कोरोना वैक्सीन आने से पहले ही मुस्लिम देशों में विवाद। पाकिस्तान के मौलानाओं ने तो इसे अमरीका की साजिश बताया। भारत में देव बंद और बरेलवी के धर्म गुरुओं ने अपने अपने नज़रिए से दलील दी।

कोरोना वायरस को नियंत्रित या खत्म करने के लिए जब पूरी दुनिया वैक्सीन का बेसब्री से इंतजार कर रही है,तब अनेक मुस्लिम देशों में वैक्सीन के उपयोग को लेकर विवाद हो गया है। दुनिया में करीब 50 मुस्लिम देश हैं, लेकिन विवाद की शुरुआत इंडोनेशिया से हुई है। इंडोनेशिया की सरकार ने वैक्सीन के लिए चीन के साथ सहमति जताई है। इंडोनेशिया के वैज्ञानिकों के एक दल ने हाल ही में चीन की दवा कंपनियों का जायजा भी लिया है। लेकिन चीन अभी यह नहीं बता रहा है कि वैक्सीन में किस सामग्री का उपयोग किया गया है। माना जा रहा है कि वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए जिस जिलेटिन को काम में लिया जाएगा, उसमें सुअर की चर्बी का उपयोग होता है। इस्लाम में सुअर की चर्बी को नाजायज माना जाता है। ऐसे में इंडोनेशिया के अनेक मुस्लिम धर्म गुरुओं ने सरकार से कहा है कि पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि वैक्सीन में कोई नाजायज सामग्री नहीं हो। अनेक मुस्लिम देशों में वैक्सीन के जायज और नाजायज को लेकर बहस छिड़ गई है। पाकिस्तान के मौलानाओं ने तो इसे अमरीका की साजिश बता दिया है। ऐसे मौलानाओं का कहना है कि यह सब मुसलमानों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। इंजेक्शन के बहाने शरीर में चिप लगा दी जाएगी। पाकिस्तान में अमरीका और चीन से वैक्सीन मंगाने की बात हो रही है। इधर भारत में देव बंद के कारी इसहाक गौरा का कहना है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीन का लगवाना जरूरी है। कोरोना संक्रमण ने मुस्लिम आबादी को भी नुकसान पहुंचाया है। लोगों को वैज्ञानिकों की सलाह को मानना चाहिए। लेकिन वहीं बरेली के शाह रिज़वी बरेलवी ने कहा है कि इस्लाम के अनुसार कोई भी मुसलमान नाजायज सामग्री का उपयोग नहीं कर सकता है। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोरोना की वैक्सीन में काम में आई सभी वस्तुएँ जायज हैं। वहीं देश के अनेक वैज्ञानिकों और चिकित्सकों की राय है कि मौजूदा समय में लोगों की जान बचाना जरूरी है। कोरोना के वायरस के कारण दुनियाभर में न केवल लाखों लोगों की मौत हुई है, बल्कि आर्थिक स्थिति भी खराब हुई है। कोरोना की वैक्सीन को लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। यह वैक्सीन दुनियाभर के लिए जरूरी है। वैज्ञानिकों ने बड़ी मुश्किल और विपरीत परिस्थितियों में वैक्सीन को तैयार किया है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (23-12-2020)

Website- www.spmittal.in

Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog

Blog- spmittal.blogspot.com

To Add in WhatsApp Group- 9509707595

To Contact- 9829071511  

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...