पुष्कर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव पुराण कथा में श्रद्धालुओं को जूते चप्पल साथ लेकर बैठना होगा। अजमेर उत्तर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मेलन कर अब विधायक देवनानी ने दिखाई ताकत। 22 में से 19 पार्षद मौजूद। गुरु पूर्णिमा पर पुष्कर के जोगणिया धाम में प्रशिक्षित महिलाओं को सिलाई मशीनें दी।

सनातन संस्कृति के तीर्थ गुरु पुष्कर में पांच से 11 जुलाई तक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा होनी है। यह कथा प्रतिदिन दोपहर एक से चार बजे के बीच होगी। कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आयोजकों ने सतर्कता बरतने के अनेक निर्देश जारी किए हैं। बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और छोटे बच्चों से आग्रह किया है कि वे कथा अपने घर पर ही टीवी पर आस्था चैनल पर सुने। इस चैनल पर कथा का लाइव प्रसारण होगा। कथा स्थल के बाहर श्रद्धालुओं के जूते संग्रहण करने में भी असमर्थता प्रकट कर दी गई है। श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने साथ एक थैली लाए और कथा स्थल पर प्रवेश करने से पहले जूते चप्पल उतार कर थैली में रख ले। जूते चप्पल वाली थैली को साथ लेकर ही पांडाल में बैठे। श्रद्धालुओं को यह भी स्पष्ट किया गया है कि कथा स्थल पर पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। श्रद्धालु पानी की बोतल अपने घर से ही लाए। बाहर से आने वाले किसी भी श्रद्धालु के लिए भोजन की व्यवस्था आयोजन समिति की ओर से नहीं की गई है। चूंकि शिव पुराण कथा का आयोजन अजमेर के कारोबारी अमित कुमार खंडेलवाल करवा रहे हैं, इसलिए स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं वाले इंतजाम संबंधित परिवार को ही करने के लिए कहा है। स्थानीय प्रशासन कथा में आने वाले वीआईपी के इंतजामों को लेकर भी चिंतित है। अलबत्ता विधायक सुरेश रावत, आरटीडीसी के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने भरोसा दिलाया है कि कथा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगी। 
देवनानी का शक्ति प्रदर्शन:
चार माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अजमेर उत्तर क्षेत्र में भी राजनीतिक गतिविधियां जोरों पर है। विगत दिनों कई संभावित उम्मीदवारों ने अपने जन्मदिन पर सामूहिक भोजन का आयोजन कर शक्ति का प्रदर्शन किया। इनमें भाजपा की ओर से सुभाष काबरा, सुरेंद्र सिंह शेखावत, डिप्टी मेयर नीरज जैन आदि प्रमुख रहे तो वहीं कांग्रेस की ओर से महेंद्र सिंह रलावता ने भी अपनी ताकत दिखाई। कांग्रेस के मुकाबले भाजपा में टिकट मांगने वालों की लंबी लाइन है। इनमें सुनील दत्त जैन से लेकर हरीश गिदवानी तक शामिल हैं। भाजपा नेताओं की राजनीतिक गतिविधियों के बीच ही भाजपा के मौजूदा विधायक वासुदेव देवनानी ने भी दो जुलाई को कार्यकर्ताओं का संयुक्त सम्मेलन कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। देवनानी के प्रदर्शन में खास बात यह रही कि उत्तर क्षेत्र के 22 भाजपा पार्षदों में से 19 मौजूद थे। इसी प्रकार भाजपा संगठन से जुड़े अधिकांश कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। एक अनुमान के अनुसार करीब डेढ़ हजार कार्यकर्ताओं में भोजन ग्रहण किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के इस सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सीआर चौधरी मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद रहे। इसी प्रकार भाजपा के ओबीसी मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश भडाना तथा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। देवनानी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव जीतना है। उन्होंने कहा कि यह देश का सौभाग्य है कि नरेंद्र मोदी जैसा व्यक्तित्व देश का नेतृत्व कर रहा है। देवनानी ने इस अवसर पर स्वयं की उपलब्धियों के साथ साथ मोदी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। देवनानी के इस सम्मेलन से भाजपा के वे सभी नेता दूर रहे जो स्वयं दावेदारी प्रस्तुत कर रहे हैं। 
महिलाओं को सिलाई मशीन:
तीन जुलाई को पुष्कर स्थित जोगणिया धाम पर प्रशिक्षित महिलाओं को सिलाई मशीनों का नि:शुल्क वितरण किया गया। जोगणिया धाम के उपासक और ज्योतिषाचार्य भंवर लाल जी ने बताया कि जोगणिया धाम प्रभाती देवी चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सिलाई कार्य का प्रशिक्षण शिविर लगाया गया था। इस शिविर में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई का कार्य सिखाया गया। आमतौर पर यह देखा गया है कि प्रशिक्षित महिलाएं मशीन के अभाव में सिलाई का कार्य नहीं कर पाती है। इस समस्या को देखते हुए ट्रस्ट की ओर से सभी प्रशिक्षित महिलाओं को नि:शुल्क सिलाई मशीन भी उपलब्धि करवाई गई है। सिलाई मशीन के वितरण समारोह में उपस्थित पुष्कर के पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने कहा कि जोगणिया धाम के उपासक धार्मिक कार्यों के साथ साथ सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहते हैं। जिन महिलाओं को आज सिलाई मशीन मिली है, वे अब सिलाई का कार्य कर आत्मनिर्भर बन सकती है। इस अवसर पर धाम के उपासक भंवरलाल जी ने कहा कि कोरोना काल में जरुरतमंदों को खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई थी। ट्रस्ट जरुरतमंदों को समय समय पर आर्थिक सहयोग भी करता है। इसमें कोई दो राय नहीं कि थोड़े ही समय में जोगणिया धाम पुष्कर का एक प्रमुख धार्मिक और सामाजिक  स्थल के तौर पर उभरा है। इसमें धाम के उपासक भंवरलाल जी की सक्रिय भूमिका रही है। राजस्व मंडल में सांख्यिकी विभाग के निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए भंवरलाल जी अपनी पेंशन की राशि भी जरूरतमंदों के लिए खर्च कर देते हैं। इसे जोगणिया माता की कृपा ही कहा जाएगा कि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। जोगणिया धाम की गतिविधियों की और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9462429453 पर उपासक भंवरलाल जी से ली जा सकती है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (03-07-2023)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...