भाजपा के खिलाफ चुनाव लडऩे वाले को बनाया अल्प संख्यक मोर्चें का अध्यक्ष। आखिर अजमेर में यह क्या हो रहा है? =====

#2256
भाजपा के खिलाफ चुनाव लडऩे वाले को बनाया अल्प संख्यक मोर्चें का अध्यक्ष। आखिर अजमेर में यह क्या हो रहा है?
=====================
भाजपा में वैसे ही मुस्लिम कार्यकर्ताओं का टोटा है। इस पर जिस मनमाने तरीके से अल्पसंख्यक मोर्चें के प्रदेश अध्यक्ष मजीद मलिक कमांडो ने शफीक पठान को अजमेर में मोर्चें का अध्यक्ष बनाया है, उससे मोर्चें के पुराने कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। नाराज कार्यकर्ताओं का कहना है कि शफीक पठान ने गत बार पार्षद का चुनाव भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ ही लड़ा था। इतना ही नहीं जिला संगठन से जो तीन नाम भेजे गए, उन्हें दरकिनार कर पठान की नियुक्ति की गई है। भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष अरविन्द यादव को भी पठान की नियुक्ति पर आश्चर्य है। कहा जा रहा है कि स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी की भी सहमति नहीं ली गई। जानकारों की माने तो जिला अध्यक्ष यादव ने सैय्यद सलीम, फरहाद सागर व अनवर खान के नाम मोर्चे के अध्यक्ष के लिए प्रस्तावित किए थे। लेकिन मोर्चें के प्रदेश अध्यक्ष कमांडो ने इन तीनों नामों को रद्दी की टोकरी में फैंक दिया। कार्यकर्ताओं में इस बात की नाराजगी है कि वफादार और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर धन बल वालों को तरजीह दी जा रही है। डॉ. मंसूर अली को भी हाल ही में शहर भाजपा के पृथ्वीराज मंडल का उपाध्यक्ष बनाया गया है जबकि डॉ. मंसूर एक वर्ष पहले तक कांगे्रस में सक्रिय थे। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खादिम अफसान चिश्ती को मदरसा बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया है। लिलियन ग्रीस को वक्फ बोर्ड का सदस्य बनाने पर तो भाजपा के बड़े नेताओं को भी आश्चर्य है।
मोर्चा को मजबूती दिलाऊंगा: शफीक
मोर्चे के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष शफीक पठान ने कहा है कि वे अजमेर में मोर्चें को मजबूती दिलवाएंगे। उनका प्रयास होगा कि अधिक से अधिक मुसलमानों को भाजपा के साथ जोड़ेंगे। इसके साथ ही अजमेर में दरगाह क्षेत्र में फैले नशे के कारोबार को समाप्त करने के लिए भी ठोस कार्यवाही करवाई जाएगी। पठान ने इस बात को स्वीकार किया कि गत बार पार्षद का चुनाव भाजपा के खिलाफ लड़ा था। लेकिन वे हमेशा भाजपा की विचारधारा के साथ रहे। भाजपा ही एकमात्र राजनीतिक दल है, जो अल्पसंख्यकों का भला कर सकता है। पीएम नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की सीएम वसुंधरा राजे ने अल्पसंख्यकों के विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू कर रखी है।
(एस.पी.मित्तल) (15-02-17)
नोट: मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...