सेवानिवृत्ति के जश्न से रावत महासभा के अध्यक्ष डॉ. शैतान सिंह को पुष्कर से भाजपा उम्मीदवारी की आस।

राजस्थान रावत महासभा के अध्यक्ष डॉ. शैतान सिंह रावत गत 15 मार्च को राजकीय सेटेलाइट अस्पताल आदर्श नगर अजमेर के मुख्य चिकित्साधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन इस सेवानिवृत्ति का जश्न 9 अप्रैल को अजमेर के बड़लिया चौराहा स्थित केसर रिसोर्ट में मनाया जा रहा है। आमतौर पर सरकारी सेवा से रिटायर होने वाला कार्मिक अधिकतम एक हजार व्यक्तियों का भोजन रखता है, लेकिन डॉ. शैतान सिंह ने एक हजार में एक जीरो और बढ़ा कर सामूहिक भोज का आयोजन किया है। यह भोजन सायं चार बजे से शुरू होगा जो देर रात तक चलेगा। सेवानिवृत्ति के जश्न के कार्ड पूरे पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में वितरित किए हैं। इसमें कोई दो राय नहीं कि सामाजिक क्षेत्र में शैतान सिंह ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। चीता मेहरात में घर वापसी हो या फिर रावत महासभा के माध्यम से संपूर्ण मगरा क्षेत्र में रावत समाज के लोगों को एकजुट करने का कार्य हो। सभी में शैतान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। छोटे भाई ज्ञान सिंह भी बड़लिया के सरपंच हैं। मौजूदा समय में पुष्कर से भाजपा के सुरेश सिंह रावत ही विधायक है। सुरेश सिंह के लगातार दो बार विधायक बनने का कारण पुष्कर के रावत मतदाता भी है। रावत महासभा की सक्रियता भी सबसे ज्यादा पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में है। शैतान सिंह ने विधानसभा का चुनाव भाजपा उम्मीदवार के तौर पर लड़ने की मंशा रावत महासभा के पदाधिकारियों को भी बता दी है। जानकार सूत्रों के अनुसार शैतान सिंह को भाजपा के केंद्रीय नेताओं का भी समर्थन प्राप्त है। रावत महासभा का कार्यक्षेत्र अजमेर, भीलवाड़ा, पाली, नागौर और जोधपुर तक है। यानी रावत महासभा इन जिलों के कई विधानसभा क्षेत्रों में प्रभावित करती है। डॉ. शैतान सिंह का पूरा परिवार पढ़ा लिखा है। पत्नी डॉ. प्रीति सिंह अजमेर के डीएवी कॉलेज में लेक्चरर हैं तो बेटा डॉक्टर है। भाई भी रेलवे में इंजीनियर हैं। डॉ. शैतान सिंह के चुनाव लड़ने की मंशा का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि साढ़े छह साल पहले ही स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति ली है। विधानसभा के चुनाव नवंबर में होने हैं। सेवानिवृत्ति के सामूहिक भोज में हिन्दू समाज के साधु संतों और बड़े राजनेताओं को भी आमंत्रित किया है। सेवानिवृत्ति के जश्न को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं डॉ. शैतान सिंह को मोबाइल नंबर 9414008177 पर दी जा सकती है। वहीं रावत महासभा से जुड़े एडवोकेट सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि महासभा रावत समाज के लिए उल्लेखनीय  कार्य कर रही है। डॉ. शैतान सिंह के नेतृत्व में अनेक सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाई गई है तो जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मदद भी दी जाती है। कोराना काल में डॉ. सिंह सरकारी अस्पतालों में समाज के लोगों को मदद दिलवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सरल स्वभाव वाले शैतान सिंह की रावत सर्किल में सेवाभावी की छवि है। महासभा की गतिविधियों की और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9460074818 पर एडवोकेट सुरेंद्र सिंह रावत से ली जा सकती है। 


S.P.MITTAL BLOGGER (08-04-2023)

Website- www.spmittal.inFacebook Page- www.facebook.com/SPMittalblogFollow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11Blog- spmittal.blogspot.comTo Add in WhatsApp Group- 9929383123To Contact- 9829071511

Print Friendly, PDF & Email

You may also like...