अजमेर जिले में ऑक्सीजन और रेमडेसिवीर इंजेक्शन की कोई कमी नहीं है-कलेक्टर राजपुरोहित। ऑक्सीजन की उपलब्धता में गड़बड़ी करने वाले अस्पतालों पर कार्यवाही की जा रही है। गेगल के जीडी बढ़ाया अस्पताल में कोविड के मरीज भर्ती नहीं हो सकेंगे। 18 वर्ष की उम्र वालों को वैक्सीन लगना शुरू। जागरूकता और संयम की जरुरत। भाजपा विधायक देवनानी ने परिवार आरोग्य किट का वितरण किया।

अजमेर जिले के अस्पतालों में ऑक्सीजन और रेमडेसिवीर इंजेक्शन की मारामारी के बीच जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने कहा है कि ऑक्सीजन और इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में मौजूदा समय में 1250 मरीज भर्ती हैं। इन सभी मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रशासन के पास एक हजार 400 बेड की सुविधा उपलब्ध है। इन सभी बेड पर मरीज को ऑक्सीजन देने में प्रशासन समर्थ है। इसी प्रकार जिले में प्रतिदिन 600 मरीजों को रेमडेसिवीर इंजेक्शन लगाया जा रहा है। इंजेक्शन मरीज को चिकित्सकों की सलाह पर लगाया जाता है। इंजेक्शन और ऑक्सीजन की उपलब्धता पर सरकार के दिशा निर्देशों के अनुरूप प्रशासनिक अधिकारी निगरानी रखे हुए हैं। गत 26 अप्रैल को सरकार ने जो आदेश जारी किया था, उसके अनुसार प्रत्येक अस्पताल पर प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। यह अधिकारी अस्पतालों में भर्ती मरीज ऑक्सीजन की सप्लाई आदि पर नजर रखते हैं। अब सरकार के दिशा निर्देशों के अनुरूप ही अस्पतालों में मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को घबराने की जरूरत नहीं है। जिस मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत होगी, उसे अवश्य ही ऑक्सीजन लगाया जाएगा। इसी प्रकार रेमडेसिवीर इंजेक्शन भी जरूरतमंद मरीजों को लगाया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि गेगल स्थित जीडी बढाया अस्पताल में ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर शिकायत मिली थी। इसी आधार पर अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा की टीम ने जांच पड़ताल की। अस्पताल में कोविड के 25 मरीज भर्ती थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की ओर से रोजाना 70 ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग की जा रही थी। इस स्थिति को देखते हुए अब इस अस्पताल में कोविड मरीजों की भर्ती पर रोक लगा दी गई है। कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन का पूरा प्रयास है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को ऑक्सीजन उपलब्ध कराया जाए। जिन मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिल रही है, लेकिन उन्हें घर पर ऑक्सीजन की जरूरत है, उन्हें भी ऑक्सीजन सिलेंडर घर पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके लिए कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में आवेदन कर सकता है। कई बार देखा गया है कि व्यक्ति एक से अधिक सिलेंडर लेने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि जो मरीज घर पर ऑक्सीजन का उपयोग कर रहे हैं, उन्हें समय समय पर चिकित्सकों की राय लेते रहना चाहिए। ऑक्सीजन कितनी मात्रा में और कितना समय लिया जाए इस पर भी चिकित्सकों की राय ली जाए। जिन मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर की जरुरत न हो वे तत्काल प्रभाव से सिलेंडर को संबंधित एजेंसी पर जमा करवा दे। बेवजह सिलेंडर को घर पर रखने से अन्य मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वैक्सीन लगना शुरू:
जिला कलेक्टर राजपुरोहित ने बताया कि एक मई से अजमेर में भी 18 वर्ष की उम्र वाले युवाओं को वैक्सीन लगाने का काम शुरू हो गया है। एक मई को पंचशील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर युवाओं को वैक्सीन लगाई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की उपस्थिति में दौलतपुरा के सुखपाल और अजमेर शहर के वार्ड 45 निवासी ललित कुमार चांदवानी को वैक्सीन लगाकर शुभारंभ किया गया। वैक्सीन सरकार की ओर से नि:शुल्क लगाई जा रही है। कलेक्टर ने बताया कि वैक्सीन लगवाने के लिए युवाओं को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी है। रजिस्ट्रेशन नम्बर के आधार पर ही वैक्सीन लगाई जाएगी।
आरोग्य किट का वितरण:
अजमेर उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने 1 मई से अपने निर्वाचन क्षेत्र में परिवार आरोग्य किट का वितरण शुरू किया है। देवनानी ने बताया कि इस किट में आयुर्वेद से जुड़ी गिलोय वटी की 40 गोलियां, विटामिन सी की 15 गोलियां, जिंक की 15 गोलियां तथा पौष्टिक काढ़े का पैकेट रखा गया है। पहले चरण में दो हजार किट लोगों के घरों तक पहुंचाए जा रहे हैं। जरुरत होने पर अन्य परिवारों को भी आरोग्य किट उपलब्ध करवाए जाएंगे। देवनानी ने बताया कि उनके फॉयसागर रोड स्थित निवास स्थान पर विधायक सेवा केन्द्र भी खुला हुआ है। इस सेवा केन्द्र के माध्यम से भी कोरोना काल में लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आरोग्य किट से लोगों की इम्युनिटी पावर बढ़ेगी। 
S.P.MITTAL BLOGGER (01-05-2021)Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9602016852To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...