सीपी जोशी के पद ग्रहण समारोह में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के समर्थक भी शामिल। लंबे अर्से बाद ओंकार सिंह लखावत ने भी सक्रियता दिखाई।

चित्तौड़ के सांसद सीपी जोशी ने 27 मार्च को जयपुर स्थित भाजपा कार्यालय में राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष का कार्य भार संभाल लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे दतिया में नवरात्र की पूजा में व्यस्त रही, लेकिन राजे ने वर्जुअल तकनीक से जुड़ी और सीपी को अपनी शुभकामनाएं दी। समारोह में राजे समर्थक नेता और विधायक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जोशी 27 मार्च की सुबह दिल्ली से सड़क मार्ग से जयपुर के लिए रवाना हुए। राजस्थान की सीमा में जोशी का जगह जगह भव्य स्वागत किया गया। जोशी के वाहन में केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी,सांसद पीपी चौधरी राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और बाबा बालक नाथ मौजूद रहे। पद ग्रहण समारोह में प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के सांसद ओम माथुर, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। निवर्तमान अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जोशी को सहयोग करेगा। आज प्रदेश में भाजपा संगठन मजबूत स्थिति में खड़ा है। वहीं पद ग्रहण के बाद जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं का सहयोग लेकर विधानसभा का चुनाव जीता जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जनता तैयार है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही अगले वर्ष होने वाले लोकसभा के चुनाव में प्रदेश की सभी 25 सीटें जीती जाएंगी। 
मोर्चा ने भी किया स्वागत:
भाजपा के सभी सातों ने मोर्चा के पदाधिकारियों ने भी जोशी का भव्य स्वागत किया। ओबीसी मोर्चे के प्रदेश अयक्ष ओम प्रकाश भडाणा के नेतृत्व में भी अलग से स्वागत मंच बनाकर जोशी का अभिनंदन किया गया। भडाणा ने उम्मीद जताई कि जोशी के नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी। 
लखावत भी सक्रिय:
जोशी के पद ग्रहण के अवसर पर भाजपा की अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत भी सक्रिय नजर आए। पिछले दो तीन वर्षों से अस्वस्थ होने के कारण लखावत भाजपा की राजनीति में सक्रिय नहीं थे। लेकिन 27 मार्च को लखावत पूरे जोश के साथ भाजपा कार्यालय में उपस्थित रहे। लखावत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जितना महत्व एक कार्यकर्ता है उतना ही बड़े से बड़े नेता का भी है। राजनीतिक दृष्टि से लखावत की उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मालूम हो कि भाजपा के दो बार के कार्यकाल में लखावत राजस्थान धरोहर संरक्षण प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष रहे हैं। लखावत ने प्रदेश भर में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (27-03-2023)
Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...