अजमेर के सांसद केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों को महाकुंभ का स्नान व रामलला दर्शन करवाएंगे। 20 फरवरी को दोपहर एक बजे अजमेर से रवाना होगी स्पेशल ट्रेन।
अजमेर के सांसद और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी अपने निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों को प्रयागराज में महाकुंभ का स्नान और अयोध्या में रामलला के दर्शन करवाएंगे। चौधरी की ओर से अजमेर शहर और देहात के जिलाध्यक्षों को प्रमुख कार्यकर्ताओं की सूची बनाने के लिए कहा गया है। इसी प्रकार अजमेर नगर निगम और स्थानीय निकायों के प्रमुखों को भी भाजपा पार्षदों की सूची बनाने के लिए कहा गया है। महिला पार्षदों के पति और पुरुष पार्षदों की पत्नियां भी स्पेशल ट्रेन से सफर कर सकती है। मंडल अध्यक्षों के परिवार के सदस्य भी इस धार्मिक यात्रा में शामिल हो सकते हैं। करीब 15 सौ कार्यकर्ताओं को प्रयागराज और अयोध्या ले जाने के लिए स्पेशल टे्रन बुक करवाई गई है। यह स्पेशल ट्रेन 20 फरवरी को दोपहर एक बजे अजमेर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इस ट्रेन में 16 स्लीपर कोच रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार स्पेशल ट्रेन 21 फरवरी को प्रयागराज पहुंचेगी और फिर सभी कार्यकर्ताओं के महाकुंभ के स्नान के बाद अयोध्या के लिए रवाना हो जाएगी। ट्रेन 22 फरवरी को वापस अजमेर पहुंचेगी। कार्यकर्ता सुगमता के साथ महाकुंभ में स्नान और रामलला के दर्शन कर सके इसके लिए केंद्रीय मंत्री चौधरी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी संवाद किया है। चौधरी ने माना है कि प्रयागराज और अयोध्या में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ के बीच अजमेर के कार्यकर्ताओं की यात्रा आसान नहीं है, लेकिन उनके लिए भाजपा के कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है, इसलिए विपरीत परिस्थितियों में भी यात्रा करवाई जा रही है। कार्यकर्ताओं के भोजन आदि की व्यवस्था भी केंद्रीय मंत्री चौधरी की ओरसे करवाई गई है। स्पेशल ट्रेन के लिए एडवांस राशि भी रेलवे में जमा करवा दी गई है। अजमेर से स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए चौधरी के आग्रह पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने निर्देश दिए है। सांसद चौधरी की इस पहल से भाजपा के कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं।
S.P.MITTAL BLOGGER (19-02-2025)Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9166157932To Contact- 9829071511