अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों में से 49 पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत। विधायक वासुदेव देवनानी और अनिता भदेल ने अपने अपने क्षेत्रों में दम दिखाया। उत्तर क्षेत्र के 36 में से 26 वार्डों में भाजपा की जीत। कांग्रेस सिर्फ 17 वार्डों में सिमटी, 13 वार्डों में निर्दलीय और एक वार्ड में आरएलपी की जीत। नेताओं की गुटबाज़ी से कांग्रेस का बंटाधार। लेकिन गजेन्द्र सिंह रलावता जीत। बृजलता हाड़ा का अब अजमेर का मेयर बनना तय। प्रतिद्वंदी दोनों दावेदार चुनाव हारी। भाजपा के नीरज जैन मात्र एक वोट से जीते। अब डिप्टी मेयर को लेकर घमासान। नवनिर्वाचित भाजपा के पार्षद जयपुर पहुंचे।

अजमेर नगर निगम पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा हो गया है। 31 जनवरी को घोषित 80 वार्डों के चुनाव परिणाम में 49 वार्डों में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत हुई है। कांग्रेस मात्र 17 वार्डों में वार्डों में सिमट कर रह गई है। 13 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, जबकि एक वार्ड में कांग्रेस के समर्थन से आरएलपी की उम्मीदवार जीती हैं।बृजलता हाड़ा का मेयर बनना तय:नगर निगम में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद अब माना जा रहा है कि बृजलता हाड़ा अजमेर की मेयर होंगी। श्रीमती हाड़ा शहर जिला भाजपा के अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा की पत्नी हैं। श्रीमती हाड़ा के मुकाबले में मेयर पद पर दावेदारी जता रहीं श्रीमती वंदना नरवाल, डॉ. नेहा भाटी दोनों ही पार्षद का चुनाव हार गई हैं। अब भाजपा में श्रीमती हाड़ा को चुनौती देने वाला कोई मजबूत उम्मीदवार नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा का प्रदेश नेतृत्व भी श्रीमती हाड़ा के पक्ष में ही है। श्रीमती हाड़ा के पति प्रियशील हाड़ा ने दस वर्ष पहले मेयर पद के लिए चुनाव लाड़ा था, लेकिन तब सीधी चयन प्रणाली में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। डॉ. हाड़ा की छवि भाजपा में साफ-सुथरी रही है। कुछ लोग डॉ. हाड़ा को दक्षिण क्षेत्र की भाजपा विधायक श्रीमती अनिता भदेल का प्रतिद्वंदी मानते हैं, हालांकि डॉ. हाड़ा ने कभी भी विधायक भदेल से राजनीतिक मुकाबला करने का प्रयास नहीं किया। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। श्रीमती भदेल लगातार चौथी बार इस क्षेत्र से विधायक हैं। अब जब डॉ. हाड़ा की पत्नी मेयर बनने जा रही है, तब 2023 में होने वाले विधानसभा के चुनाव में भी श्रीमती भदेल को कोई चुनौती नहीं होगी।दोनों विधायकों ने दिखाया दम:नगरनिगम के 80 वार्डों के परिणाम बताते हैं कि भाजपा के दोनों विधायक वासुदेव देवनानी और श्रीमती अनिता भदेल ने अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों में दम दिखाया है। देवनानी के उत्तर विधानसभा क्षेत्र में निगम के 36 वार्ड आते हैं,इनमें से 26 वार्डों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। भाजपा के जिन कार्यकर्ताओं ने निगम चुनाव में देवनानी के नेतृत्व को चुनौती देने की कोशिश की, उन सभी को हार का सामना करना पड़ा। देवनानी की शिकायत पर उत्तर क्षेत्र के 10 बागी उम्मीदवारों को भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था। 31 जनवरी को घोषित चुनाव परिणाम में उन 10 बागी उम्मीदवारों में से 9 चुनाव हार गए। सिर्फ वार्ड 6 से भाजपा के बागी उम्मीदवार कुंदन वैष्णव ही जीत पाए हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र में तीन मुस्लिम बहुल्य वार्ड हैं। इन वार्डों में भाजपा की हार पहले से ही तय मानी जा रही थी। जिस प्रकार उत्तर क्षेत्र में देवनानी ने अपना राजनीतिक कौशल साबित किया है उसी प्रकार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा की विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने अपनी राजनीतिक कुशलता दिखाई है। हालांकि दक्षिण क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में भाजपा के बागी उम्मीदवारों ने समीकरण बिगाड़े लेकिन इसके बाद भी भाजपा का उल्लेखनीय प्रदर्शन सामने आया है।गुटबाजी से कांग्रेस का बंटाधार:नगर निगम के चुनाव में अजमेर में कांग्रेस कई गुटों में विभाजित देखी गई। गुटबाजी के कारण ही कांग्रेस को 80 वार्डों में से मात्र 17 वार्डों में जीत हासिल हुई है। कांग्रेस में टिकिटों को लेकर खींचतान रही। कांग्रेस के नेता महेन्द्र सिंह रलावता, हेमंत भाटी, विजय जैन, डॉ. राजकुमार जयपाल, डॉ. श्रीगोपाल बाहेती आदि अपने अपने समर्थकों को टिकिट दिलवाने में सफल तो रहे, लेकिन चुनाव नहीं जितवा सके। कांग्रेस ने एकजुट हो कर चुनाव लड़ा ही नहीं। कांग्रेस के इन प्रमुख नेताओं में सिर्फ विजय जैन के वार्ड संख्या 42 में ही कांग्रेस उम्मीदवार की जीत हुई है। डॉ. श्री गोपाल बाहेती, हेमंत भाटी, राजकुमार जयपाल, महेन्द्र सिंह रलावता और नसीम अख्तर जिन वार्डों में रहते हैं, उन वार्डों में कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव हार गए हैं। यानि ये नेता अपने वार्ड से भी कांग्रेस को जितवाने की स्थिति में नहीं है। कांग्रेस के लिए एक सुखद बात यह है कि वरिष्ठ नेता महेन्द्र सिंह रलावता के छोटे भाई गजेन्द्र सिंह रलावता पार्षद बन गए हैं। गजेन्द्र सिंह रलावता दो माह पहले तक निगम के उपायुक्त थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने पार्षद का चुनाव लड़ा और अब पार्षद बन कर निगम में अपने सेवाएं देंगे।डिप्टी मेयर को लेकर घमासान:प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों को जयपुर ले जाया गया है। चूंकि मेयर का पद एससी वर्ग की महिला के आरक्षित है, इसलिए अब पार्षदों के बीच डिप्टी मेयर के पद को लेकर घमासान मचा हो रहा है। डिप्टी मेयर के दावेदार अधिकांश उम्मीदवार पार्षद बन गए हैं। इनमें रमेश सोनी, नीरज जैन, अजय वर्मा, ज्ञान सारस्वत, सुरेन्द्र वालिया आदि शामिल हैं। कई पार्षद तो प्रदेश नेतृत्व में भी अपना दखल रखते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जिस दावेदार के पक्ष में सबसे ज्यादा पार्षद होंगे उसे डिप्टी मेयर बना दिया जाएगा। ऐसे में शहर के दोनों विधायकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।वार्ड वार चुनाव परिणाम:वार्ड नम्बर 1 में कांग्रेस के बनवारी लाल शर्मा ने भाजपा के सतीश बंसल को हराया है,शर्मा को 1825 व बंसल को 1416 वोट मिले हैं। वार्ड नम्बर 2 में भाजपा के मनोज कुमार मानवानी ने निर्दलीय उम्मीदवार मनोज बैरवा को हराया है, मानवानी को 1724 और बैरवा को 924 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार शैलेश गुप्ता को 743 वोट मिले। बैरवा मौजूदा पार्षद हैं और कांग्रेस का टिकिट नहीं मिलने के कारण बगावत की। वार्ड नम्बर 3 में भाजपा की उम्मीदवार प्रतिभा पाराशर ने निर्दलीय उम्मीदवार संध्या काबरा को हराया है, प्रतिभा को 1784 व संध्या को 1334 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस की उम्मीदवार मंजू सोनी को मात्र 535 वोट मिले हैं। वार्ड नंबर 4 में भाजपा के ज्ञानचंद सारस्वत (3276 वोट) ने कांग्रेस के राजीव कच्छावा (434 वोट) को हराया है।  वार्ड नम्बर 5 में भाजपा के अजय वर्मा (2066) ने कांग्रेस की प्रेम कंवर को (1310) हराया है। वार्ड नम्बर 6 में निर्दलीय उम्मीदवार कुंदरन वैष्णव (621) ने भाजपा के सुरेश नवाल (300) को हराया है। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार रवि प्रकाश को (279 वोट) मिले। वार्ड नम्बर 7 में आरएलपी की श्रीमती गीता (1880) ने भाजपा की वंदना नरवाल (1464) को हराया है। इस वार्ड में कांग्रेस अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सकी। इसलिए  आरएलपी को समर्थन दिया था। आरएलपी की जीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वार्ड नम्बर 8 में भाजपा के सुभाष जाटव (1648) ने कांग्रेस के हेमंत जसोरिया (948) को हराया है।  वार्ड नम्बर 9 में भाजपा की अंजली (1298) ने निर्दलीय अशद रजा कुरैशी (1168) को हराया है। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार आरिफ हुसैन को (1046) वोट मिले हैं। वार्ड नम्बर 10 में भाजपा के राजू साहू (858) ने निर्दलीय उम्मीदवार मुकेश कुमार (600) को हराया है। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार राजेश गोड़ीवाल को (493) वोट मिले हैं। वार्ड संख्या 11 में निर्दलीय उम्मीदवार अजहर खान (836) ने अपने प्रतिद्वंदी निर्दलीय उम्मीदवार  फुरखान हुसैन (819) को हराया है। यहां कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं किया, जबकि भाजपा के उम्मीदवार शहजाद खान को (138) वोट मिले हैं। वार्ड संख्या 12 में शाहजहां बीबी (1119) ने निर्दलीय उम्मीदवार सुहालिया खान (823) को हराया है, इस वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार इफत फातिमा को (689) वोट मिले, जबकि भाजपा की उम्मीदवार जेबा नाज को मात्र 36 वोट प्राप्त हुए। यहां भी कांग्रेस ने उम्मीदवार खड़ा नहीं किया। वार्ड नम्बर 13 में निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद शाकिर (790) ने निर्दलीय उम्मीदवार मेहमूद खान (787) को हराया। यहां भाजपा के उम्मीदवार मोहम्मद तोफिक को 140 वोट मिले। वार्ड नम्बर 14 में भाजपा की हेमलता बंसल (890) ने कांग्रेस की भावना चौहान (488) को हराया, यहां राखी चौरसिया को 416 वोट मिले। वार्ड संख्या 15 से कांग्रेस के नकुल खंडेलवाल (602) ने निर्दलीय उम्मीदवार मयंक गुप्ता (589) कको हराया। यहां भाजपा के उम्मीदवार किशन बालानी को 539 वोट मिले।  वार्ड नम्बर 16 से भाजपा की भारती श्रीवास्तव (1683) ने कांग्रेस के हिमांशु गर्ग (1544) को हराया। वार्ड नम्बर 17 मे भाजपा के विक्रम तंबोली (1743) ने निर्दलीय उम्मीदवार विनय (1230) को हराया। यहां कांग्रेस की उम्मीदवार सुमित्रा खेतावत को 617 वोट मिले। वार्ड नम्बर 18 में कांग्रेस की उम्मीदवार पिंकी बालोटिया (1616) ने भाजपा के मुकेश मेघवंशी (726) को हराया। वार्ड नम्बर 19 में भाजपा की सीता टांक (930) ने निर्दलीय रेखा देवी (895) को कराया, यहां कांग्रेस की पिंकी को 379 वोट मिले। वार्ड नम्बर 20 में कांग्रेस की हितेशवरी (1527) ने भाजपा की ममता शर्मा (1166) को हराया। वार्ड नम्बर 21 में भाजपा की किरण (1996) ने निर्दलीय उम्मीदवार प्रकाश चंद बोहरा (1015) को हराया। यहां कांग्रेस के कमलेश कुमार को 506 वोट मिले।  वार्ड नम्बर 22 में भाजपा के हेमंत सुनारीवाल (1580) ने कांग्रेस की नीता केन (1434) को हराया। वार्ड नम्बर 23 में निर्दलीय उम्मीदवार नरेश सारवान (1310) ने अपने प्रतिद्वंदी निर्दलीय अमृतलाल नहारिया (1033) को हराया। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार राजेश बोयत को 317 व भाजपा के अमर सिंह लावणा को 223 वोट मिले। वार्ड नम्बर 24 में भाजपा के लोकेश वर्मा (1183) ने कांग्रेस की पुष्पा शर्मा (1101) को हराया। वार्ड नम्बर 25 में भाजपा के बलराम कृष्ण (1255) ने निर्दलीय उम्मीदवार दिनेश कुमार (1233) को हराया। यहां कांग्रेस के उम्मीदवार विजय नागौरा को मात्र 242 वोट मिले। वार्ड नम्बर 26 में कांग्रेस की रश्मि हिंगोरानी (1644) ने भाजपा के जितेन्द्र रंगवानी (1287) को हराया। वार्ड नम्बर 27 में निर्दलीय उम्मीदवार विनोद कुमार (1405) ने कांग्रेस की राखी टोनी (977) को हराया। यहां भाजपा के उम्मीदवार रोशन को 886 वोट मिले। वार्ड 28 में भाजपा की भारती जांगिड (1648) में निर्दलीय उम्मीदवार गायत्री सोनी (1110) को हराया, यहां कांग्रेस की उम्मीदवार शुभा चौधरी को 890 वोट मिले। वार्ड नम्बर 29 में भाजपा की हेमलता का पहले ही निर्विरोध चयन हो गया था। वार्ड संख्या 30 में निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद वसीम (1482) ने कांग्रेस के राजेश यादव (594) को हराया। यहां भाजपा के उम्मीदवार गोवर्धन गुर्जर को 557 वोट मिले। वार्ड संख्या 31 में भाजपा की सुनीता चौहान (2099) ने कांग्रेस की माधवी (1568) को हराया। वार्ड संख्या 32 में कांग्रेस के आरिफ खान (1644) ने भाजपा के परविंद सिंह हाड़ा (521) को हराया, यहां सत्यनारायण माली को 466 वोट मिले। वार्ड नम्बर 33 में निर्दलीय जावेद खान (1391) ने भाजपा के गणेश रावत (1176) को हराया, यहां कांग्रेस के अबरार अहमद को 677 वोट मिले।  वार्ड संख्या 34 में भाजपा महेन्द्र राव (1663) ने निर्दलीय उम्मीदवार सरला (1262) को हराया, यहां कांग्रेस की उम्मीदवार जयश्री शर्मा को 454 वोट मिले। वार्ड संख्या 35 में भाजपा की भावना चौहान (1253) ने कांग्रेस की सुंदर देवी (562) को हराया। वार्ड संख्या 36 भाजपा के पृथ्वी सिंह (2039) ने कांग्रेस की जनता रावत (1135) को हराया। वार्ड संख्या 37 भाजपा के सोहन सिंह रावत (1586) ने कांग्रेस के वीर सिंह (1029) को हराया। वार्ड संख्या 38 में भाजपा के देवेन्द्र सिंह (1404) ने कांग्रेस के ईश्वर टहिल्यानी (865) को हराया। वार्ड संख्या 39 में भाजपा के राधिका गुर्जर (1586) ने कांग्रेस की पायल गुर्जर (891) को हराया।  वार्ड संख्या 40 में भाजपा की निर्मला शर्मा (1722) ने कांग्रेस की रजनी कच्छावा (916) को हराया। वार्ड संख्या 41 में भाजपा की नीतू मिश्रा (1687) ने कांग्रेस की वनीता भडाणा (1240) को हराया। वार्ड संख्या 42 में कांग्रेस के श्यामसुदंर (868) ने भाजपा के संदीप माखीजानी (739) को हराया। वार्ड संख्या 43 में निर्दलीय उम्मीदवार काजल यादव (1961) ने भाजपा की बीनू (1125) को हराया। यहां कांग्रेस की उम्मीदवार रेखा पिंगोलिया को मात्र 412 वोट मिले। वार्ड संख्या 44 में कांग्रेस की द्रोपदी कोली (1164) ने भाजपा की विस्मिता चित्तौडिय़ा (878) को हराया। वार्ड संख्या 45 में निर्दलीय उम्मीदवार बीना टांक (1007) ने भाजपा की मनीषा गौड (934) को हराया, यहां कांग्रेस की उम्मीदवार सोनल मौर्य को 543 वोट मिले। वार्ड 46 में भाजपा के हेमंत सांखला (2060) ने कांग्रेस के धर्मेन्द्र नागवाल (848) को हराया। वार्ड संख्या 47 में भाजपा की कुसुम लता (1493) ने कांग्रेस की कीर्ति हाड़ा (1131) को हराया। वार्ड संख्या 48 में कांग्रेस की चचंल देवी (2038) ने भाजपा के अशोक कुमार (1179) को हराया। वार्ड संख्या 49 में कांग्रेस की लक्ष्मी (760) ने निर्दलीय निलीमा चित्तौडिय़ा (536) को हराया, यहां भाजपा की कृष्णा सुचेता को 423 वोट मिले। वार्ड संख्या 50 में कांग्रेस के नरेश सत्यावना (1196) ने भाजपा की डॉ. नेहा भाटी (696) को हराया। वार्ड संख्या 51 में भाजपा की बृजलता हाड़ा (2754) ने कांग्रेस की किरण (1595) को हराया। वार्ड 52 में भाजपा सीलम (1270) ने कांग्रेस की मधूबाला (953) को हराया। वार्ड संख्या 53 कांग्रेस के कुशल कोमल (949) ने भाजपा के सत्यनाराण (695) को हराया। वार्ड संख्या 54 में कांग्रेस के सुनील धानका (1683) ने निर्दलीय मदन कुमार (979) को हराया, यहां भाजपा के दीपक धानका को 651 वोट मिले। वार्ड संख्या 55 में भाजपा के रजनीश चौहान (1054) ने कांग्रेस के विनोद आसनानी (775) को हराया। वार्ड संख्या 56 में भाजपा की अंजना शेखावत (1371) ने कांग्रेस की शिवांगी शर्मा (902) को हराया। वार्ड संख्या 57 में निर्दलीय रणजीत सिंह (1291) ने कांग्रेस के दीपक यादव (1254) को हराया, यहां भाजपा के हेमांश सेठी को 801 वोट मिले। वार्ड संख्या 58 में कांग्रेस के मनीष सेठी (684) ने भाजपा के चन्द्रशेखर शर्मा (598) को हराया। वार्ड 59 में निर्दलीय श्रवण कुमार (1010) ने भाजपा के बलराज कच्छावा (700) को हराया, यहां कांग्रेस के सुनील दग्दी को 449 वोट मिले। वार्ड 60 में भाजपा की डिपंल शर्मा (1553) ने निर्दलीय उम्मीदवार आभा भारद्वाज (1317) को हराया, यहां कांग्रेस की सोनिया गुर्जर को 821 वोट मिले। वार्ड 61 में भाजपा की गीता देवी (1001) ने कांग्रेस की मीनाक्षी (997) को हराया। वार्ड 62 में निर्दलीय नरेन्द्र तुनवाल (1366) ने भाजपा के आदित्य ढलवाल (660) को हराया, यहां कांग्रेस की मंजू को 613 वोट मिले। वार्ड 63 में भाजपा के राजेन्द्र सिंह राठौड़ (2397) ने निर्दलीय शौकत अली (1739) को हराया, यहां कांग्रेस के बृजेन्द्र राठौड़ को 474 वोट मिले। वार्ड 64 में भाजपा के रिंकू जादम (1979) ने कांग्रेस की मोनिका सतरावला (972) को हराया। वार्ड 65 में कांग्रेस के नौरत गुर्जर (2264) ने भाजपा के सत्यनारायण शर्मा (974) को हराया। वार्ड 66 में भाजपा के नीरज जैन (1581) ने कांग्रेस के गणेश चौहान को (1580) हराया। वार्ड 67 में भाजपा नलिनी शर्मा (1315) ने निर्दलीय इंदू राठी (622) को हराया, यहां कांग्रेस की अरुणा कच्छावा को 432 वोट मिले। वार्ड 68 में कांग्रेस की अनिता चौरसिया (1160) ने भाजपा की इंदिरा यादव (1124) को हराया, यहां निर्दलीय संतोष यादव को 929 वोट मिले।  वार्ड 69 में भाजपा के अशोक मुदगल (1140) ने कांग्रेस के दीनदयाल शर्मा (1019) को हराया। वार्ड 70 में भाजपा के किशन कुमार त्रिपाठी (1114) ने कांग्रेस के राजेश शर्मा (782) को हराया। वार्ड 71 में भाजपा के रमेश सोनी (1863) ने कांग्रेस की मोनिका जैन (1347) को हराया। वार्ड 72 में कांग्रेस के गजेन्द्र रलावता (1575) ने भाजपा के गोपाल शर्मा (1119) को हराया। वार्ड 73 में भाजपा की प्रियंका सांखला (1436) ने कांग्रेस की चन्द्रकांता (641) को हराया। वार्ड 74 में भाजपा की रुबी जैन (1739) ने कांग्रेस की कन्या देवी (1149) को हराया। वार्ड 75 में भाजपा के रमेश चेलानी (808) ने निर्दलीय सतीश कुमार वर्मा (510) को हराया, यहां कांग्रेस के उम्मीदवार एडवोकेट योगेन्द्र ओझा को मात्र 146 वोट मिले। वार्ड 76 में भाजपा के अतिश माथुर (1447) ने कांग्रेस के समीर भटनागर (587) को हराया। वार्ड 77  में भाजपा के जितेन्द्र लालवानी (1991) ने निर्दलीय हरिराम कोठवानी (306) को हराया। वार्ड 78 में कांग्रेस के हमिद खान (2328) ने भाजपा के कृष्ण कुमार टांक (886) को हराया। वार्ड 79 में भाजपा के वीरेन्द्र वालिया (1673) ने निर्दलीय बबीता विश्नोई (586) को हराया, यहां कांग्रेस के राजकुमार मात्र 229 वोट मिले। वार्ड 80 में भाजपा के धर्मेंद्र सिंह चौहान (2593) ने कांग्रेस के मुबारक अली (2247) को हराया। S.P.MITTAL BLOGGER (31-01-2021)Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9509707595To Contact- 9829071511  

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...