हर राम भक्त मंदिर निर्माण में सहयोग दे सकेगा।

हर राम भक्त मंदिर निर्माण में सहयोग दे सकेगा।
भारतीय स्टेट बैंक में खुलेगा खाता।
रामजन्म भूमि को स्केल से न नापा जाए। यह जनआस्था का विषय है।
अयोध्या में मस्जिद निर्माण के लिए ट्रस्ट के गठन का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दिया।
एसपी मित्तल टॉक शो में राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष राष्ट्र संत गोविंद गिरी जी महाराज से सीधा संवाद। 

============
22 फरवरी को पुष्कर के ब्रह्मा सावित्री वेद विद्या पीठ के संत निवासी में मेरी मुलाकात अयोध्या में बनने वाले भव्य राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष राष्ट्र संत गोविंद गिरी महाराज से हुई। गिरी जी कोषाध्यक्ष तो अभी बने हंै। लेकिन गिरीजी का स्नेह मुझ पर पिछले कई वर्षों से बना हुआ है। गिरी जी रोजाना मेरे ब्लॉग को भी पढ़ते हैं। गिरी जी के प्रयासों से ही देशभर में वेद विद्या पीठ संचालित हैं। पुष्कर की ब्रह्मा सावित्री वेद विद्या पीठ उनमें से एक है। वेद और शास्त्रों के प्रचार प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए ही राष्ट्र संत गोविंद गिरी जी को राममंदिर निर्माण ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। 22 फरवरी को महकते गुलाब के फूलों की जो माला मैंने गिरीजी को पहनाई वही माला उन्होंने मेरे प्रति स्नेह दिखाते हुए मुझे पहना दी। और यह हिदायत दी कि मैं यह माला पहने रहंू। यही वजह है कि मुझे आशीर्वाद स्वरूप मिली माला को पहने हुए ही गोविंद गिरी जी का इंटरव्यू लेना पड़ा। राम मंदिर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों, संशोधित नागरिकता कानून, कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर राष्ट्र संत ने स्पष्ट तौर पर अपने विचार रखे हैं। गिरीजी का यह पूरा इंटरव्यू यूट्यूब SPMittal Talk show पर देखा जा सकता है।
गिरीजी का कहना रहा कि अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण में हर राम भक्त अपना सहयोग दे सकता है। इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक में खाता खोला जा रहा है। बैंक अकाउंट को सार्वजनिक किया जाएगा ताकि लोग सहयोग दे सकें। उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण जनसहयोग से होना है, इसलिए हर राम भक्त का सहयोग अपेक्षित है। मक्का मदीना और वेटिकेन स्थित धार्मिक स्थलों से भी बड़ा होगा अयोध्या का राम मंदिर के सवाल पर राष्ट्र संत ने कहा कि राम मंदिर की भूमि को किसी स्केल से नहीं नापा जा सकता है। यह जन आस्था का मुद्दा है। ट्रस्ट की पहली प्राथमिकता जन्मभूमि स्थान पर मंदिर निर्माण की है। उन्होंने कहा कि यूं तो 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पूर्व में विश्व हिन्दू परिषद ने जो शिलाएं एकत्रित की है उनको तारशने का काम पिछले बीस वर्षों से लगातार चल रहा है। उन्होंने माना कि 21 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के साथ जो मुलाकात हुई थी, उसमें प्रधानमंत्री को भूमि पूजन समारोह में आमंत्रित किया गया था। ट्रस्ट को उम्मीद है कि मोदी अपने व्यस्त कार्यक्रम में से कुछ समय निकाल कर भूमि पूजन के समारोह में शामिल होंगे। एनसीपी के प्रमुख शरद पवार द्वारा मस्जिद के लिए ट्रस्ट बनाए जाने की मांग पर राष्ट्र संत ने कहा कि मंदिर निर्माण ट्रस्ट का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया, कोर्ट ने अपने आदेश में मस्जिद निर्माण के लिए ट्रस्ट बनाने की बात नहीं कही है। मंदिर निर्माण के संबंध में गोविंद गिरी महाराज ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश की सरकार ने कोई रोड़ा नहीं अटकाया इसलिए आज अयोध्या में भव्य मंदिर बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने का निर्णय देश हित में है। इसी प्रकार संशोधित नागरिकता कानून भी देशहित है इसे देश के हर नागरिक को स्वीकार करना चाहिए।
पुष्कर में भव्य स्वागत:
राष्ट्र संत गोविंद महाराज ने 21 फरवरी को महाशिवरात्रि के पर्व पर पुष्कर स्थित ब्रह्मा सावित्री वेद विद्या पीठ परिसर में स्थित शिव मंदिर में विशेष अनुष्ठान किया। पुष्कर पहुंचने पर माहेश्वरी समाज के प्रतिनिधि सुभाष काबरा के नेतृत्व में गोविंद गिरी महाराज का भव्य स्वागत किया गया। राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष बनने के बाद गोविंद गिरी पहली बार पुष्कर आए इसलिए उत्साहित श्रद्धालुओं ने अतिशबाजी कर स्वागत सत्कार किया। ढोल नगाड़ों की गूंज के बीच सभी भक्त का महाराज ने अभिवादन स्वीकार किया।
(एस.पी.मित्तल) (22-02-2020)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
वाट्सएप ग्रुप से जोडऩे के लिए-95097 07595
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
https://youtu.be/R6ymJKSzibg
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...