अब नहीं गिरेगा पुष्कर सरोवर में सीवरेज का पानी। अजमेर शहर का विकास कोटा की तर्ज पर होगा-धर्मेन्द्र राठौड़। अग्रवालों ने एकजुटता दिखाई तो अग्र कल्याण बोर्ड भी बना-अशोक पंसारी।

5 अक्टूबर को फर्स्ट इंडिया न्यूज चैनल और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में हुए एक कार्यक्रम में आरटीडीसी के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने कहा कि अब पुष्कर के पवित्र समारोह में सीवरेज का पानी नहीं गिरेगा। गंदे पानी को रोकने के लिए काम शुरू हो गया है। राठौड़ ने इस बात पर अफसोस जताया कि जिस सरोवर के पानी में श्रद्धालु स्नान कर पुण्य की प्राप्ति करते हैं उसी सरोवर में पिछले कई वर्षों से सीवरेज का गंदा पानी गिर रहा है। जिस पानी को लोग अमृत मानकर आचमन करते हैं उस पानी में यदि सीवरेज का पानी मिला हुआ तो श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। राठौड़ ने कहा कि जब उन्हें सीवरेज के पानी के गिरने की जानकारी हुई तो उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से आग्रह कर राशि स्वीकृत करवाई और अब पानी रोकने का काम शुरू हो गया है। राठौड़ ने कहा कि पुष्कर की पहचान पवित्र सरोवर और सृष्टि के रचयिता ब्रह्माजी के मंदिर से हैं, लेकिन इसे भी अफसोसनाक ही कहा जाएगा कि मंदिर की इमारत जर्जर हो गई। बरसात का पानी छत से मंदिर परिसर में टपकने लगा, लेकिन केंद्रीय पुरातत्व विभाग की अनुमति नहीं मिलने के कारण मंदिर की इमारत की मरम्मत का काम नहीं हुआ। इस संबंध में उन्होंने दिल्ली जाकर केंद्रीय कला एवं संस्कृति मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से मुलाकात की। उनके आग्रह पर ही मंत्री ने निर्देश देकर एएसआई से अनुमति दिलवाई। अब मंदिर परिसर की मरम्मत का काम हो रहा है] राठौड़ ने कहा कि वे पुष्कर की चौबीस कोसी परिक्रमा की परिधि में आने वाले नांद गांव के निवासी हैं। बचपन में वे पुष्कर सरोवर में तैरते थे। जो श्रद्धालु सरोवर में सिक्के डालते थे, उन्हें निकाल कर आइसक्रीम खाते थे। नांद गांव का मूल निवासी होने के कारण उनके मन में पुष्कर के लिए दर्द है। यही वजह है कि अब वे अपने राज्यमंत्री के पद के प्रभाव का इस्तेमाल कर समस्याओं का समाधान करवा रहे हैं। उन्हें इस बात का गर्व है कि जिस भूमि पर भगवान कृष्ण के पैर पड़े उस भूमि पर उनका जन्म हुआ। कृष्ण के आने की वजह से ही गांव का नाम नांद पड़ा। 
कोटा की तर्ज पर विकास:
राठौड़ ने कहा कि वे अजमेर शहर का विकास कोटा की तर्ज पर करवाना चाहते हैं। नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने अपने गृह नगर कोटा में जो विकास किया उसकी चर्चा आज पूरे प्रदेश में हो रही है। धारीवाल ने सिर्फ चंबल नदी पर ही विकास नहीं किया बल्कि शहर की सड़कों को ट्रैफिक लाइट फ्री बनाया। आज कोटा का यातायात न केवल सुगम हुआ है बल्कि दुर्घटना रहित भी है। उन्होंने कहा कि अजमेर शहर की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है, लेकिन इसका समुचित विकास नहीं हुआ। कहने को तो अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है, लेकिन शहर के अधिकांश क्षेत्रों में पांच दिन में एक बार पेयजल की सप्लाई हो रही है। असल में शहर में जो जनप्रतिनिधि रहे उन्होंने पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। यदि पूर्व में ही नई पाइप लाइन बिछाने और पानी स्टोरेज का काम हो जाता तो आज पेयजल की इतनी किल्लत नहीं होती। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीसलपुर पेयजल परियोजना के तृतीय चरण के कार्यों को जल्द मंजूरी दिलवाई जाएगी। इस कार्यक्रम में अजमेर नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता द्रौपदी कोली, पार्षद नौरत गुर्जर, हेमंत जोधा, कपिल सारस्वत, नितिन जैन के साथ साथ पूर्व जिला प्रमुख रामस्वरूप चौधरी, महेंद्र जादम आदि भी उपस्थित रहे। अजमेर के जिला लोक अभियोजन विवेक पाराशर, कर्मचारी नेता विनीत जैन, श्रेयांश जैन आदि ने अपने विचार भी रखे।  फर्स्ट इंडिया न्यूज चैनल के प्रभारी शुभम जैन ने मेहमानों का आभार जताया। 
अग्र कल्याण बोर्ड बना:
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक पंसारी ने कहा कि गत 23 जुलाई को प्रदेश भर के अग्रवालों का महाकुंभ जयपुर में हुआ। इस महाकुंभ में अग्रवाल समाज की समस्याओं को रखा गया और आगामी विधानसभा चुनाव में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग राजनीतिक दलों से की गई। महाकुंभ में कहा गया कि अग्रवाल समाज में भी गरीब परिवार है, उन्हें सहायता की जरूरत है। पंसारी ने कहा कि अग्रवाल समाज ने जो एकजुटता दिखाई उसी का परिणाम रहा कि अब राज्य सरकार ने अग्र कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बोर्ड अग्रवाल समाज की सामाजिक स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर समस्याओं का समाधान करवाएगा। बोर्ड को तथ्य जुटाने में अग्रवाल समाज के विभिन्न संगठन पूरा सहयोग करेंगे। बोर्ड के गठन के लिए पंसारी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, तकनीकी शिक्षा मंत्री सुभाष गर्ग, आरटीडीसी के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ आदि का आभार जताया। बोर्ड के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल ने 9414003159 पर अशोक पंसारी से ली जा सकती है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (06-10-2023)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...