पीएम मोदी से मिलने के बाद पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने योग मुद्रा वाला फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। योग से मन शांत और नियंत्रित रहता है-बाबा रामदेव।

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने 20 दिसंबर को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात वाला फोटो पोस्ट किया। इसके अगले ही दिन वसुंधरा राजे ने योग की मुद्रा वाला अपना फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। दूसरे दिन के फोटो से प्रतीत होता है कि मुलाकात में पीएम मोदी ने राजे को नियमित योग करने की सलाह दी है। वही जानकारों के अनुसार राजे की मोदी से लंबे समय बाद मुलाकात हुई है। यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि दोनों के बीच वन टू वन संवाद हुआ। यानी जब राजे और मोदी बात कर रहे थे, तब कोई तीसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था। सब जानते हैं कि पिछले सात वर्षों से भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ वसुंधरा राजे के संबंध अच्छे नहीं रहे। 2023 के विधानसभा चुनाव में जब भाजपा को बहुमत मिला तब राजे ने जयपुर स्थित आवास पर 40 से भी ज्यादा नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों को एकत्रित कर लिया। यह बात अलग है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने फिर भी राजे की मुख्यमंत्री के पद पर दावेदारी को खारिज कर पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बना दिया। भजनलाल शर्मा के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही राजे के रुख में बदलाव देखा गया। पिछले दिनों दिल्ली में हुई भाजपा संगठन की एक बैठक में राजे ने भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की हैसियत से भाग लिया। राजे के बदले हुए सकारात्मक रुख के मद्देनजर ही पीएम मोदी के साथ मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मन शांत और नियंत्रित रहता है:
योग गुरु बाबा रामदेव का कहना है कि नियमित योग से मन शांत और नियंत्रित रहता है। कई बार इच्छाओं की पूर्ति न होने पर मन भटक जाता है। जिसकी वजह से शरीर में नकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न होती है, इसलिए इच्छाओं की पूर्ति न होने पर हर व्यक्ति को प्रतिदिन आधा घंटा योग करना चाहिए। बाबा रामदेव ने मन को नियंत्रित करने के लिए सूर्य नमस्कार के साथ साथ अनुलोम विलोम और कपालभाति करने की भी सलाह दी है।
S.P.MITTAL BLOGGER (22-12-2024)Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9166157932To Contact- 9829071511