केकड़ी नगर पालिका के अध्यक्ष के निलंबन पर हाईकोर्ट की रोक। 

केकड़ी नगर पालिका के अध्यक्ष के निलंबन पर हाईकोर्ट की रोक।
चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा को राजनीतिक मात।

================
7 जून को राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ के न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा ने अजमेर जिले की केकड़ी नगर पालिका के अध्यक्ष अनिल मित्तल के निलंबन आदेश पर रोक लगा दी है। राज्य सरकार ने विभिन्न आरोप लगाते हुए मित्तल को 31 मई को निलंबित कर दिया था। न्यायालय में मित्तल की ओर से पैरवी करते हुए वरिष्ठ वकील राजेन्द्र प्रसाद और अंकित सोनी ने कहा कि सरकार ने राजनीतिक द्वेषता से निलंबन की कार्यवाही की है। कथित आरोपों की जांच के दौरान पालिका अध्यक्ष को अपना पक्ष रखने का अवसर भी नहीं दिया। सरकार ने सीधे पालिकाध्यक्ष पर कार्यवाही कर दी, जबकि आरोपों से संबंधित किसी भी मामले में पालिकाध्यक्ष का कोई आदेश नहीं है। जो भी निर्णय हुए उन सब को पालिका की साधारण सभा में स्वीकृत करवाया गया है। वैसे भी आरोपों से संबंधित मामलों की क्रियान्विति की जिम्मेदारी अधिकारियों की है। वकीलों के तर्कों को देखते हुए न्यायाधीश शर्मा ने राज्य सरकार के निलंबन आदेश पर रोक लगा दी।
मंत्री रघु शर्मा को राजनीतिक मात:
भाजपा के कब्जे वाली पालिका के अध्यक्ष को निलंबन करवाने में केकड़ी के विधायक और प्रदेश के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। कथित शिकायतो को रघु शर्मा ने ही जांच के लिए स्वायत्त शासन विभाग को भिजवाया था। शर्मा का दबाव रहा कि जल्द से जल्द जांच कर पालिका अध्यक्ष को निलंबित किया जाए। इतना ही नहीं पालिका अध्यक्ष के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी रघु शर्मा के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने द्वेषतापूर्ण कार्यवाही की। पालिका अध्यक्ष के साथ साथ भाजपा के अन्य कार्यकर्ताओं के प्रतिष्ठानों पर भी स्वास्थ्य विभाग ने कार्यवाही की। रघु शर्मा की इन्हीं गतिविधियों के विरोध में 3 जून को केकड़ी बंद रखा गया। नागरिकों की पहल पर केकड़ी पूरी तरह बंद रहा। असल में मंत्री बनने के बाद से ही रघु शर्मा अपने निर्वाचन क्षेत्र की लगातार उपेक्षा कर रहे हैं। इसी का परिणाम रहा कि लोकसभा के चुनाव में केकड़ी से कांग्रेस को 39 हजार मतों से हार का सामना करना पडा। रघु शर्मा ने केकड़ी से 16 हजार मतों से चुनाव जीता था, लेकिन लोकसभा चुनाव में 39 हजार मतों की हार बताती है कि केकड़ी में रघु शर्मा की पकड़ बेहद कमजोर है।
केकड़ी में खुशी की लहर:
पालिकाध्यक्ष के निलंबन के आदेश पर रोक लगने के साथ ही केकड़ी में खुशी की लहर दौड़ गई स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोर्ट की कार्यवाही को सत्य की विजय बताया। भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष बीपी सारस्वत ने कहा कि रघु शर्मा अपने मंत्री पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए सारस्वत ने कहा कि अब अनिल मित्तल नए जोश और उत्साह के साथ पालिका के अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। पहले भी मित्तल ने केकड़ी के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। केकड़ी में विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे राजेन्द्र विनायका, राधेश्याम पोरवाल, बलराम रामनिवास तेली आदि ने कोर्ट के निर्णय पर संतोष प्रकट किया है। इसे केकड़ी की जनता की जीत बताया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा की वजह से केकड़ी का विकास ठप हो गया है। शर्मा का सारा ध्यान अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदियों को नुकसान पहुंचाने में लगा हुआ है। लोकसभा चुनाव की हार के बाद रघु शर्मा अपने निर्वाचन क्षेत्र में भी नहीं आए हैं। केकड़ी के लोग शर्मा के आने का इंतजार कर रहे हैं।
एस.पी.मित्तल) (07-06-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
===========
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...