया। 

========

7 नवम्बर को अजमेर नगर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन प्रमुख स्थानों पर अवैध निर्माणों को सीज कर दिया। पड़ाव स्थित रसाला बावड़ी में श्रीमती भावना रंगवानी निर्मित दो दुकानों तथा माकड़वाली रोड स्टीफन चोराहा स्थित राजेश बसंतानी की तीन दुकानों तथा बेसमेंट को सीज किया गया। निगम का आरोप श्रीमती रंगवानी ने गैर कानूनी तरीके से दुकाने बनवाई है, जबकि बसंतानी की दुकानें और बेसमेंट आवासीय नक्शे पर बनी हुई है। भावना रंगवानी के पति जितेन्द्र रंगवानी ने बताया कि उनकी निर्मित दुकानों पर हाईकोर्ट का स्टे है, लेकिन इसके बाद भी सीज की कार्यवाही की गई है। इस संबंध में निगम की आयुक्त का ध्यान आकर्षित किया गया है। हमने पूर्व में ही हाईकोर्ट के आदेश की प्रति निगम में जमा करवा दी थी, लेकिन इसके बावजूद भी निगम ने द्वेषतापूर्ण तरीके से सीज की कार्यवाही की है। निगम को सबसे ज्यादा मशक्कत खादिम मोहल्ला स्थित फूल गली में नासीर अहमद के गेेस्ट हाउस में करनी पड़ी। निगम का अमला जब सीज की कार्यवाही कर रहा था, तब लोगों ने कड़ा विरोध किया। मौके पर मौजूद निगम की सचिव सीता वर्मा के साथ भी दुर्भव्यवहार किया गया। बाद में वर्मा ने दरगाह पुलिस स्टेशन पर अज्ञात लोगों के खिलाफ राजकाज में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करवाया।
निगम में हंगामा:
खादिम मोहल्ला स्थित फूल गली में नसीर अहमद के गेस्ट हाउस को सीज करने के विरोध में पार्षदों ने निगम परिसर में हंगामा किया। पार्षद नौरत गुर्जर, केके त्रिपाठी, चंचल बैरवा, अमाद चिश्ती आदि का कहना रहा कि निगम को फूल गली में फुरकान उस्मानी के अवैध निर्माण को सीज करना था। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इमरान सिद्दीकी पूर्व पार्षद कैलाश सोनी ने फुरकान उस्मानी के निर्माण को लेकर ही शिकायत की थी। निगम ने फुरकान उस्मानी को ही नोटिस दिया था, लेकिन निगम ने 7 नवम्बर को नासीर अहमद का गेस्ट हाउस बेवजह सीज कर दिया। पार्षदों ने इस संबंध में निगम की आयुक्त सुश्री चिन्मयी गोपाल का भी ध्यान आकर्षित किया। पार्षदों ने आयुक्त के समक्ष भी नाराजगी जताई। इस पर आयुक्त का कहना रहा कि वे इस मामले की जांच करवाएंगी।
जेईएन प्रियंका निलंबित:
निगम की आयुक्त सुश्री चिन्मयी गोपाल ने माना कि खादिम मोहल्ला स्थित फूल गली में सीज की कार्यवाही में गलती हुई है। कायदे से फुरकान उस्मानी का गेस्ट हाउस ही सीज होना चाहिए था। इस गलती के लिए निगम की जेईएन प्रियंका चौधरी को निलंबित किया जा रहा है। अब प्रियंका का मुख्यालय अजमेर भी नहीं रहेगा। आयुक्त ने माना कि यह बेहद गंभीर गलती है। इस पूरे प्रकरण की अलग से जांच भी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नासीर अहमद के गेस्ट को जल्द ही सीज मुक्त किया जाएगा।
एस.पी.मित्तल) (07-11-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
वाट्सएप ग्रुप से जोडऩे के लिए-8955240680
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...