चीन के माल का बहिष्कार कर भारत को जापान जैसा बनना चाहिए। संघ के प्रांत कार्यवाह राजेन्द्र पामेचा ने कहा।

#1840
चीन के माल का बहिष्कार कर भारत को जापान जैसा बनना चाहिए। संघ के प्रांत कार्यवाह राजेन्द्र पामेचा ने कहा।
=======================
11 अक्टूबर को विजयादशमी पर अजमेर के सुभाष बाग में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का शस्त्र पूजन कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने तलवार, बन्दूक, ढाल, तीर आदि शस्त्रों की विधिवत पूजा की और राष्ट्र की एकता और अखण्डता का संकल्प लिया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में स्वयंसेवकों को संबोधित करते संघ के चित्तौड़ प्रांत के प्रांत कार्यवाह राजेन्द्र पामेचा ने कहा कि अमरीका ने 1945 में जापान पर परमाणु बम गिराया था। आज 70 वर्ष बाद भी कोई भी जापानी अमरीका का माल नहीं खरीदता है, जापान के नागरिकों में देशभक्ति कूट-कूट कर भरी हुई है। क्या ऐसी देशभक्ति भारत के नागरिक चीन के माल का बहिष्कार कर नहीं दिखा सकते? हम सब जानते हैं कि चीन प्रतिवर्ष भारत में 50 हजार करोड़ रुपए का माल बेचता है। इससे जो लाभ होता है उससे पाकिस्तान को हथियार देता है और फिर आतंकी भारत पर आतंकी हमले करते हैं। यानि चीन हमारे ही धन से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। पामेचा ने इस बात पर अफसोस जताया कि शहरी क्षेत्रों में माता-पिता इसाई मिशनरी के कान्वेंट स्कूलों में बच्चों को पढ़ाते है, फलस्वरूप हमारे बच्चे भारतीय संस्कृति के अनुरूप तैयार नहीं होते। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि संघ के तृतीय वर्ष उत्तीर्ण युवा ने आज पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है। पीओके पर हमले के बाद तो सभी देश भारत की ताकत को स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1925 में संघ की स्थापना के समय डॉ. हैडगवार ने हिन्दु राष्ट्र का जो सपना देखा था, उस ओर हम तेजी से बढ़ रहे हैं। उस समय स्वयं को हिन्दु कहने में डर लगता था, लेकिन आज गर्व महसूस होता है। इसके पीछे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का कामकाज और सोच है। उन्होंने कहा कि अब स्वयं सेवकों का ग्रामीण क्षेत्रों में भी विस्तार हो रहा है। 6 गांव का एक मंडल बनाकर ग्रामीणों से संपर्क किया जा रहा है। स्वयं सेवकों को चाहिए कि वे किसान और दलित वर्ग के लोगों को अपने घरों पर भोजन कराए और संघ की विचारधारा के बारे में बताएं। आज देश के जो हालात है, उसमें संघ की सोच ही देश की एकता और अखण्डता को बनाए रख सकती है। पूर्वोत्तर राज्य हो या कश्मीर, जहां-जहां भी हिन्दुओं की संख्या कम हुई है या नहीं है वहां अलगाववाद और आतंकवाद पनपा है। आज कश्मीर में आए दिन आतंकी घटनाएं इसलिए हो रही है कि हिन्दुओं को पीट-पीट कर भगा दिया गया है। आज देश में 200 से ज्यादा आतंकी संगठन सक्रिय है, इसमें से 100 संगठन अकेले कश्मीर में सक्रिय है। देश की एकता और अखण्डता को बनाए रखने में राजनीतिक इच्छा शक्ति भी जरूरी है। संघ ने जिस विचारधारा को मजबूत किया, उसी का परिणाम है कि आज देश में राजनीतिक इच्छाशक्ति मजबूत हो गई है। आज दुनिया के किसी भी देश में हिम्मत नहीं की वह भारत की ओर आंख उठाकर देख ले। समारोह में अजयमेरु महानगर के संघ चालक सुनील दत्त जैन, विभाग संघचालक बसन्त विजयवर्गीय, सह संघचालक जगदीश राणा उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र लालवानी ने किया।
(एस.पी. मित्तल) (11-10-2016)
नोट- फोटोज मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
(www.spmittal.in) M-09829071511
www.facebook.com/SPMittalblog

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...