नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर रहने के चौबीस वर्ष पूरे। भारत में ऐसा दूसरा राजनेता नहीं। अब 2047 के विकसित भारत का संकल्प।

7 अक्टूबर 2001 को भाजपा नेता नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। आज जब 7 अक्टूबर 2025 का दिन है, तब मोदी को संवैधानिक पद पर रहते हुए चौबीस वर्ष पूरे हो गए हैं। किसी भी राजनेता के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। भारत में नरेंद्र मोदी जैसा दूसरा राजनेता अभी तक नहीं हुआ है। ऐसे कई नेता मिल जाएंगे जो 24 वर्ष से भी अधिक समय तक संवैधानिक पदों पर रहे हो, लेकिन मोदी ने जिस तरह संघर्ष कर सफलता हासिल की वैसा दूसरा राजनेता अभी तक देखने को नहीं मिला है। 12 वर्ष तक लगातार गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी ने गुजरात में जो विकास किया, उस पटरी पर आज भी गुजरात दौड़ रहा है। मोदी ने गुजरात में भाजपा की जो जाजम बिछाई उसी की वजह से भाजपा को हर चुनाव में सफलता मिल रही है। इसे मोदी की कड़ी मेहनत ही कहा जाएगा कि वर्ष 2014 में जब पहली बार प्रधानमंत्री बने तो आज तक प्रधानमंत्री बने हुए है। भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में मजबूत विपक्ष के बावजूद लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना आसान नहीं है। भाजपा ने वर्ष 2014 में मोदी के नेतृत्व में जब लोकसभा का चुनाव लड़ा तो भाजपा को 282 सीटें मिली। 2019 में भाजपा ने 303 सीटें हालस कर रिकॉर्ड दर्ज किया। लेकिन 2024 में भाजपा को 240 सीटें ही मिल सकी, लेकिन सहयोगी दलों के समर्थन के कारण मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। भले ही मोदी सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार चला रहे हो, लेकिन प्रधानमंत्री रहते हुए मोदी ने कभी भी राजनीतिक लाचारी नहीं दिखाई। मोदी ने देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा को जीत दिलवाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। यही वजह है कि आज देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। मोदी के कार्यकाल में ही जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त किया गया। इससे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की कमर तोड़ने में मदद मिली। 2020 से पहले अनुच्छेद 370 को हटाने की चर्चा करने पर भी डर लगता था। लेकिन आज कश्मीर के मुसलमान भी मानते हैं कि 370 के हटने के बाद कश्मीर को सही मायने में स्वतंत्रता मिली है। इतना ही नहीं अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करवा कर मोदी ने भारत के सनातनियों को गौरवान्वित किया। देश के लिए यह दोनों काम बड़ी उपलब्धि रहे। मोदी ने जहां वर्षो पुरानी समस्याओं का निदान किया, वहीं भारत को आर्थिक दृष्टि से मजबूत भी किया। आज भारत दुनिया में आर्थिक दृष्टि से चौथी महाशक्ति है। मोदी का प्रयास है कि भारत को दुनिया की तीसरी महाशक्ति बनाया जाए। इसके लिए 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया गया है। 2047 को भारत की आजादी के सौ वर्ष पूरे होंगे। मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत एक विकसित देश बन जाए। मोदी की चौबीस वर्षों की यात्रा को देखा जाए तो वे हर मोर्चे पर सफल हुए हैं। भारत में मजबूत विपक्ष के बावजूद मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत को एक मजबूत देश साबित किया है। मोदी को अब तक 27 देशों का सर्वोच्च सम्मान मिल चुका है। मोदी ने अभी तक 17 देशों की संसद में संबोधन दिया है। भारत में दूसरा ऐसा कोई प्रधानमंत्री नहीं हुआ जिसे 27 देशों का सर्वोच्च सम्मान तथा 17 देशों की संसद को संबोधित करने का अवसर मिला हो। जैन आचार्य प्रज्ञा सागर ने तो 28 जून 2025 को नरेंद्र मोदी को धर्म चक्रवर्ती की उपाधि से सम्मानित किया। मोदी ने इस सम्मान को सहर्ष स्वीकार भी किया। 

S.P.MITTAL BLOGGER (07-10-2025)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9166157932To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...