स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देेवनानी को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का मामला सीएम तक पहुंचा।

स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देेवनानी को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का मामला सीएम तक पहुंचा। स्वास्थ्य राज्यमंत्री बाजिया पर है आरोप।

============


राजस्थान के स्कूली शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का मामला मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा के संगठन महासचिव चन्द्रशेखर व प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना तक पहुंच गया है। मीडिया में चली खबरों के अनुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री बंशीधर बाजिया 29 जून की सुबह अपने विधानसभा क्षेत्र के शिक्षकों के तबादलों को लेकर देवनानी से मिलने उनके जयपुर स्थित सरकारी आवास पर गए थे। बाजिया का कहना रहा कि उनके क्षेत्र में उनकी बिना सहमति के शिक्षकों के तबादले कर दिए गए। इस पर देवनानी का कहना रहा कि तबादले विधायकों की सिफारिश से ही हुए हैं। दोनों के बीच इतना विवाद हो गया कि बाजिया ने देवनानी के थप्पड़ मार दिया। इस घटना की जानकारी देवनानी ने तत्काल ही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और संगठन के महासचिव चंद्रशेखर को दी। बाद में देवनानी ने भाजपा कार्यालय में प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना और चन्द्रशेखर से मुलकात भी की। देवनानी का कहना रहा कि वे मेहनत कर शिक्षा विभाग को पटरी पर लाए हैं। लेकिन इसके बावजूद भी पार्टी के विधायक ही दुर्व्यवहार कर रहे हैं। टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर थप्पड़ की खबर प्रमुखता से चल रही है, लेकिन बंशीवर बाजिया ने थप्पड़ मारने की पुष्टि नहीं की है। वहीं इस विवाद पर मंत्री देवनानी से भी सम्पर्क नहीं हो सका है। मंत्री के फोन पर बार बार यही कहा जा रहा है कि मंत्री जी किसी जरूरी मीटिंग में व्यस्त है। यहां यह उल्लेखनीय है कि तबादलों को लेकर प्रदेश भर के शिक्षकों में नाराजगी है। दो दिन पहले भी एक शिक्षक ने देवनानी के अजमेर स्थित आवास पर हंगामा किया था। तब पुलिस तक को बुलाना पड़ा। देवनानी और बाजिया में हुए विवाद से भी सत्ता के गलियारों में हलचल मच गई है। इस मामले में गंभीर बात यह है कि दोनों ही मंत्रियों की ओर से शाम तक भी कोई सफाई नहीं दी गई। राजस्थान में यह हालात तब हो रहे हैं जब सात जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जयपुर आ रहे हैं।

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...