पेड़ को बचाने के लिए रक्षा सूत्र बांधा। सफाईकर्मियों को दिए तुलसी के पौधे।

#1422
image
————————————-
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक पेड़ को बचाने के लिए कुछ लोगों ने अनोखा रास्ता अख्तियार किया। अजमेर के जेएलएन अस्पताल के परिसर में शारदा नर्सिंग होम के सामने अस्पताल का जो एक द्वार खोला गया है, उसी के लिए एक नीम के पेड़ को काटने के आदेश अस्पताल प्रबंधन ने दे दिए हैं जबकि पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन पेड़ को काटने के बजाय अस्पताल के गेट को थोड़ा आगे सरका सकता है। अस्पताल प्रबंधन के रूख को देखते हुए ही 5 जून को पर्यावरण प्रेमियों ने कटने वाले नीम के पेड़ पर रक्षा सूत्र बांधे और यह संकल्प लिया कि इस पेड़ को कटने नहीं दिया जाएगा। पर्यावरण प्रेमी अनंत भटनागर, राजकुमार नाहर, सुरेश माथुर, राजेन्द्र गांधी, केशवराम सिंघल, सिद्ध भटनागर, एसपी मित्तल आदि ने नीम के पेड़ को काटने को पर्यावरण विरोधी बताया। कहा गया कि जब पर्यावरण को बचाने के लिए एक-एक पेड़ महत्वपूर्ण है तब सिर्फ अस्पताल के गेट के लिए पेड़ को काटा जाना किसी भी दृष्टि में उचित नहीं है। पर्यावरण दिवस के अवसर पर ही अजमेर के वीके कौल नगर स्थित अम्बे विहार कॉलोनी में एक समारोह में नगर निगम के मेयर धर्मेन्द्र गहलोत, क्षेत्रीय पार्षद ज्ञान सारस्वत, तुलसी सोनी आदि ने चालीस सफाई कर्मचारियों को तुलसी के पौधे दिए। ग्रीन आर्मी संस्था के प्रमुख सिद्ध भटनागर की पहल पर हुए इस कार्यक्रम में यह माना गया कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने का सबसे बड़ा काम सफाई कर्मचारी ही करते है। यदि ये कर्मचारी सफाई का नियमित काम न करें तो जगह-जगह गंदगी के ढेर लग जाएंगे। तुलसी के पौधे देकर सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
(एस.पी. मित्तल) (5-06-2016)
(www.spmittal.in) M-09829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...