राजस्थान में सतीश पूनिया के हस्ताक्षर से ही घोषित होंगे भाजपा के उम्मीदवार। चलो! एक किस्सा तो खत्म हुआ। 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले भाजपा नेता भी चुनाव लड़ सकेंगे, इस घोषणा से अजमेर उत्तर के कई भाजपाई मायूस।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ही अगले विधानसभा चुनाव तक अध्यक्ष रहेंगे। यानी नवंबर 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पूनिया के हस्ताक्षर से ही प्रदेश भर में भाजपा के उम्मीदवार घोषित होंगे। अरुण सिंह की इस घोषणा से प्रदेश भाजपा का एक किस्सा खत्म हो गया है। चूंकि यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सबसे विश्वासपात्र महासचिव अरुण सिंह ने की है। इसलिए घोषणा की क्रियान्विति पर कोई संदेह नहीं है। असल में पूनिया का तीन वर्ष का कार्यकाल आगामी सितंबर माह में समाप्त हो रहा है, इसलिए राजस्थान भाजपा में अध्यक्ष बदलने की चर्चा हो रही थी। पूनिया का विरोधी खेमा कार्यकाल पूरा होने की आड़ लेकर पूनिया को हटाने में सक्रिय था, लेकिन अरुण सिंह की घोषणा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि विधानसभा चुनाव तक पूनिया ही अध्यक्ष रहेंगे। इस घोषणा से प्रदेश भाजपा में असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है। हालांकि अध्यक्ष बनने के बाद से ही पूनिया प्रदेश में संगठन को मजबूती देने में जुट हुए थे, लेकिन ताजा घोषणा से उनकी सक्रियता और बढ़ जाएगी। पिछले दिनों भाजपा में जो माहौल बना उससे प्रतीत हुआ है कि सितंबर में कार्यकाल पूरा होने पर पूनिया को हटा दिया जाएगा, लेकिन अरुण सिंह ने न केवल पूनिया को बनाए रखने की बात कही बल्कि संगठन महासचिव चन्द्रशेखर को भी अपने पद पर बनाए रखने की बात कही। चन्द्रशेखर की घोषणा से भी पूनिया विरोधियों को झटका लगा है, क्योंकि इन दोनों नेताओं में अच्छा तालमेल है। अब माना जा रहा है कि पिछले तीन वर्षों से पूनिया और चन्द्रशेखर ने संगठन का जो ढांचा खड़ा किया, उसी के अनुरूप विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार तय होंगे। राजस्थान में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं होगा, यह बात बड़े नेताओं ने पहले ही कह दी है। इसलिए चेहरे को लेकर संगठन में कोई विवाद नहीं है। पूनिया और अरुण सिंह भी कई बार कह चुके हैं कि अगला चुनाव कमल के फूल पर ही लड़ा जाएगा। जानकारों की मानें तो सतीश पूनिया ने कोई जिद करने के बजाए वो ही किया जो केंद्रीय नेतृत्व से इशारा मिला। कहा जा सकता है कि आज राजस्थान में भाजपा किसी एक नेता पर निर्भर नहीं है। भाजपा का नेतृत्व सामूहिक है। 
अजमेर उत्तर में मायूसी:
प्रभारी महासचिव अरुण सिंह ने यह भी घोषणा की है कि 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले भाजपाई भी विधानसभा का चुनाव लड़ सकेंगे। विगत दिनों प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने कहा था कि 70 वर्ष की उम्र होने पर वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। पूनिया ने यह तो नहीं कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र वालों को टिकट नहीं मिलेगा, लेकिन पूनिया की स्वयं की घोषणा से उन भाजपाइयों को एतराज था जो 70 वर्ष से अधिक के हैं। पूनिया की घोषणा पर अरुण सिंह ने कहा कि पूनिया का यह निजी विचार है। नेताओं के अनुभव से पार्टी को लाभ ही मिलता है। यानी अब 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले भी उम्मीदवार हो सकते हैं। अरुण सिंह की इस घोषणा से अजमेर विधानसभा क्षेत्र के अनेक भाजपाइयों को झटका लगा है। इस विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा समय में वासुदेव देवनानी भाजपा के विधायक हैं,  वासुदेव देवनानी लगातार चौथी बार इसी क्षेत्र से विधायक बने हैं, अलगे वर्ष देवनानी की उम्र 74 वर्ष हो रही है, इसलिए अनेक भाजपाई  वासुदेव देवनानी  की उम्मीदवारी खारिज कर स्वयं दावेदारी जता रहे हैं। ऐसा भाजपा नेताओं को लगा था कि देवनानी की अधिक उम्र के कारण उनका टिकट कटवाया जा सकता है। यही वजह रही कि करीब दो दर्जन भाजपा नेताओं ने टिकट मिलने का सपना देख लिया। कई नेता लाखों रुपया खर्च कर रातों रात समाजसेवा के कार्यों में जुट गए। हालांकि ऐसे नेताओं की सक्रियता को देखकर देवनानी मायूस नहीं हुए, देवनानी ने भी अपनी सक्रियता और बढ़ा दी है। अरुण सिंह की घोषणा से देवनानी के समर्थक उत्साहित हैं। अब तक यह तो हो गया है कि अधिक उम्र की वजह से देवनानी का टिकट नहीं कटेगा, जहां तक देवनानी की लोकप्रियता का सवाल है तो उसमें देवनानी ने पिछले 18 वर्षों से अपने क्षेत्र में संपर्क बनाए रखा है। देवनानी फुलटाइम राजनीतिज्ञ हैं। देवनानी भाजपा के शासन में दो बार मंत्री भी रह चुके हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि वाले देवनानी की पकड़ भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं से भी है।
S.P.MITTAL BLOGGER (12-08-2022)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...