अंता उपचुनाव में कांग्रेस का खेल बिगाड़ सकते हैं नरेश मीणा। डॉक्टर सतीश पूनिया की पुस्तक अग्निपथ नहीं, जनपथ का विमोचन 12 अक्टूबर को।

राजस्थान के अंता में विधानसभा का उपचुनाव 11 नवंबर को होना है। 21 अक्टूबर तक नामांकन होने हैं। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस के बागी नरेश मीणा ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। मीणा ने कहा कि वे 14 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस यदि उन पर भाजपा की बी टीम होने का आरोप लगाए तो कोई फर्क नहीं पड़ता। वे कांग्रेस विचारधारा के है, इसलिए कांग्रेस से टिकट मांगा था। यदि कांग्रेस उन्हें उम्मीदवार बनाती तो अंता में कांग्रेस की जीत तय थी। अब वे चुनाव जीतने के लिए लड़ेंगे। कांग्रेस ने अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली है। इसमें कोई दो राय नहीं कि अंता में नरेश मीणा का खासा प्रभाव है। मीणा की उम्मीदवारी कांग्रेस का खेल बिगाड़ सकती है। जहां तक घोषित कांग्रेसी उम्मीदवार प्रमोद जैन का सवाल है तो वह लगातार पांचवीं बार कांग्रेस के उम्मीदवार बने हैं। प्रमोद जैन ने वर्ष 2008 व 2018 में जीत हासिल की जबकि 2013 व 2023 में हार का सामना करना पड़ा। 2023 में प्रमोद जैन भाया भाजपा के उम्मीदवार कंवर लाल मीणा से 5811 मतों से पराजित हुए। मालूम हो कि मीणा को एक आपराधिक मामले में तीन वर्ष की सजा होने के कारण विधायक पद छोड़ना पड़ा। 
इसलिए अंता में उपचुनाव हो रहे है। नरेश मीणा के द्वारा चुनाव लड़ने की घोषणा से भाजपा के नेता उत्साहित है। माना जा रहा है कि अब अंता में भाजपा की जीत हो जाएगी। मौजूदा समय में भाजपा में सबसे प्रबल दावेदारी पूर्व मंत्री प्रभु दयाल सैनी की है। वर्ष 2013 में सैनी ने ही जीत दर्ज की थी। सैनी के साथ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, प्रधान प्रखर कौशल, पालिका अध्यक्ष रामेश्वर लाल खंडेलवाल आदि भी दावेदारी जता रहे हैं।
पुस्तक का विमोचन:
राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष रहे और मौजूदा समय में हरियाणा के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया की पुस्तक अग्निपथ नहीं जनपथ का विमोचन 12 अक्टूबर को प्रात: 11.15 बजे जयपुर में कांस्टीट्यूशन क्लब में होगा। विमोचन समारोह में मुख्यमंत्री पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया होंगे, जबकि अध्यक्षता विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी करेंगे। समारोह में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली और पूर्व प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ व भीलवाड़ा की जिला प्रमुख बरजी बाई भील मुख्य अतिथि होंगे। यह पुस्तक डॉ. सतीश पूनिया के विधायक कार्यकाल पर आधारित है। मालूम हो कि डॉ. पूनिया वर्ष 2018 से 2023 के कार्यकाल में आमेर से भाजपा के विधायक थे। तभी डॉ. पूनिया को विधानसभा में प्रतिपक्ष के उपनेता का पद भी मिला। उन्हीं दिनों पूनिया भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। 

S.P.MITTAL BLOGGER (09-10-2025)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9166157932To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...