मुझे हिटलर जैसा ढांचा दे दो, फिर बताता हूं चुनाव कैसे जीतते हैं। मोदी सरकार जितना हमला करेगी, उतना मुझे फायदा होगा-राहुल गांधी। राहुल गांधी की हौसला अफजाई के लिए राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत भी दिल्ली पहुंचे। जनता ने ही कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है-भाजपा।

देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर 5 अगस्त को कांग्रेस ने देश भर में विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन से पहले कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। एक पत्रकार ने राहुल गांधी से पूछा कि जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार लगातार चुनाव जीत रही है, तब देश में लोकतंत्र को खतरा क्यों बताया जा रहा है? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव तो हिटलर भी जीतता था। हिटलर ने जर्मनी की सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया था। यहां तक कि पैरा मिलिट्री पर भी हिटलर का नियंत्रण था। मुझे हिटलर जैसा ढांचा दे तो फिर बताता हंू कि चुनाव कैसे जीतते हैं। राहुल ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर आरएसएस और भाजपा के लोग काबिज हैं। इसलिए देश में लोकतंत्र खत्म हो गया है। मैं और कांग्रेस पार्टी देश में लोकतंत्र बचाने का काम करते रहेंगे। नेशनल हेराल्ड की दो हजार करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिकाना हक के हस्तांतरण पर ईडी की पूछताछ के संदर्भ में राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार मुझ पर जितना हमला करेगी, उतना मुझे फायदा होगा। मोदी सरकार को लगता है कि ईडी की पूछताछ से गांधी परिवार उर जाएगा। लेकिन मैं स्पष्ट कर देना चाहता हंू कि गांधी परिवार किसी से भी डरने वाला नहीं है। देश की रक्षा के लिए गांधी परिवार के सदस्यों ने बलिदान दिया है। आज बेरोजगारी और महंगाई से पूरा देश त्रस्त है। लेकिन दो-तीन उद्योगपति ही मालामाल हो रहे हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की ओर इशारा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चार व्यक्तियों का ही शासन है। राहुल ने कहा कि मेरी समस्या यह है कि मैं सच बोलता हूं, इसलिए मोदी सरकार मुझ पर हमला करती है।
गहलोत भी दिल्ली पहुंचे:
मोदी सरकार के खिलाफ होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन में राहुल गांधी की हौसला अफजाई के लिए पांच अगस्त को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी दिल्ली पहुंचे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी गहलोत राहुल के साथ मौजूद रहे।  सोनिया गांधी और राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के दिनों तक सीएम अशोक गहलोत दिल्ली में रहे थे। सीएम गहलोत जब दिल्ली में रहते हैं तो राजस्थान के कांग्रेसी कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंच जाते हैं।

जनता ने ही साथ छोड़ दिया:
राहुल गांधी के बाद भाजपा की ओर से भी पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी देश में लोकतंत्र को खतरा बता रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि जनता ने ही कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। पश्चिम बंगाल और पंजाब में कांग्रेस को भाजपा ने नहीं बल्कि टीएमसी और आम आदमी पार्टी ने हराया है। प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी क्या बोलते हैं यह उन्हें भी पता नहीं होता। राहुल गांधी में इतनी हिम्मत नहीं कि वह अकेले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सहे। पांच अगस्त को भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी के साथ अशोक गहलोत और जयराम नरेश जैसे पुराने कांग्रेसी बैठे थे। राहुल गांधी आज महंगाई की बात कर रहे हैं, जबकि कोरोना काल के बाद दुनिया भर में मंदी का दौर है। लेकिन इसके बावजूद भी भारत में 80 करोड़ जरूरतमंद व्यक्तियों को प्रतिमाह पांच किलो अनाज निशुल्क दिया जा रहा है। इतना ही नहीं कोरोना की 200 करोड़ डोज फ्री लगाई गई है। राहुल गांधी को देश की उपलब्धियां नहीं दिखती हैं। महंगाई और बेरोजगारी तो बहाना है। कांग्रेस धरना प्रदर्शन कर ईडी पर दबाव डालना चाहती है। गांधी परिवार को अपने घोटालों के बारे में देश को बताना चाहिए। 

S.P.MITTAL BLOGGER (05-08-2022)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...