बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना की कहावत को चरितार्थ कर रहे है राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत। अपनी कांग्रेस के बजाए भाजपा की पंचायती कर रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चाहते हैं कि भजनलाल शर्मा राजस्थान में भाजपा सरकार के पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे, लेकिन गहलोत के पास ऐसी सूचनाएं है कि भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए भाजपा में बड़ा षडय़ंत्र हो रहा है। भाजपा में हो रहे षडय़ंत्र को लेकर अशोक गहलोत चिंतित हैं। उनका कहना है कि वे भजनलाल शर्मा को आगाह कर रहे है कि षडय़ंत्रकारियों से सावचेत रहे। सवाल उठता है कि गहलोत तो कांग्रेस के नेतो है तो फिर भाजपा की पंचायत क्यों कर रहे हैं? भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री रहे या नहीं इसको लेकर गहलोत क्यों चिंतित हो रहे हैं। शर्मा को मुख्यमंत्री के पद से हटाने की जानकारी गहलोत को कहां से मिली, यह तो वही बता सकते हैं, लेकिन भाजपा में शर्मा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोई हिम्मत नहीं कर सकता। क्योंकि शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का खुला संरक्षण है। गहलोत कुछ भी कहे, लेकिन डेढ़ वर्ष पहले वसुंधरा राजे जैसे नेताओं की दावेदारी को खारिज करते हुए पहली बा रके विधायक भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया गया। भाजपा ने ऐसा ही प्रयोग गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीासा तक में किया। अशोक गहलोत को शायद मोदी और शाह की कार्यशैली की समझ नहीं है, इसलिए वे भजनलाल शर्मा के खिलाफ षडय़ंत्र की बातें कर रहे हैं। जबकि जगजाहिर है कि भजनलाल शर्मा बिना किसी डर और दबाव के मुख्यमंत्री का काम कर रहे है। राजस्थान में भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल जैसे सांसद केंद्र में मंत्री हैं, लेकिन इन दबंग मंत्रियों का भी भजनलाल शर्मा के कामकाज पर कोई दखल नहीं है। भाजपा के सभी दबंग नेताओं को अच्छी तरह पता है कि भजनलाल शर्मा पीएम मोदी और अमित शाह की पसंद है, इसलिए किसी प्रकार का षडय़ंत्र नहीं हो सकता। भाजपा की राजनीति में शर्मा की इतनी मजबूत पकड़ होने के बाद भी अशोक गहलोत को षडय़ंत्र की खबरें मिल रही है। गहलोत को अपनी कांग्रेस पार्टी की चिंता करनी चाहिए, लेकिन उनकी चिंता भाजपा के मुख्यमंत्री को लेकर है। यही वजह है कि अशोक गहलोत बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना वाली कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं।
S.P.MITTAL BLOGGER (30-06-2025)Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9166157932To Contact- 9829071511