भाजपा की बैठक में वसुंधरा राजे का जलवा फीका रहा। 

भाजपा की बैठक में वसुंधरा राजे का जलवा फीका रहा।
पर अमित शाह ने दिया सम्मान।

============

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व दोबारा से सरकार बनने के बाद 13 जून को दिल्ली में भाजपा की बैठक हुई। इस बैठक मे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और संगठन महासचिवों को खासतौर से बुलाया गया। हालांकि बैठक में भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को नहीं बुलाया, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया। इस नाते राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी उपस्थित रही। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी और संगठन महासचिव चन्द्रशेखर के चेहरे पर जो चमक थी, वैसी चमक राजे के चेहरे पर देखने को नहीं मिली। अलबत्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष अमितशाह ने सम्मान देते हुए दीप प्रज्ज्वलन के लिए राजे को मंच पर बुलाया। संभवत: यह पहला अवसर रहा जब भाजपा की राष्ट्रीय बैठक में वसुंधरा राजे की  चमक देखने को नहीं मिली। असल में राजस्थान में विधानसभा चुनाव में हार के बाद राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर प्रदेशों की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन राजे ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का कामकाज नहीं संभाला। राजे की रुचि राजस्थान में ही बनी रही। लोकसभा चुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो रणनीति अपनाई उसका परिणाम रहा कि भाजपा को सभी 25 सीटों पर जीत हासिल हुई। राजे ने न तो प्रदेशभर में दौरा किया और न ही अन्य प्रदेशों में जाकर भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में कोई सभा की। राजे का अधिकांश समय अपने पुत्र दुष्यंत सिंह के झालावाड़ संसदीय क्षेत्र में लगा रहा। कुछ स्थानों पर दिखाने के लिए राजे ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता भी मानते हैं कि जो भूमिका विधानसभा चुनाव में थी, वो भूमिका लोकसभा चुनाव में देखने को नहीं मिली। भाजपा के कुछ उम्मीदवारों ने तो राजे के नकारात्मक व्यवहार की शिकायत राष्ट्रीय नेतृत्व को की है। चाहे आरएलपी के नेता हनुमान बेनीवाल को नागौर से उम्मीदवार बनाने का मामला हो या फिर गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला को भाजपा में शामिल किया जाना हो। इन सभी निर्णयों में राजे की अनदेखी की गई। लोकसभा चुनाव के दौरान ही प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा था कि यदि 21 सीटे मिल जाती है तो फिर राजस्थान में भाजपा के नेतृत्व में बदलाव होगा। परिणाम बताते हैं कि भाजपा को सभी चौबीस सीटों के साथ साथ नागौर की सीट भी हासिल हुई। ऐसे में अब राजस्थान में भाजपा की राजनीति में वसुंधरा राजे का बहुत कम महत्व रह गया है। राजे का दारोमदार अब राष्ट्रीय नेतृत्व पर निर्भर करता है। सब जानते हैं कि विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय नेतृत्व ने राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष को बदलने की सलाह दी थी, लेकिन गजेन्द्र सिंह की नियुक्ति पर वसुंधरा राजे अड़ गई। बाद में समझौते के तहत मदनलाल सैनी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। हालांकि भाजपा ने राजे के नेतृत्व में ही विधानसभा का चुनाव लड़ा। इसकी वजह से भाजपा को सरकार भी गवानी पड़ी। लेकिन अब राजस्थान के हालात बदल चुके हैं। वसुंधरा राजे के बगैर ही लोकसभा के चुनाव में भाजपा ने सभी सीटों पर जीत हासिल की है। जीत भी लाखों मतों की रही है।
एस.पी.मित्तल) (13-06-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
===========
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...