भागीरथ चौधरी को मोदी के चेहरे का सहारा तो रामचंद्र चौधरी को डेयरी का। अजमेर में डिप्टी सीएम कैबिनेट मंत्री और एक राज्य मंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर। 8 में से 7 विधायक भाजपा के।

अजमेर संसदीय क्षेत्र में आगामी 26 अप्रैल को मतदान होना है। भाजपा के प्रत्याशी भागीरथ चौधरी को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे का सहारा है, वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी को अपनी डेयरी का। भाजपा प्रत्याशी भागीरथ लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। चौधरी अपने भाषणों में मोदी सरकार की उपलब्धियों को ही गिनाते हैं। चौधरी का कहना होता है कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने काम नरेंद्र मोदी जैसा दृढ़ इच्छाशक्ति वाला प्रधानमंत्री ही कर सकता है। इसी प्रकार अयोध्या में भगवान राम के मंदिर को बनवाने में का श्रेय भी मोदी को ही है। यानी अपने प्रचार में भाजपा को मोदी के चेहरे का ही सहारा है। जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार रामचंद्र चौधरी सहकारिता के क्षेत्र में चलने वाली डेयरी की उपलब्धियां गिना रहे हैं। चौधरी पिछले 25 वर्षों से अजमेर डेयरी के अध्यक्ष हैं। जिले के पशु पालक भी मानते हैं डेयरी के विकास में चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज गांव गांव में दूध के लिए कम्प्यूटराइज्ड संग्रहण केंद्र स्थापित है। अजमेर के ब्यावर रोड स्थित डेयरी परिसर में ही नया प्लांट लगाया गया है। नए प्लांट से दूध प्रोसेसिंग की क्षमता प्रतिदिन दस लाख लीटर तक हो गई है। इसमें कोई दोराय नहीं कि डेयरी की वजह से कांग्रेस प्रत्याशी की पहचान संपूर्ण संसदीय क्षेत्र में है। चौधरी पूरी उत्साह के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। यहां उल्लेखनीय है कि भागीरथ चौधरी ने 2019 में चार लाख से भी अधिक मतों से चुनाव जीता था। 
मंत्री-विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर:
अजमेर संसदीय क्षेत्र के दूदू के विधायक डॉ. प्रेमचंद बैरवा इस समय डिप्टी सीएम हैं तथा पुष्कर के विधायक सुरेश रावत कैबिनेट हैं। इसी प्रकार नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र से जुड़े भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश भडाना देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष हैं, जिन्हें राज्यमंत्री का दर्जा मिला हुआ है। डिप्टी सीएम और मंत्रियों की प्रतिष्ठा के साथ-साथ भाजपा के विधायक की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। आठ में से सात विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं।  अजमेर उत्तर के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी तो विधानसभा के अध्यक्ष हैं। हालांकि संवैधानिक पद पर होने के कारण देवनानी ने सीधे तौर पर राजनीतिक गतिविधियों में भाग नहीं ले रहे हैं, लेकिन अपने निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा को बढ़त दिलवाने के लिए देवनानी पूरी मेहनत कर रहे हैं। इसके साथ ही अजमेर दक्षिण से भाजपा विधायक अनिता भदेल, नसीराबाद से रामस्वरूप लांबा, मसूदा से वीरेंद्र सिंह कानावत और केकड़ी से शत्रुघ्न गौतम भी भागीरथ चौधरी को जीताने में लगे हुए हैं। जानकार सूत्रों के अनुसार पार्टी के बड़े नेताओं ने विधायकों को ही अपने अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी दी है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा पुष्कर में हो चुकी है। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभा की है। जहां तक किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र का सवाल है तो यहां कांग्रेस के विधायक डॉ. विकास चौधरी सक्रिय हैं। मौजूदा सांसद भागीरथ चौधरी का किशनगढ़ गृह क्षेत्र है। चौधरी का प्रयास है कि 2019 में जितने मतों की बढ़त किशनगढ़ से मिली थी, उसे बरकरार रखा जाए। 

S.P.MITTAL BLOGGER (17-04-2024)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...