अजमेर में सेवा का दूसरा नाम था रतनलाल जी पोखरणा।

अजमेर में सेवा का दूसरा नाम था रतनलाल जी पोखरणा।
89 वर्ष की उम्र में निधन। 

=========
अजमेर की सुप्रसिद्ध सामाजिक संस्था जय अम्बे सेवा समिति के अध्यक्ष रतनलाल पोखरणा का 89 वर्ष की उम्र मे 3 दिसम्बर को निधन हो गया। यूं तो बहुत से लोग समाज सेवा का कार्य करते हैं, लेकिन पोखरणा जैसे समाजसेवी कम ही होंगे जो आर्थिक सहयोग के साथ साथ समय भी देते थे। अजमेर की अनेक सामाजिक संस्थाएं पोखरणा को इसलिए नहीं जोड़ती थी कि उन्हें कुछ हजार रुपए का चंदा मिल जाएगा, जोडऩे का मकसद अपनी संस्था की छवि बनाना था। यह माना जाता है कि जिस संस्था से पोखरणा जुड़े हैं उसका काम ईमानदार और पारदर्शिता वाला होगा। पोखरणा से जुड़े संस्थाओं को जमकर आर्थिक सहयोग भी मिलता रहा। अजमेर में पानी किल्लत के समय अभाव ग्रस्त गांव में टेंकर के जरिए पानी सप्लाई करवाने के लिए लोग आज भी पोखरणा को याद करते हैं। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं को चारा और पानी उपलब्ध करवाने में पोखरणा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अजमेर शहर में कई वृद्धाश्रम चलाने के साथ साथ हिन्दू औषद्यालय चेरिटेबल ट्रस्ट, आनंद गोपाल गौशाला, खरेकड़ी स्थित पशु संरक्षण केन्द्र टोल्फा आदि अनेक संस्थाओं से पोरखणा जुड़े रहे। इन संस्थाओं में पोखरणा नियमित तौर पर जाते रहे। 89 वर्ष की उम्र में भी पोखरणा लगातार सक्रिय रहे। जय अम्बे सेवा समिति के माध्यम से विधवाओं को पेंशन देने  जरुरतमंद लोगों की मदद करने, महिलाओं को संरक्षण देने आदि के कार्य पोखरणा ने बखूबी किए। यही वजह रही कि चार दिसम्बर को जब पोखरणा की स्मृति में शोक सभा रखी गई तो शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर से पोखरणा के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की। पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती का कहना रहा कि पोखरणा हमेशा गरीब और जरुरतमंद लोगों के लिए चिंतित रहते थे। सरकार से मदद मिले या नहीं लेकिन वे हमेशा जरुरतमंद लोगों की मदद करते थे। इसके लिए वे जनसहयोग भी लेने से कभी भी हिचकिचाते नहीं थे। लोगों को भी यह भरोसा था कि जो दान दिया जा रहा है उसका सदुपयोग होगा। पोखरणा का परिवार नया बाजार में जेठमल रतनलाल फर्म का संचालन करता है। फर्म के मालिक और पोखरणा के भाई इंदर चंद पोखरणा को भी गर्व है कि उनके परिवार के मुखिया को समाज में इतना सम्मान मिला हुआ था। स्वर्गीय पोखरणा की समाजिक गतिविधियों की ओर अधिक जानकारी मोबाइल नम्बर 9414006725 पर इंदरचंद पोखरणा से ली जा सकती है।
एस.पी.मित्तल) (04-12-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
वाट्सएप ग्रुप से जोडऩे के लिए-8955240680
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...