आखिर राजस्व मंडल के अध्यक्ष ओ.पी. सैनी को वकीलों से वार्ता करने पर एतराज क्यों है?

#2233
आखिर राजस्व मंडल के अध्यक्ष ओ.पी. सैनी को वकीलों से वार्ता करने पर एतराज क्यों है?
=======================
9 फरवरी को भी अजमेर स्थित राजस्थान राजस्व मंडल के अध्यक्ष ओ.पी. सैनी और मंडल के वकीलों के बीच कोई समझौता नहीं हो सका। मंडल के वकील अध्यक्ष सैनी के रवैए को लेकर 7 फरवरी से हड़ताल पर है। 7 फरवरी को वकीलों ने 3 दिन का अल्टीमेटम दिया था। इसलिए अब 10 फरवरी को वकीलों की साधारण सभा बुलाकर अध्यक्ष के खिलाफ कोई बड़ा निर्णय लिया जाएगा। समझ में नहीं आता कि आखिर मुख्य सचिव स्तर के मंडल अध्यक्ष ओ.पी. सैनी को वकीलों से संवाद करने पर एतराज क्यों है? 7 फरवरी को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्मानंद शर्मा ने अध्यक्ष से मिलने का विनम्र आग्रह किया था, लेकिन अध्यक्ष ने मिलने से इंकार कर दिया। अध्यक्ष के इस रवैए के खिलाफ ही वकील समुदाय हड़ताल पर चला गया। चूंकि हड़ताल सिर्फ मिलने की बात को लेकर की गई थी इसलिए यह उम्मीद थी कि अगले ही दिन मंडल के अध्यक्ष वकीलों को वार्ता के लिए बुला लेंगे। लेकिन मंडल में उपस्थित रहते हुए भी सैनी ने वकीलों को वार्ता के लिए नहीं बुलाया है और अगले दिन सैनी छुट्टी पर चले गए। सैनी का यह व्यवहार दर्शाता है कि वे मामले को सुलझाने के बजाय बिगाडऩे पर अड़े हुए हैं। अब सैनी ने मंडल के चार सदस्यों की एक कमेटी बनाई है, लेकिन इस कमेटी से वार्ता करने से वकीलों ने इंकार कर दिया है। प्रशासनिक क्षेत्रों में यह माना जाता है कि मुख्य सचिव स्तर के जिस अधिकारी से सरकार खुश नहीं होती, उसे राजस्व मंडल का अध्यक्ष बना देती है। चूंकि सैनी भी मुख्य सचिव पद के दावेदार थे इसलिए हो सकता है कि उनके मन में भी राज्य सरकार के प्रति नाराजगी हो। इसीलिए वे वकीलों से बात करने को तैयार नहीं है। ऐसे में राज्य सरकार की ही छवि खराब हो रही है क्योंकि वकीलों और अध्यक्ष के झगड़े की वजह से प्रदेश भर के काश्तकारों को परेशानी हो रही है। मुकदमों की सुनवाई नहीं होने से रोजाना बाहर से आने वाले ग्रामीण और काश्तकार बेहद परेशान है।
एस.पी.मित्तल) (09-02-17)
नोट: मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
M: 07976-58-5247, 09462-20-0121 (सिर्फ वाट्सअप के लिए)
============================================

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...