अशोक गहलोत की डिनर डिप्लोमैसी पर प्रो. जोया हसन ने पानी फेरा। 

अशोक गहलोत की डिनर डिप्लोमैसी पर प्रो. जोया हसन ने पानी फेरा।
सीपी जोशी की टिप्पणी ने किया आग में घी का काम।
बसपा विधायक राजेन्द्र गुढा की टिप्पणी का मामला मायावती तक पहुंचा।
गुढा ने प्रदेश प्रभारी धर्मवीर अशोक पर गंभीर आरोप लगाए। 

=========
31 जुलाई की रात को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर स्थित सरकारी आवास पर सभी विधायकों का डिनर रखा। इसमें प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के विधायकों को भी बुलाया गया। इसके पीछे सीएम गहलोत की मंशा विपक्ष के साथ सद्भावना के माहौल को और मजबूत करने की थी। सीएम की व्यक्तिगत पहल की वजह से भाजपा के अधिकांश विधायक डिनर में शामिल हुए। सीएम ने भी कांग्रेस के साथ-साथ एक-एक भाजपा विधायक का स्वयं स्वागत सत्कार किया। सीएम की इस मिलन सरिता की प्रशंसा प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया ने भी की। लेकिन सीएम की इस डिनर डिप्लोमैसी पर अगले ही दिन एक अगस्त को पानी फिर गया। हुआ यूं कि विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की पहल पर राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा और सीएसडीएस के तत्चावधान में विधायकों के लिए सेमीनार का आयोजन किया गया। कायदे से इस सेमीनार में वक्ताओं को विधायी कार्यों पर ही बोलना चाहिए था, लेकिन दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी की निदेशक प्रो. जोया हसन ने पूरा भाषण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर केन्द्रित कर दिया। प्रो. जोया ने कहा कि भाजपा के पांच वर्ष के शासन में ऐसा लगता है कि अब भारत हिन्दुओं का ही है। सीधे पीएम पर हमला करते हुए जोया ने कहा कि 2014 का चुनाव विज्ञापन के बल पर जीता गया तो 2019 का चुनाव सड़कों, भवन आदि के नाम बदल कर जीत लिया। जोया ने जिस तरह पीएम और भाजपा को निशाना बनाया, उस पर भाजपा विधायकों ने एतराज किया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि जिसे प्रो. जोया हसन का भाषण नहीं सुनना है, वह जा सकता है। इस पर भाजपा के सभी विधायक सेमीनार छोड़ कर बाहर आ गए। हंगामे के समय सेमीनार में सीएम अशोक गहलोत भी मौजूद थे।
कांग्रेस की पक्षधर रही हैं जोया हसन:
जानकारों की माने तो सेमीनार में प्रो. जोया हसन को एक रणनीति के तहत बुलाया गया। जोया कांग्रेस की पक्षधर रही हैं। उनके पति को जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी का कुलपति कांग्रेस के शासन में ही बनाया गया। प्रो. जोया स्वयं भी राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग से जुड़ी रही हैं। कांग्रेस की गोष्ठियों, सेमीनार आदि में मुख्यवक्ता के तौर पर भाषण देती रही हैं। पूर्व में जिन कलाकारों, पत्रकारों, बुद्धिजीवियों आदि ने अवार्ड वापस किए, तब प्रो. जोया उनके समर्थन में खड़ी थीं। चंूकि सीपी जोशी विधानसभा अध्यक्ष बनने से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भी रहे, इसलिए प्रो. जोया उनके सम्पर्क में थीं। यही वजह रही कि प्रो. जोया को रोकने के बजाए जोशी ने भाजपा विधायकों को ही सेमीनार से चले जाने को कह दिया। सवाल उठता है कि सेमीनार में विधायकों के लिए विधायी कार्य को समझाने के लिए हो रही है, उसमें प्रधानमंत्री और भाजपा की आलोचना क्यों की जा रही है? क्या सीएम अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की उपस्थिति में कांग्रेस और राहुल गांधी  की आलोचना की जा सकती है?
गुढा की टिप्पणी मायावती तक पहुंची:
इसी सेमीनार में उदयपुरवाटी के बसपा विधायक राजेन्द्र गुढा ने कहा कि मेरी पार्टी बसपा में पैसे लेकर टिकिट दिया जाता है। यदि पहले दावेदार से दूसरा ज्यादा पैसे देता है तो उसे उम्मीदवार बना दिया जाता है। गुढा ने जानना चाहा कि राजनीतिक दलों में इस बुराई को कैसे रोका जाए? हालांकि सेमीनार में गुढा के इस सवाल पर किसी ने भी जवाब नहीं दिया, लेकिन गुढा की यह टिप्पणी जब बसपा प्रमुख मायावती तक पहुंच गई। सूत्रों की माने तो मायावती ने गहरी नाराजगी जताई है। अब गुढा को कारण बताओं नोटिस भी दिया जा रहा है। हो सकता है कि गुढा को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए। राजस्थान में बसपा के 6 विधायक हैं।
प्रदेश प्रभारी पर आरोप:
2 अगस्त को बसपा विधायक राजेन्द्र गुढा ने बसपा के प्रदेश प्रभारी धर्मवीर अशोक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। गुढा ने कहा कि धर्मवीर तो भ्रष्टाचार में आकंठ में डूबे हुए हैं। उन्होंने धर्मवीर को राजस्थान का प्रभारी बनाए जाने पर भी आपत्ति दर्ज की। वहीं गुढा ने राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत की जमकर प्रशंसा की। गुढा ने कहा कि गहलोत ही सबको साथ लेकर चल सकते हैं। वहीं बसपा विधायक दल के नेता लाखन मीणा ने कहा कि गुढा ने पैसे देकर टिकिट लेने का जो आरोप लगाया है वह उनकी व्यक्तिगत सोच है। उन्होंने कहा कि बसपा का टिकिट लेने के लिए उन्होंने कोई राशि किसी नेता को नहीं दी।
एस.पी.मित्तल) (02-08-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
=========== 
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...