पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने अजमेर आकर बोराज तालाब की तबाही को हाइलाइट किया तो क्षेत्रीय भाजपा विधायक और विधानसभा के अध्यक्ष देवनानी ने तीन स्थानों पर हाई मास्क लाइट का लोकार्पण किया। लेपर्ड सफारी की स्कीम की भी बताई। अजमेर में धर्मेन्द्र राठौड़ को गहलोत ने और मजबूती दी।
6 सितंबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर के स्वास्तिक नगर के क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात की। चार सितंबर को स्वास्तिक नगर के निकट बोराज तालाब की पाल टूटने के बाद स्वास्तिक नगर तबाह हो गया। तीन दिन बाद भी गहलोत जब यहां पहुंचे तो घुटनों तक पानी था। इसलिए गहलोत कार में ही बैठे रहे। कार के गेट पर खड़े होकर ही गहलोत ने प्रभावित लोगों से बातचीत की। गहलोत ने कहा हम तो विपक्ष में है, इसलिए कोई सहायता नहीं कर सकते, लेकिन आपकी पीड़ा को मुख्यमंत्री और क्षेत्र के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी तक पहुंचाएंगे। रोते हुए लोगों के सर पर हाथ रखकर गहलोत ने कहा कि मैं आपकी पीड़ा को समझ सकता हंू। मेरा प्रयास होगा कि इस क्षेत्र के जितने भी लोग प्रभावित हुए हैं, उन सबका सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलवाया जाए। मुझे पता है कि यहां सैकड़ों घरों का सामान पूरी तरह बेकार हो गया है। गहलोत जब पानी से भरे स्वास्तिक नगर में आए तो लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। घुटने तक के पानी में बड़ी मुश्किल से गहलोत की कार को चलाया गया। मौके पर पुलिस का पर्याप्त बंदोबस्त नहीं होने के कारण गहलोत को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। देखा जाए तो पुलिस प्रशासन ने गहलोत को भीड़ के बीच अपने हाल पर छोड़ दिया। लेकिन इसके बाद भी गहलोत ने कार पर खड़े होकर ही प्रभावित लोगों से बातचीत की। दौरे के बाद गहलोत ने क्षेत्रीय विधायक देवनानी से फोन पर बात की और लोगों की पीड़ा से अवगत कराया। देवनानी ने गहलोत को भरोसा दिलाया कि प्रभावित लोगों की यथा संभव मदद की जाएगी।
हाई मास्क लाइट का लोकार्पण:
पूर्व सीएम गहलोत ने अजमेर आकर भले ही स्वास्तिक नगर की समस्या को प्रदेश स्तर पर हाई लाइट किया हो, लेकिन क्षेत्रीय विधायक और विधानसभा के अध्यक्ष देवनानी ने 6 सितंबर को ही अपने क्षेत्र के तीन स्थानों पर हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण किया। उत्तर क्षेत्र के वरुण सागर रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज, घाटी वाले बालाजी तथा सावित्री चौराहे पर हाईमास्ट लाइटों का लोकार्पण करते हुए देवनानी ने कहा कि इससे रात के समय यातायात सुगम होगा। इसी के साथ देवनानी ने 6 सितंबर को ही काजीपुरा खरेखडी अजयसर आदि गांव का दौरा कर लेपर्ड सफारी की संभावनाओं को तलाशा। देवनानी ने बताया कि इन गांवों में फैली गंगा भैरव घाटी लेपर्ड सफारी के लिए उपयुक्त है। राज्य सरकार ने इसके लिए 19 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। देवनानी ने कहा कि लेपर्ड सफारी से अजमेर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
राठौड़ को मजबूती:
पूर्व सीएम गहलोत के अजमेर आने से आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ को अजमेर की राजनीति में मजबूती मिली है। गहलोत का स्वास्तिक नगर का दौरा राठौड़ की पहल पर ही हुआ है। उल्लेखनीय है कि धर्मेन्द्र राठौड़ अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे को इच्छुक हैं। इसलिए पिछले कई वर्षों से राठौड़ अजमेर में कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं। 6 सितंबर को पूर्व सीएम को अजमेर लाकर राठौड़ ने प्रदर्शित किया कि वे उत्तर क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर हैं। राठौड़ ने कहा कि पूर्व सीएम के दौरे से स्वास्तिक नगर की समस्या प्रदेश स्तर पर हाईलाइट हुई है। उन्होंने कहा कि गहलोत के दौरे के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हुआ है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रशासन को निर्देश भी दिए हैं। राठौड़ ने आरोप लगाया कि बोराज तालाब की पाल को टूटने से रोकने के लिए प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की। क्षेत्रीय नागरिकों ने पाल के टूटने के बारे में पहले ही जानकारी दे दी थी। लेकिन फिर भी प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए। वे लगातार स्वास्तिक नगर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रभावित लोगों को भोजन सामग्री भी उपलब्ध करवाई है। राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को स्वयं अजमेर आकर प्रभावित लोगों की पीड़ा को देखना चाहिए।
S.P.MITTAL BLOGGER (07-09-2025)Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9166157932To Contact- 9829071511