वसुंधरा राजे के जन्मदिन का जश्न भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व पर दबाव बनाएगा। 71 में से 30 विधायकों ने भरतपुर पहुंचकर बधाई दी। राजनीति में दबदबा बनाए रखने के लिए पूर्व सीएम राजे ने बद्रीनाथ मंदिर की 330 सीढिय़ां भी चढ़ी। किशनगढ़ के विधायक सुरेश टाक भी भरतपुर पहुंचे।

राजस्थान की पूर्व सीएम और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने अपने 8 मार्च के जन्मदिन को भले ही देवदर्शन का रूप दिया हो, लेकिन 7 और 8 मार्च को भरतपुर के मंदिरों में जन्मदिन का जश्न धूमधाम से मनाया गया। लंच और डिनर पार्टी की जगह भंडारे का आयोजन किया गया। 8 मार्च को सुबह वसुंधरा राजे ने अपने समर्थकों के बीच एक बड़ा केक भी काटा। राजे के समर्थक दो दिनों तक भरतपुर जिले में ही जमा रहे। इन दो दिनों में भाजपा के करीब 30 विधायकों ने भरतपुर पहुंच कर राजे को जन्मदिन की बधाई दी। मौजूदा समय में प्रदेश में भाजपा के 71 विधायक हैं। 7 मार्च को राजे ने जहां गिर्राज जी की परिक्रमा की वहीं 8 मार्च को बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन किए। मंदिर तक पहुंचने के लिए राजे ने कोई 330 सीढिय़ां चढ़ी। उम्र के लिहाजा से राजे को सीढिय़ा चढ़ते समय कई स्थानों पर रुकना पड़ा, ताकि वे सांस ले सके। हालांकि राजे के साथ सुरक्षा कर्मी भी उपस्थित थे। लेकिन राजे ने अपने दम पर ही मंदिर की सीढिय़ां चढ़ी। इसके लिए राजे ने सीढिय़ों पर लगी रेलिंग का सहारा भी लिया। दो दिनों में राजे ने अपना राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन कर दिया है। समर्थकों का मानना है कि यह शक्ति प्रदर्शन अब भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व पर दबाव बनाएगा। भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व चाहता है कि राजे भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हों। इसीलिए राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बनाया गया है। लेकिन राजे की रुचि राजस्थान में ही सक्रिय रहने में है। राजे ने 7 मार्च को अपने संबोधन में यह स्पष्ट कर दिया कि वे राजस्थान में ही राजनीति करेंगी। अब देखना होगा कि राजे के इस दबाव के बाद भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व क्या निर्णय लेता है। अलबत्ता राजे ने जिस तरह से अपना जन्मदिन मनाया उससे प्रदेश भाजपा में चल रहा आंतरिक विवाद सार्वजनिक हो गया है। राजे के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी ट्वीट कर बधाई दी है।

विधायक सुरेश टाक भी भरतपुर पहुंचे:

अजमेर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र के निर्दलीय विधायक सुरेश टाक भी 8 मार्च को वसुंधरा राजे को जन्मदिन की बधाई देने के लिए भरतपुर पहुंचे। टाक ने भी गुलदस्ता भेंट कर राजे को बधाई दी। यहां यह उल्लेखनीय है कि निर्दलीय विधायक बनने से पहले टाक भाजपा में ही थे। मौजूदा समय में टाक प्रदेश की कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे हैं। टाक का भरतपुर जाकर राजे को बधाई देना राजनीतिक दृष्टि से बहुत मायने रखता है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (08-03-2021)

Website- www.spmittal.in

Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog

Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11

Blog- spmittal.blogspot.com

To Add in WhatsApp Group- 9602016852

To Contact- 9829071511  

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...