संघ का स्वयं सेवक होने का कारण 1949 में ही जेल चले गए थे स्व. जगन्नाथ जी यादव। 29 अगस्त को पुण्य तिथि पर अजमेर से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी। पुत्र अरविंद यादव हैं आज भाजपा के शहर अध्यक्ष।

#1704
संघ का स्वयं सेवक होने का कारण 1949 में ही जेल चले गए थे स्व. जगन्नाथ जी यादव। 29 अगस्त को पुण्य तिथि पर अजमेर से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी।
पुत्र अरविंद यादव हैं आज भाजपा के शहर अध्यक्ष।
————————————–
1975 में आपातकाल के दौरान जेल गए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा के नेता आज पेंशन प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन अजमेर के इतिहास में यह भी दर्ज है कि महात्मा गांधी की हत्या के बाद 1949 में जब संघ पर प्रतिबंध लगाया और तत्कालीन संघ प्रमुख माधवराव गोलवरकर की गिरफ्तारी हुई तो अजमेर में भी संघ कार्यकर्ता के तौर पर जगन्नाथ यादव को गिरफ्तार किया गया था। जेल से बाहर आने के बाद यादव ने न केवल संघ का विस्तार किया, बल्कि जनदीप साप्ताहिक अखबार निकाल कर प्रचार प्रसार भी किया। यह ऐसा समय था जब संघ के स्वयं सेवक को अच्छी निगाह से नहीं देखा जाता था। जगन्नाथ यादव जैसे स्वयं सेवकों ने जो कष्ट उठाया, उसी का परिणाम है कि आज संघ की राजनीतिक शाखा भाजपा केन्द्र में सत्ता में है। यादव का निधन हुए 29 अगस्त को 20 वर्ष पूरे हो जाएंगे, लेकिन यादव ने संघ, जनसंघ, और भाजपा को जो मजबूती दिलाई, उसे आज भी याद किया जाता है। यंू तो यादव ने आजादी से पहले ही 1945 में अजमेर में संघ की गतिविधियां शुरू कर दी थी। 1956 में जब हाथी भाटा में केशव आर्ट प्रेस शुरू की तो इसी परिसर में संघ का कार्यालय भी खोला गया। इस कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, जयदेव पाठक, किशन भाई, भैरोसिंह शेखावत, केदारनाथ सहानी, रघुवीर सिंह जैसे नेता न केवल ठहरते थे, बल्कि संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति बनाते थे। आज भाजपा के नेता भले ही मंहगी कार में घुमते हों, लेकिन उस समय यादव ही इन नेताओं को अपनी साइकिल पर बैठाकर इधर-उधर ले जाते थे। स्व. यादव की 86 वर्षीय पत्नी श्रीमती चांद देवी उन दिनों को याद करती हैं जब परिवार के सदस्यों के साथ-साथ संघ के पदाधिकारियों को भी भोजन करवाना पड़ता था। स्व. यादव की राजनीति में रुची नहीं थी, उनकी रुचि संघ की गतिविधियों को बढ़ाने में लगी रहती थी। 1972 में जब संघ प्रमुख गुरु गोलवरकर की सभा पटेल मैदान पर हुई तो निमंत्रण कार्ड में यादव का नाम भी लिखा था। अजमेर के लेखाधिकारी रहे बृजेश शर्मा, श्याम भट्ट, आनंद थदानी, नवलराय बच्चानी, भाऊ प्रभुदास, महावीर प्रसाद शर्मा, भूदेव शास्त्री,नानक राम इसराणी, भगवान दास शास्त्री, शिवनारायण मेहरा, चिरंजी गर्ग, रतनलाल यादव, सूरज दूध वाले, यज्ञनारायण मेहरा, मास्टर भंवरलाल शर्मा आदि स्वर्गीय यादव के सहयोगी भी रहे।
स्व. यादव के सबसे बड़े पुत्र रामदेव यादव का निधन हो चुका है, जबकि दूसरे नम्बर के पुत्र अरविंद यादव अजमेर शहर भाजपा के अध्यक्ष हैं। तीसरे पुत्र मधुसुदन यादव परंपरागत मुद्राण व्यावसाय में सक्रिय हैं। तो चौथे पुत्र पकंज यादव दैनिक भास्कर अखबार में वरिष्ठ संवाददाता हैं। स्वर्गीय रामदेव यादव के पुत्र अजय यादव राजस्थान पत्रिका में युवा पत्रकार हैं। स्वर्गीय जगन्नाथ यादव में श्रद्धाभाव से संघ को मजबूत करने में जो भूमिका निभाई उससे लोगों को खासकर युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
(एस.पी. मित्तल) (28-08-2016)
नोट- फोटोज मेरी वेबसाइट spmittal.in फेसबुक अकाउंट पर देखें।
(www.spmittal.in) M-09829071511
www.facebook.com /spmittal blogger

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...