वसुंधरा राजे के पास जन्मदिन पर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का यह आखिरी अवसर। चार मार्च को बालाजी दर्शन के बहाने सालासर में जुटेंगे समर्थक।

पिछले चार वर्ष से राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती वसुंधरा राजे अपने जन्म दिन पर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन कर रही हैं। इस बार 8 मार्च के जन्मदिन के उपलक्ष में चार मार्च को सालासर बालाजी में हजारों समर्थक जुटेंगे। चूंकि पिछले शक्ति प्रदर्शनों का असर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व  पर नहीं हुआ, इसलिए चार मार्च के शक्ति प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए समर्थक कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। समर्थकों को भी पता है कि जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन का यह आखिरी मौका है। राजस्थान में इसी वर्ष नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं। यानी अगले वर्ष तक के जन्मदिन पर नई सरकार बन चुकी होगी। समर्थकों को लगता है कि वसुंधरा राजे ही राजस्थान में भाजपा की सरकार बनवा सकती है। इसलिए राजे को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बना देना चाहिए। हालांकि राजस्थान में भाजपा का संगठन मजबूती से काम कर रहा है और चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे शुरू हो गए हैं, लेकिन फिर राजे के समर्थक इशारा नहीं समझ रहे हैं। चार मार्च के शक्ति प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में रणनीति बनाई हे। कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने के साथ साथ भाजपा के सांसद और विधायकों को भी बड़ी संख्या में सालासर पहुंचने के लिए कहा गया है। राजे दो बार मुख्यमंत्री रह चुकी है, इसलिए प्रदेश भर में राजे के समर्थक हैं। भाजपा जब विपक्ष में होती है, तब चुनाव आते आते वसुंधरा राजे को ही कमान सौंप दी जाती है। लेकिन इस बार भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व अलग ही सोच रखे हुए हैं। राष्ट्रीय नेताओं ने कई बार संकेत दिए हैं कि इस बार किसी चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ा जाएगा। चुनाव की रणनीति राष्ट्रीय नेतृत्व ही बनाएगा, लेकिन समर्थकों को अभी भी लगता है कि राजस्थान की बागडोर वसुंधरा राजे को सौंपी जाएगी। हालांकि अभी तक वसुंधरा राजे ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है जो अनुशासनहीनता के दायरे में आता हो। जन्मदिन या अन्य अवसरों पर शक्ति प्रदर्शन के दौरान वसुंधरा राजे भाजपा की जीत की ही बात कहती हैं। राजे का यह भी कहना है कि भाजपा की स्थापना उनकी माताजी श्रीमती विजयाराजे सिंधिया ने की है। इसलिए पार्टी को वे अपनी मां के रूप में ही देखती हैं। राजे ने भले ही अभी तक पार्टी विरोधी बयान न दिया हो, लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी में अपनी उपेक्षा से राजे नाराज हैं। राजे कई बार कह चुकी हैं कि मंचों से उनका फोटो हटाया जा सकता है, लेकिन लोगों के दिलों से नहीं। चार मार्च को ही जयपुर में भाजपा के अग्रिम संगठन कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा के सांसद विधायक और बड़े नेता जयपुर के प्रदर्शन में भी शामिल होंगे। सालासर में बालाजी दर्शन का समय प्रातः 10 बजे का रखा गया है। ऐसे में अनेक विधायक राजे के शक्ति प्रदर्शन में उपस्थित दर्ज करवा कर जयपुर के प्रदर्शन में भी शामिल हो जाएंगे। विधायकों को भी पता है कि अगले चुनाव में संगठी ही टिकट दिलवाएगा। अलबत्ता चार मार्च के आयोजन को लेकर वसुंधरा के समर्थक बेहद उत्साहित हैं। 

S.P.MITTAL BLOGGER (02-03-2023)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...