कांग्रेस की बैठकों में अजमेर देहात अध्यक्ष राठौड़ दे रहे विदाई भाषण। विजय जैन को ही शहर अध्यक्ष मानते हुए दिल्ली बैठक में बुलाया गया है।

अजमेर देहात और शहर जिला कांग्रेस कमेटी राजस्थान भर में एकमात्र कमेटी है जिसे भंग किए जाने के बाद भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं की गई। इसलिए अगस्त 2020 से ही भूपेन्द्र सिंह राठौड़ देहात और विजय जैन शहर कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे हैं। इन दिनों प्रदेश भर में विधानसभा वार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन हो रहे हैं। अजमेर देहात में 6 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। 26 मार्च को ही केकड़ी विधानसभा क्षेत्र का सम्मेलन हुआ। इस सम्मेलन में प्रदेश द्वारा नियुक्ति जिला प्रभारी चेतन डूडी, केकड़ी के पूर्व विधायक रघु शर्मा आदि नेता मौजूद रहे। इस सम्मेलन में निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र राठौड़ ने विदाई भाषण दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने उन्हें जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने पूरी सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत बनाया, लेकिन 2020 में कैंसर रोग के कारण वे संगठन में सक्रिय नहीं रहे लेकिन इसके बावजूद भी प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नया अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया। इसके लिए वे डोटासरा के आभारी है। राठौड़ ने कहा कि अब उन्होंने कैंसर रोग को मात दे दी है और वे पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं, लेकिन फिर भी चाहते हैं कि देहात में नया जिलाध्यक्ष नियुक्त हो जाए। अपने विदाई भाषण में राठौड़ पायलट और डोटासरा दोनों का ही आभार प्रकट कर रहे हैं। राठौड़ का कहना है कि वह किसी विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी नहीं जता रहे। वे साधारण कार्यकर्ता की हैसियत से कांग्रेस में सक्रिय हैं। राठौड़ देहात के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग के प्रति भी आभार जता रहे हैं। राठौड़ के ऐसे भाषणों से माना जा रहा है कि अब अजमेर में कांग्रेस का नया देहात अध्यक्ष नियुक्त होगा। राठौड़ के स्वास्थ्य और राजनीतिक सक्रियता के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9829042432 पर ली जा सकती है। 

दिल्ली बैठक में जैन को ही बुलावा:
3 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक में विजय जैन को ही अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष मानते हुए आमंत्रित किया है। पार्टी के निर्देशों के अनुरूप विजय जैन ने दिल्ली बैठक की तैयारियां शुरू कर दी है। विजय जैन चाहते है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जन खडग़े और राहुल गांधी के समक्ष उन्हें बोलने का अवसर मिले। अगस्त 2020 में भले ही अजमेर की कांग्रेस कमेटी को भी भंग कर दिया हो, लेकिन नए अध्यक्ष की नियुक्त नहीं होने के कारण विजय जैन ही अध्यक्ष की भूमिका निभाते रहे। प्रदेश के निर्देशों पर शहर में विजय जैन के नेतृत्व में ही जन आंदोलन भी हुए। सचिन पायलट का कट्टर समर्थक होने के कारण अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री रहते हुए सरकार में विजय जैन की उपेक्षा भी हुई। लेकिन जैन ने अपनी सक्रियता को कम नहीं किया। कई बार तो जैन को सरकारी समारोह का बहिष्कार भी करना पड़ा, लेकिन जैन ने हमेशा संगठन के प्रति सेवा भाव दिखाया। अजमेर में कांग्रेस का कार्यालय न होने के कारण जैन ने केसरगंज स्थित अपने निजी दफ्तर को ही कांग्रेस का दफ्तर बना दिया। आज भी कांग्रेस की गतिविधियां इसी दफ्तर से संचालित होती है। कहा जा सकता है कि विजय जैन गत 9 वर्षों से शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का काम पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं। उनके सरल स्वभाव को अशोक गहलोत के समर्थक भी प्रशंसा करते हैं। दिल्ली बैठक में बुलाए जाने पर विजय जैन गदगद हैं। उनके समर्थकों का मानना है कि विजय जैन को ही शहर कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर रिपीट किया जाएगा। ताजा राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी मोबाइल नंबर 9414002529 पर विजय जैन से ली जा सकती है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (27-03
-2025)Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9166157932To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...