मंदी के चलते अजमेर के प्रमुख बाजारों में नहीं हुई दीपावली की सजावट। भाजपा से जुड़े व्यापारी भी खामोश।

#3159

=======
पहले नोटबंदी और फिर जीएसटी की वजह से आर्थिक मंदी का जो दौर चल रहा है उसके मद्देनजर इस बार अजमेर शहर के प्रमुख बाजारों में दीपावली पर्व की सजावट नहीं हुई है। मदारगेट, नया बाजार, कचहरी रोड, घी मंडी आदि प्रमुख बाजारों में दीपावली के अवसर पर सजावट करने की परंपरा ही है। सजावट नहीं कर व्यापारियों ने अपनी नाराजगी भी प्रकट की है। नया बाजार व्यापारी एसोसिएान से जुड़े हरकचंद बोथरा, अशोक बिंदल, योगेश जैन, कमल गर्ग आदि ने बताया कि पिछले दस माह से व्यापार का बुरा हाल है। जब बाजार में ग्राहक ही नहीं है तो फिर सजावट किस काम की है। व्यापारियों ने सर्वसम्मति से फैसला कर सजावट नहीं कर का निर्णय लिया है। मदार गेट व्यापारिक एसोसिएशन के गोपाल चंद गोयल ने कहा कि इस बार दुकान दार अपनी दुकान पर ही सजावट कर रहे हैं। चूंकि मदार गेट पर पिछले दो वर्षों से चार पहिया वाहनों पर रोक लगा रखी है, इसलिए व्यापार पूरी तरह से समाप्त हो गया है। पूरे अजमेर शहर में मदार गेट ऐसा बाजार है जहां चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक है। इस ओर प्रशासन का कई बार ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन आज तक भी मदार गेट के व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
भाजपा से जुड़े व्यापारी खामोशः
दीपावली के मौके पर प्रमुख बाजारों में सजावट नहीं कर व्यापारियों ने एक तरह से सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जताई है। यह नाराजगी इतनी तीव्र है कि भाजपा से जुड़े व्यापारी भी खामोश बैठे हैं। भाजपा से जुड़े किसी भी व्यापारी ने इस बात का प्रयास नहीं किया कि बाजारों में परंपरा के अनुरूप दीपावली पर सजावट करवाई जाए। यह बात अलग है कि ऐसे व्यापारी किसी नेता या मंत्री के आने पर अपनी फोटो खिंचवाने में पीछे नहीं रहते। सत्ता में बैठे लोग माने या नहीं, लेकिन भाजपा से जुड़े व्यापारियों की खामोशी भी बहुत कुछ कह रही है। अजमेर में तो यह बात इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इसी वर्ष लोकसभा के उपचुनाव होने हैं। जब व्यापारी वर्ग दीपावली की सजावट ही नहीं कर रहा है तो फिर उपचुनावों में भाजपा को वोट कैसे दिलवाएंगे।
एस.पी.मित्तल) (17-10-17)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
M: 07976-58-5247, 09462-20-0121 (सिर्फ वाट्सअप के लिए)

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...