काश! अजमेर में सीवरेज शुल्क वसूली का विरोध विधायक वासुदेव देवनानी भाजपा के शासन में करते।

काश! अजमेर में सीवरेज शुल्क वसूली का विरोध विधायक वासुदेव देवनानी भाजपा के शासन में करते।
अब कांग्रेस सरकार में कौन सुनेगा?

==========
अजमेर उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने 11 फरवरी को राजस्थान विधानसभा में अजमेर शहर में सीवरेज शुल्क वसूली का मुद्दा उठाया। देवनानी का कहना रहा कि जिन उपभोक्ताओं ने कनेक्शन नहीं लिया है उनसे पानी के बिल के साथ सीवरेज शुल्क जबरन वसूला जा रहा है। कई क्षेत्रों में तो सीवरेज की सुविधा अभी शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन फिर भी शुल्क वसूला जा रहा है। इसमें कोई दो राय नहीं कि देवनानी ने जनहित से जुड़ा मुद्दा विधानसभा में उठाया है। इसके लिए देवनानी बधाई के पात्र हैं, लेकिन सवाल उठता है कि देवनानी ने यह मुद्दा अपनी भाजपा सरकार में क्यों नहीं उठाया? अजमेर में वर्ष 2017 से ही पानी के बिल के साथ सीवरेज शुल्क की जबरन वसूली हो रही है। उस समय तो देवनानी भाजपा सरकार में स्वतंत्र प्रभार के शिक्षा राज्यमंत्री थे। तब यदि देवनानी जबरन वसूली के मुद्दे को उठाते तो असर भी होता। लेकिन मंत्री रहते हुए देवनानी चुप हैं और अजमेर शहर के उपभोक्ताओं को लूटते हुए देखते रहे। अब जब देवनानी विपक्ष में हैं तो सीवरेज शुल्क वसूली का विरोध कर रहे हैं। इससे प्रतीत होता है कि सत्ता में रहते अलग सोच होती है। तब सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं को आम लोगों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं होता है। सवाल उठता है कि कांग्रेस शासन में देवनानी की कौन सुनेगा? जो जबरन वसूली भाजपा शासन में शुरू हुई, उसे कांग्रेस की सरकार क्यों रोकेगी? देवनानी विधानसभा में समस्या को उठा कर अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो जाते हैं। अच्छा हो कि ऐसी समस्याओं के लिए देवनानी जनआंदोलन करें। देवनानी उत्तर क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधायक बने हैं। ऐसे में अजमेर में देवनानी की खासी लोकप्रियता है। किसी भी सरकार के जनआंदोलनों का ही असर होता है। विधानसभा में सवाल उठाने का किसी भी सरकार पर असर नहीं होता। अजमेर नगर निगम के चुनाव अगस्त में होने हैं, ऐसे में सीवरेज शुल्क के विरोध में देवनानी जनआंदोलन करवा सकते हैं। सीवरेज शुल्क वसूली से अजमेर के आम लोगों में गुस्सा है।
(एस.पी.मित्तल) (12-02-2020)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
वाट्सएप ग्रुप से जोडऩे के लिए-95097 07595
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
Print Friendly, PDF & Email

You may also like...