मुकेश जोशी हत्याकांड में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन आईजी ने दिलाया निष्पक्ष जांच का भरोसा

#1507

image
——————————————–
अजमेर के बहुचर्चित मुकेश जोशी हत्याकांड में 29 जून को ब्राह्मण समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में जयपुर के पूर्व सांसद महेश जोशी भी शामिल हुए।
तय कार्यक्रम के मुताबिक ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोग सुबह ही कलेक्ट्रेट पर पहुंच गए। समाज के लोगों ने इस बात पर नाराजगी जताई कि एफआईआर में जिन आरोपियों के नाम लिखे गए हैं, उन्हें पुलिस ने अभी तक भी गिरफ्तार नहीं किया है। जोरदार प्रदर्शन के बाद पूर्व सांसद महेश जोशी के नेतृत्व में समाज के एक प्रतिनिधि मंडल ने रेंज की आईजी मालिनी अग्रवाल और कलेक्टर गौरव गोयल को एक ज्ञापन दिया। इस ज्ञापन में हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 21 जून को स्थानीय पैराडिजो समारोह स्थल के निकट बुलाकर आरोपियों ने मुकेश जोशी की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में 17 वर्षीय नाबालिग हेमराज गुर्जर को मुख्य आरोपी बनाया है। जबकि अकेला नाबालिग मुकेश जोशी की हत्या नहीं कर सकता। पुलिस उन प्रभावशाली लोगों को बचा रही है, जो इस हत्याकांड के पीछे हैं।
आईजी ने दिलाया भरोसा:
प्रतिनिधि मंडल को रेंज की आईजी मालिनी अग्रवाल ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। आईजी ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक विशेष दल का गठन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त वे स्वयं जांच की निगरानी का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि उनके स्तर पर जो भी संभव होगा, वह मदद की जाएगी। आईजी ने स्वर्गीय मुकेश जोशी की पत्नी नीलम जोशी को भी भरोसा दिलाया कि उनके साथ अन्याय नहीं होगा। जो भी अपराधी होगी उसे शीघ्र पकड़ा जाएगा।
कलेक्टर ने भी दिया भरोसा:
जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने भी प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिलाया कि सरकार निष्पक्ष जांच करवाएगी। उन्होंने कहा कि जहां तक सीबीआई से जांच कराने की मांग है, तो इस संबंध में राज्य सरकार की निर्णय ले सकती है। परिजनों की मांग को राज्य सरकार तक भिजवा दिया जाएगा।
प्रदेश भर में होगा आंदोलन:
वहीं कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद महेश जोशी और पार्षद समीर शर्मा ने कहा कि यदि हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। जोशी ने कहा कि भाजपा के शासन में आम आदमी सुरक्षित नहीं है।

(एस.पी. मित्तल) (29-06-2016)
(www.spmittal.in) M-09829071511
www.facebook.com /spmittal.in

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...