क्या वी.सतीश और अशोक परनामी भी देवनानी और भदेल में एका नहीं करवा सके?

भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री वी.सतीश और प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी 15,16 व 17 अप्रैल तक अजमेर में रहे। इन दोनों वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा बार बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन की नब्ज को टटोला। कई विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों के प्रति कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आई, लेकिन वहीं अजमेर शहर के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों के बीच दरार देखी गई। उम्मीद थी कि दो बड़े नेताओं की मौजूदगी में तो एकता दिखाने का अभिनय किया ही जाएगा लेकिन उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक व स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी और दक्षिण क्षेत्र की विधायक महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल के तेवरों को देखते हुए बड़े नेताओं ने भी कोई जोखिम नहीं उठाया। यही वजह रही कि 17 अप्रैल को जब दक्षिण क्षेत्र का समारोह हुआ तो उत्तर के विधायक देवनानी तथा उत्तर के समारोह में दक्षिण की विधायक भदेल अनुपस्थित रही। भाजपा का आम कार्यकर्ता पहले ही जिन हालातों से परेशान था वैसा ही वी.सतीश और परनामी की मौजूदगी में भी हुआ। यह माना कि दोनों नेताओं ने विधानसभा वार कार्यकर्ताओं से संवाद किया, लेकिन अजमेर के संगठन के हालातों को देखकर यदि दोनों विधायक एक-दूसरे के समारोह में जाते तो सराहनीय होता। इससे कार्यकर्ताओं में भी सकारात्मक संदेश जाता।
शक्ति प्रदर्शन :
भले ही समारोह बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का रहा हो, लेकिन भदेल और देवनानी ने अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यही वजह रही कि बूथ स्तरीय प्रतिनिधि के अलावा दोनों के समर्थक भी बड़ी संख्या में आ गए। दक्षिण क्षेत्र में भदेल और उत्तर क्षेत्र में देवनानी जिन्दाबाद के ही नारे लगे।
सांवरलाल जाट का फोटो गायब :
देवनानी और भदेल ने अपने-अपने समारोह के मंच पर जो बैनर लगाया उसमें अजमेर के सांसद और केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री सांवरलाल जाट का फोटो नहीं था। यह बात अलग है कि जाट स्वयं दोनों समारोह में उपस्थित रहे।
यादव का बढ़ाया रूतबा :
केन्द्रीय सहसंगठन मंत्री वी.सतीश और प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने अपने तीन दिवसीय अजमेर दौरे के अंतिम दिन शहर अध्यक्ष अरविंद यादव का रूतबा बढ़ा दिया। यादव को हटाने की अटकलों के बीच 17 अप्रैल को वी.सतीश और परनामी ने यादव के ब्रह्मपुरी स्थित निवास पर दोपहर का भोजन किया। इस मौके पर यादव ने दोनों बड़े नेताओं को संगठन की असली हकीकत से अवगत करवाया।
एकता का प्रयास करेंगे:
देवनानी और भदेल के विवाद का मामला जब मीडिया ने वी.सतीश व परनामी के सामने रखा तो दोनों नेताओं ने कहा कि राजनीतिक दलों में ऐसा होता ही रहता है। हमारा यह प्रयास होगा कि अजमेर के दोनों मंत्री एक दूसरे के निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लें। उन्होंने कहाकि मंत्री सिर्फ अपने निर्वाचन क्षेत्र का मंत्री नहीं होता। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप दोनों में एकता करवाने की कोशिश की जाएगी। परनामी ने कहा कि अजमेर शहर के अध्यक्ष की घोषणा भी जल्द होगी।
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...